Thursday, July 2, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home Blog Page 9

सौतेले बेटे पर सत्ता का रौब दिखाने का आरोप, महिला बोली- घर, जमीन और सम्मान छीनने की साजिश, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकियों से दहशत में परिवार

0

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले से एक महिला की पारिवारिक प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता सुखवंती सोनवानी ने आरोप लगाया है कि पति की पहली पत्नी के बच्चों द्वारा वर्षों से उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट, अभद्र व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना की जा रही है। महिला का कहना है कि उसे लगातार यह कहकर अपमानित किया जाता है कि इस घर और पुश्तैनी संपत्ति में उसका कोई अधिकार नहीं है। इतना ही नहीं, विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं और घर से निकालने की कोशिश की जाती है। पीड़िता ने थाना प्रभारी से शिकायत कर सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता सुखवंती सोनवानी के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2013 में देवकरण सोनवानी से हुई थी। देवकरण की पहली पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था, जिनसे चार बच्चे हैं। वर्तमान में सुखवंती और देवकरण के भी दो बच्चे हैं। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही सौतेले बेटे और अन्य परिजन उसे स्वीकार नहीं कर पाए और लगातार प्रताड़ित करते रहे।

शिकायत के अनुसार, 26 जून 2026 को शाम करीब आठ बजे जब सुखवंती अपने घर में खाना बना रही थी, तभी उसका सौतेला बेटा सुनील सोनवानी घर में घुस आया और कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। महिला का आरोप है कि उसके कपड़े खींचने की कोशिश की गई, उसके साथ अभद्र हरकत की गई और उसे अपमानित करते हुए चरित्र पर भी गंभीर आरोप लगाए गए। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से डंडा और टंगिया लेकर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी।

पीड़िता का आरोप है कि सुनील सोनवानी के साथ सुखसुंदर सोनवानी, मुखचंद सोनवानी और अन्य परिजन भी आए दिन उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करते हैं। उसे बार-बार कहा जाता है कि इस मकान और खेत में उसका कोई हिस्सा नहीं है तथा उसे और उसके बच्चों को घर से निकाल दिया जाएगा। महिला का कहना है कि उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, जिससे वह भय के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर है।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसका सौतेला बेटा सुनील सोनवानी उपसरपंच है और अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर शिकायतों को दबवा देता है। पीड़िता का कहना है कि कई बार थाने में शिकायत करने के बावजूद प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण उसे न्याय नहीं मिल पाया। उसने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष पुलिस पर प्रभाव डालकर कार्रवाई रुकवा देता है, जिसके कारण उसका परिवार लगातार असुरक्षा की स्थिति में जी रहा है।

सुखवंती सोनवानी का कहना है कि उसके आगे-पीछे कोई सहारा नहीं है और वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रही है। उसने प्रशासन से मांग की है कि उसकी शिकायत की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे और उसके बच्चों को सुरक्षा तथा न्याय मिल सके।

फिलहाल पुलिस ने महिला की शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जींद में खाटू श्याम के दर्शन के लिए जा रहे परिवार को ट्रक ने रौंदा, 3 की मौत, 2 की हालत गंभीर

0

कार के आगे एक आवारा पशु आ गया था, पशु को बचाने के प्रयास में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। सभी कार सवार वाहन को सड़क किनारे खडा करके नीचे उतर कर कार की स्थिति को देखने लगे। इस दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक कैंटर ने सड़क किनारे खडी इस कार को जोरदार टक्कर मार दी।
जींद के गांव लजवाना के पास 152डी हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा उस समय हुआ, जब करनाल से खाटू श्याम के दर्शन के लिए जा रहा परिवार सड़क किनारे अपनी कार रोककर खड़ा था। तभी पीछे से आए तेज रफ्तार कैंटर ने कार को टक्कर मार दी और कार के ऊपर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार करनाल निवासी धर्मपाल, राजकुमार, स्वीटी, नीतू और रितू ग्रैंड विटारा कार में सवार होकर खाटू श्याम के दर्शन के लिए जा रहे थे। जब उनकी कार जींद के गांव लजवाना के पास 152 डी हाईवे पर पहुंची तो अचानक सामने एक आवारा पशु आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद सभी कार सवार वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर नीचे उतरकर कार की स्थिति देखने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कैंटर ने सड़क किनारे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर कार के ऊपर पलट गया और दोनों वाहन सड़क से नीचे खेतों में जा गिरे। हादसे में धर्मपाल (43), राजकुमार (50) और स्वीटी (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नीतू और रितू गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घायल पीजीआईएमएस रोहतक रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही आस पास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और राहत टीम ने क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुलाना ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल जींद के शवगृह में रखवाया गया है।

कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की शुरुआत सड़क पर अचानक आए आवारा पशु से हुई, जिसके कारण कार क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसी बीच पीछे से आए कैंटर चालक ने संतुलन खो दिया और कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही हाईवे पर आवारा पशुओं की समस्या को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि इससे पहले भी ऐसे कई हादसे सामने आ चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घायलों का इलाज रोहतक पीजीआई में जारी है। एक धार्मिक यात्रा पर निकले परिवार के लिए यह सफर कुछ ही पलों में मातम में बदल गया, जिसने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और हाईवे पर आवारा पशुओं की समस्या को गंभीरता से सामने ला दिया।

देशभक्ति का संदेश लेकर सामने आए छतरपुर के बलबिन्द्र यादव, युवाओं से राष्ट्रहित में एकजुट होने की अपील

0

 

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के निवासी बलबिन्द्र यादव इन दिनों अपने देशभक्ति से जुड़े संदेश को लेकर चर्चा में हैं। वार्ड 1, सिद्धेश्वर कॉलोनी, नारायणपुरा रोड निवासी बलबिन्द्र यादव का कहना है कि देश की सुरक्षा केवल सेना और सुरक्षा बलों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी यह नैतिक कर्तव्य है कि वह राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

बलबिन्द्र यादव ने अपने संदेश में देशवासियों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखें तथा किसी भी ऐसी गतिविधि से दूर रहें जो देश के हितों के विरुद्ध हो। उनका कहना है कि जब प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेगा, तभी भारत और अधिक मजबूत तथा सुरक्षित राष्ट्र बन सकेगा।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक सोच फैलाने, समाज में जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए करें। उनके अनुसार देश की प्रगति तभी संभव है जब नागरिक आपसी भाईचारे, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ें।

बलबिन्द्र यादव चाहते हैं कि उनका यह संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे ताकि देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना मजबूत हो सके। उनका मानना है कि देश की रक्षा केवल सीमाओं पर ही नहीं, बल्कि समाज में शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने से भी होती है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। यदि हर नागरिक राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर कार्य करे तो भारत विकास, सुरक्षा और एकता के नए आयाम स्थापित कर सकता है।

क्या डेटिंग ऐप पर हैं जैकी भगनानी? रकुल संग ‘सिचुएशनशिप’ वाले बयान पर मचा था हंगामा, अब वायरल हो रहा स्क्रीनशॉट

0

जैकी भगनानी ने इस साल अप्रैल में एक यूट्यूब चैनल से बात करते हुए अपने और रकुल प्रीत की शादी और रिश्ते पर बात करते हुए कहा था कि, ‘रकुल और मेरी शादी हो चुकी है, लेकिन अब भी हमारा रिश्ता ‘सिचुएशनशिप’ जैसा है।’
जैकी भगनानी इस साल अप्रैल में अपने एक बयान को लेकर खूब चर्चा में रहे। दरअसल, एक्टर ने एक यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अपने रिश्ते की ताजगी बयां की थी। इसी दौरान उन्होंने कहा था कि ‘शादी के बाद भी मेरा और रकुल का रिश्ता सिचुएशनशिप जैसा है।’ बस फिर क्या था, जैसे ही ये बयान चर्चा में आया लोग जैकी भगनानी के पीछे पड़ गए और अब अभिनेता एक बार फिर चर्चा में हैं और इस बार भी वह गलत वजह से ही सुर्खियों में हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक डेटिंग ऐप का स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है, जिसे देखने के बाद लोग इस सोच में पड़ गए हैं कि कहीं रकुल प्रीत से शादी के बाद भी तो वह डेटिंग ऐप पर नहीं हैं।
डेटिंग ऐप पर जैकी नाम की प्रोफाइल
हाल ही में एक रेडिट यूज़र ने एक यूट्यूब वीडियो का स्क्रीनशॉट शेयर किया है, जिसमें दावा किया गया है कि जैकी ‘राया’ (Raya) नाम के एक एक्सक्लूसिव डेटिंग ऐप पर एक्टिव हैं। वायरल हो रहे स्क्रीनशॉट में ‘जैकी’ नाम की प्रोफाइल दिख रही है, जिसमें जैकी भगनानी की फोटो भी लगी है। बायो में ‘एक्टर/प्रोड्यूसर’ लिखा है और लोकेशन लंदन, यूके दिखाई गई है। ये स्क्रीनशॉट वायरल होते ही जैकी भगनानी के फैंस हैरानी में पड़ गए हैं।

क्या सच में डेटिंग ऐप पर हैं जैकी भगनानी?
इस स्क्रीनशॉट के वायरल होने पर सोशल मीडिया यूजर भी हैरान हैं और इस सोच में पड़ गए हैं कि क्या जैकी शादी के बाद भी डेटिंग ऐप पर एक्टिव हैं। वहीं कई ने उनके सिचुएशनशिप वाले बयान की चर्चा भी शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर इस प्रोफाइल की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि राया एक खास मेंबरशिप बेस्ड डेटिंग ऐप है, जिसके लिए यूजर्स को अप्लाई करना पड़ता है और एप्लीकेशन को तभी मंजूरी मिलती है जब इसका रिव्यू हो जाता है। इसीलिए ये ऐप कई सेलेब्स और हाई-प्रोफाइल लोगों के बीच लोकप्रिय है।

जैकी भगनानी का ‘सिचुएशनशिप’ वाला बयान
महीने पहले जैकी भगनानी अपने ‘सिचुएशनशिप’ वाले अपने बयान को लेकर सुर्खियों में थे। इस साल अप्रैल में ही जैकी ने एक YouTube चैनल से बात करते हुए कहा था, ‘मेरी और रकुल की अब शादी हो चुकी है, लेकिन अब भी हम एक तरह की सिचुएशनशिप में हैं। बेशक अब हमारी शादी हो चुकी है और हम एक-दूसरे के प्रति कमिटेड हैं, लेकिन हमारे रिश्ते की खासियत ये है कि मैं रकुल से किसी भी चीज के बारे में बात कर सकता हूं।’ एक्टर का ये बयान देखते ही देखते चर्चा में आ गया और इसकी जमकर आलोचना होने लगी, जिसके बाद रकुल ने साफ किया कि उनके कमेंट का गलत मतलब निकाला जा रहा है।

आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 में टीम इंडिया को क्यों मिली हार? अभिषेक शर्मा ने बताया कारण

0

इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। अभिषेक शर्मा ने बताया कि इस मैच में क्यों टीम इंडिया को हार मिली है।
बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मैच में टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ 34 रनों से हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में टीम इंडिया के बल्लेबाजों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। अभिषेक शर्मा को छोड़कर कोई भी भारतीय बल्लेबाज इस मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाया। भारत की इस हार की कई वजहें बताई जा रही हैं। कोई बल्लेबाजों को जिम्मेदार मान रहा है, तो कोई गेंदबाजों को। लेकिन टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा ने आयरलैंड के कंडीशन्स को इस हार के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उनके मुताबिक, भारतीय टीम वहां के माहौल में खुद को ढाल नहीं पाई, जिसकी वजह से टीम को हार का सामना करना पड़ा।

पहले टी20 में मिली हार को लेकर अभिषेक शर्मा ने क्या कहा?
बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिषेक शर्मा ने कहा कि हमारे लिए सबसे जरूरी यह है कि हम कितनी जल्दी वहां के मौसम और पिच (परिस्थितियों) के हिसाब से खुद को ढालते हैं। जब मैच एक के बाद एक लगातार हो रहे हों, तो पूरी टीम को मिलकर जल्दी से तालमेल बिठाना पड़ता है। चाहे प्रैक्टिस सेशन हो या मैच, हमें हालात को जल्दी समझना होगा। आज भी हम यही कोशिश कर रहे थे, लेकिन बदकिस्मती से ऐसा हो नहीं पाया।

अभिषेक शर्मा ने पहले टी20 में की शानदार बैटिंग
इंडिया और आयरलैंड के बीच खेले गए मैच की बात करें तो आयरिश टीम ने पहले बैटिंग करते हुए भारत के सामने 183 रनों का टारगेट रखा था। इस स्कोर का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा ने 19 गेंदों पर 49 रनों की पारी खेली, लेकिन वहां उन्हें दूसरे छोर से किसी का साथ नहीं मिला और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अंत में टीम इंडिया 20 ओवर बैटिंग नहीं कर पाई और 148 रनों पर सिमट गई। अब देखना ये होगा कि दूसरे टी20 मैच में टीम इंडिया वापसी कर पाती है या नहीं।

सीरीज बचाने के इरादे से उतरगी टीम इंडिया
भारत और आयरलैंड के बीच दूसरा टी-20 मैच 28 जून को खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम सीरीज हार के बचने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। चूंकि यह सीरीज सिर्फ दो मैचों की है, इसलिए भारतीय टीम अब इस सीरीज को अपने नाम नहीं कर सकती है। पहला मैच हारने के बाद टीम इंडिया पर सीरीज हारने का बड़ा खतरा है। ऐसे में टीम इंडिया दूसरे टी20 में जोरदार वापसी करते हुए हर हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी। बता दें कि बतौर कप्तान यह श्रेयस के लिए पहली टी20 सीरीज

हिमाचल में प्रदर्शन के दौरान बीजेपी सांसद हर्ष महाजन की बिगड़ी तबीयत, लड़खड़ाकर गिरे; वीडियो आया सामने

0

प्रदर्शन के दौरान बीजेपी के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की तबीयत अचानक खराब हो गई। वह गिर पड़े। सांसद से जुड़े लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया है। फिलहाल इलाज जारी है।
हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की शनिवार को शिमला में अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह शिमला के डीसी ऑफिस के बाहर भारतीय जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे। यह प्रदर्शन बीडीसी चेयरमैन और जिला परिषद चेयरमैन के गठन में कथित देरी के विरोध में आयोजित किया गया था।

चक्कर आने से लड़खड़ाकर गिरे

प्रदर्शन समाप्त होने के बाद हर्ष महाजन ने मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। इसके बाद जब बीजेपी विधायक बलवीर वर्मा पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे, तब हर्ष महाजन उनके पास ही खड़े थे। इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वह लड़खड़ाने लगे। मौके पर मौजूद बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तुरंत उन्हें संभाल लिया, जिससे वह गिरने से बच गए।

हर्ष महाजन को आया था सिंकोप अटैक ​

घटना के तुरंत बाद उन्हें डीसी ऑफिस के बाहर खड़ी एचआरटीसी टैक्सी के माध्यम से इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण शुरू कर दिया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हर्ष महाजन को सिंकोप अटैक आया था। अब उनकी स्थिति सामान्य है। सांसद को अब CCU में शिफ्ट किया गया है। बता दें कि सिंकोप (Syncope) को आम बोलचाल में ‘बेहोश होना’ या ‘चक्कर खाकर गिरना’ कहा जाता है। मस्तिष्क में खून का दौरा कम होने की वजह से ऐसा होता है। बाद व्यक्ति ठीक भी हो जाता है।
हर्ष महाजन कौन हैं?

हर्ष महाजन बीजेपी नेता और राज्यसभा सांसद हैं। वह साल 2024 में हुए चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को हराकर राज्यसभा सीट जीती थी। चंबा में जन्मे महाजन राज्य के पूर्व पशुपालन मंत्री हैं। वे हिमाचल विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री देश राज महाजन के बेटे हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। 1993 में वे कांग्रेस के टिकट पर चंबा सीट से पहली बार विधायक चुने गए थे।1998 और 2003 के चुनावों में भी कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने। महाजन सितंबर 2022 में कांग्रेस से अलग हो गए और 2022 के हिमाचल प्रदेश चुनावों से पहले बीजेपी में शामिल हो गए।

नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान भारत के ऑटो केयर उद्योग के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई।

0

केरल की कंपनी एम. सी. एस. एसोसिएट द्वारा विकसित ‘MY CAR’ ब्रांड के एंटीबैक्टीरियल हर्बल कार शैम्पू को दुनिया के पहले ऐसे उत्पाद के रूप में प्रतिष्ठित वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल किया गया है। इस उपलब्धि के बाद कंपनी और उससे जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है।

यह सम्मान नई दिल्ली स्थित इंडियन कॉन्स्टिट्यूशन सेंटर में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स ऑर्गनाइज़र डॉ. अरविंदक्षन शौका ने कंपनी के डायरेक्टर जाबिर सुल्तान और साजिद पी.के. को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स का सम्मान और प्रमाणपत्र सौंपा। समारोह में देशभर से कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले भी उपस्थित रहे। उन्होंने मंच से उतरकर व्यक्तिगत रूप से जाबिर सुल्तान और साजिद पी.के. को बधाई दी और इस उपलब्धि को भारतीय नवाचार तथा उद्यमिता के लिए प्रेरणादायक बताया। समारोह में मौजूद लोगों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कंपनी की इस सफलता का स्वागत किया।

कंपनी का दावा है कि ‘MY CAR’ एक एंटीबैक्टीरियल हर्बल कार शैम्पू है, जिसे प्राकृतिक तत्वों के आधार पर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य वाहन की सफाई के साथ-साथ बैक्टीरिया से सुरक्षा प्रदान करना भी है। इसी विशेषता के कारण इसे विश्व स्तर पर अलग पहचान मिली और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान प्राप्त हुआ।

कंपनी के निदेशकों जाबिर सुल्तान और साजिद पी.के. ने इस सम्मान को पूरी टीम की मेहनत और ग्राहकों के विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भविष्य में भी पर्यावरण के अनुकूल और नवाचार आधारित उत्पाद विकसित कर भारतीय ब्रांड को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाना है।

इस उपलब्धि के बाद ऑटो केयर और हर्बल उत्पादों के क्षेत्र में काम करने वाले उद्यमियों के बीच भी उत्साह देखा जा रहा है। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि यदि भारतीय कंपनियां गुणवत्ता और नवाचार पर इसी तरह काम करती रहीं तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के उत्पादों की पहचान और मजबूत होगी। ‘MY CAR’ को मिला यह सम्मान भारतीय स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए भी एक सकारात्मक संदेश माना जा रहा है।

रास्ते के विवाद के बीच घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी का आरोप

0

45 तोला चांदी, 3 माशा सोना और 60 हजार रुपये ले जाने का दावा, सुनवाई नहीं होने से पीड़ित परिवार परेशान

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के मजगांव सतनामी पारा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रास्ते के विवाद ने कथित तौर पर चोरी और तोड़फोड़ का रूप ले लिया। पीड़िता शिवकुमारी बंदे ने आरोप लगाया है कि उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने घर का ताला तोड़ दिया, बाउंड्री और तार को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा घर में रखे लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद भी पुलिस उनकी शिकायत दर्ज नहीं कर रही है, जिससे परिवार न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।

पीड़िता के अनुसार, 24 जून 2026 की दोपहर करीब 2 बजे वह घर पर नहीं थीं, जबकि उनके पति काम के सिलसिले में हैदराबाद गए हुए थे। इसी दौरान कथित रूप से आरोपियों ने पहले घर की बाउंड्री और तार तोड़ दिए और फिर मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। आरोप है कि उसी रात घर के पीछे की ओर से भागते हुए आरोपी घर में रखी करीब 45 तोला चांदी, लगभग 3 माशा सोना तथा 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

शिवकुमारी बंदे का कहना है कि घटना से पहले आरोपी सड़क निर्माण के लिए रास्ता मांग रहे थे। परिवार ने उनसे कहा था कि सभी सदस्य घर लौटने के बाद बैठकर इस विषय पर निर्णय लिया जाएगा। पीड़िता का आरोप है कि इसी विवाद के चलते उनकी अनुपस्थिति में घर को निशाना बनाया गया और तोड़फोड़ के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की जानकारी देने के बाद भी थाने में उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि जब भी वे पुलिस या प्रशासन के पास जाते हैं तो उन्हें कलेक्टर, तहसीलदार या दूसरे कार्यालयों में जाने की सलाह देकर वापस भेज दिया जाता है। परिवार का आरोप है कि अब तक किसी भी स्तर पर उनकी शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे वे खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं।

परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर घर से चोरी हुए जेवरात और नकदी की जल्द बरामदगी कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़ितों का कहना है कि समय रहते न्याय नहीं मिला तो उनके परिवार की सुरक्षा और भविष्य दोनों पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

वहीं, समाचार लिखे जाने तक आरोपित पक्ष का पक्ष सामने नहीं आ सका था। पुलिस और प्रशासन की ओर से भी इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

मेंटीनेंस के रुपये मांगने से शुरू हुआ विवाद बना खूनी बवाल, महिला से मारपीट का आरोप, पांच लोगों संग गुंडागर्दी और जान से मारने की धमकी से सहमा परिवार

0

इंदौर। 422, सिध्दी अपार्टमेंट रामकमल, रेसीडेंसी गांधी नगर, इंदौर, गांधी नगर, इंदौर अर्बन, मध्य प्रदेश, भारत शहर की एक मल्टी में मामूली मेंटीनेंस शुल्क को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पहले मेंटीनेंस के रुपये को लेकर दबाव बनाया गया, फिर महिला के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की गई। इतना ही नहीं, बाद में कथित तौर पर पांच लोगों को बुलाकर पूरे परिवार पर हमला किया गया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है और लगातार जान से मारने तथा मल्टी से बेदखल करने की धमकियां मिलने का आरोप लगा रहा है।

थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 26 जून 2026 की रात करीब साढ़े आठ बजे पीड़िता अपने फ्लैट के बाहर मौजूद थी। इसी दौरान तीन युवक पहुंचे और पानी के मेंटीनेंस के रुपये मांगने लगे। पीड़िता ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए कहा कि पहले मकान की किस्त जमा करनी है, इसके बाद रुपये दे दिए जाएंगे। आरोप है कि इस बात पर तीनों युवक आक्रोशित हो गए और धक्का देकर वहां से जाने लगे। इसी बीच पड़ोसी बलराम धाकड़ ने विरोध किया तो उनके साथ भी कहासुनी और हंगामा किया गया।

पीड़िता का आरोप है कि कुछ देर बाद मल्टी की अध्यक्ष सुनीता वर्मा, उनका बेटा कपिल वर्मा तथा अन्य लोग मौके पर पहुंचे और आते ही मेंटीनेंस की राशि तत्काल जमा करने का दबाव बनाने लगे। रुपये नहीं होने की बात कहने पर सुनीता वर्मा और कपिल वर्मा ने कथित रूप से अश्लील गालियां दीं। विरोध करने पर महिला के बाल पकड़कर खींचे गए और थप्पड़ों से मारपीट की गई। इसी दौरान पीड़िता के पति अनिल सोनी भी काम से लौटकर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई।

शिकायत में कहा गया है कि शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। जाते-जाते कथित तौर पर धमकी दी गई कि यदि भविष्य में पानी के मेंटीनेंस के रुपये देने से इनकार किया गया तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। इस मारपीट में महिला और उसके पति दोनों को हाथ में चोटें आईं। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के रूप में किरण धाकड़, बलराम धाकड़ के नाम भी सामने आए हैं।

पीड़ित परिवार का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद भी उनकी परेशानियां कम नहीं हुई हैं। आरोप है कि लगातार धमकियां दी जा रही हैं कि उन्हें इस मल्टी में नहीं रहने दिया जाएगा। परिवार की बिजली तक बंद करा दी गई है। पीड़िता का कहना है कि उनके पति रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, लेकिन दबंगों द्वारा लगातार डराया और प्रताड़ित किया जा रहा है। आरोप यह भी है कि लात-घूंसों से मारपीट की गई, अश्लील गालियां दी गईं और पूरे घटनाक्रम के फोटो तथा वीडियो भी उनके पास मौजूद हैं।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी के रूप में आरक्षक-कार्यवाहक दिनेश जाटव को नियुक्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले उन्हें न्याय मिल सके।

आगरा में दबंगों का आतंक, घर में घुसकर दंपति से मारपीट, महिला से अश्लील हरकत का आरोप

0

आगरा। शहर के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में एक महिला ने पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, अश्लील हरकतें करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाना रकाबगंज में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

जानकारी के अनुसार नगला छऊआ स्थित भाटिया पेट्रोल पंप के सामने रहने वाली रिंकी वर्मा पत्नी बंटू कुमार ने अपनी शिकायत में बताया है कि वह और उनका पति मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बीती 21 जून 2026 की रात करीब साढ़े नौ बजे उनके घर के पास रहने वाले आशीष गौतम पुत्र राजेंद्र प्रसाद गौतम उर्फ राजू गौतम, राजू गौतम की पत्नी तथा उनके साथ कुछ अन्य लोग जबरन घर में घुस आए।

पीड़िता का आरोप है कि घर में घुसते ही सभी लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके तथा उनके पति के साथ मारपीट की। मारपीट में दोनों को अंदरूनी चोटें आईं। शिकायत में कहा गया है कि एक आरोपी ने उनके बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और उनके साथ अश्लील हरकत करने का प्रयास किया। इस दौरान घर में रखा सामान भी इधर-उधर फेंक दिया गया।

घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें थाने में लिखित शिकायत देने की सलाह दी। महिला का कहना है कि घटना के बाद उनका पूरा परिवार भय के साए में जी रहा है।

पीड़िता के मुताबिक जाते समय आरोपी खुलेआम जान से मारने की धमकी देते हुए कह गए कि इस बार तो बच गए हो, अगली बार पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। धमकी के बाद परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

महिला ने महिला थाना रकाबगंज में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। शिकायत के आधार पर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।