Thursday, July 9, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home Blog Page 146

औरैया में नवविवाहिता रहस्यमय ढंग से लापता, मानसिक रूप से कमजोर बहन की तलाश में भाई दर-दर भटका

0

औरैया (उत्तर प्रदेश)।
थाना अजीतमल क्षेत्र के गांव अस्तु में एक नवविवाहिता महिला के अचानक लापता होने से पूरा परिवार सदमे में है। 25 वर्षीय सीमा देवी 4 जनवरी की सुबह घर से निकलीं और फिर वापस नहीं लौटीं। परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं थीं, जिसके कारण उनके रास्ता भटकने की आशंका जताई जा रही है। शिकायत के बावजूद अब तक पुलिस या प्रशासन उनकी कोई जानकारी नहीं जुटा सका है।

सुबह घर से निकलीं, फिर नहीं लौटीं
पीड़ित परिवार के अनुसार सीमा देवी पत्नी कन्हैयालाल 4 जनवरी को करीब सुबह 7 बजे सूट-सलवार और कोटी पहनकर अपने घर से बाहर निकली थीं। परिवार ने समझा कि वह शौच के लिए बाहर गई हैं, लेकिन काफी देर बाद भी जब वह नहीं लौटीं तो परिजनों में घबराहट फैल गई। आस-पड़ोस में खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

नवविवाहिता थी सीमा, दिमागी हालत ठीक नहीं
परिवार ने बताया कि सीमा देवी की शादी को महज ढाई से तीन महीने ही हुए थे। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसके कारण वह कई बार रास्ता भूल जाती थीं। इसी वजह से परिजनों को उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है। उनके भाई वीरेंद्र का कहना है कि वह लगातार बहन की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई मदद नहीं मिली।

थाने में सूचना, फिर भी कोई सुराग नहीं
लापता होने के तुरंत बाद परिवार ने थाना अजीतमल में लिखित सूचना दी थी। इसके बावजूद पुलिस अब तक न तो सीमा देवी को ढूंढ पाई है और न ही कोई ठोस जानकारी दे सकी है। इस देरी से परिवार बेहद परेशान और निराश है। स्थानीय लोग भी इस मामले में पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठा रहे हैं।

भाई की भावुक अपील
सीमा के छोटे भाई वीरेंद्र ने रोते हुए कहा कि उनका परिवार टूटने की कगार पर है। उन्होंने जनता से अपील की है कि यदि किसी ने भी सीमा देवी को कहीं देखा हो तो तुरंत नजदीकी थाने में सूचना दें या मोबाइल नंबर 9696540336
पर संपर्क करें, ताकि एक बिखरते परिवार को सहारा मिल सके और एक भाई अपनी बहन से मिल सके।

आशंका और डर का माहौल
सीमा के लापता होने के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। लोग आशंका जता रहे हैं कि कहीं वह भटककर दूर न चली गई हों या किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आ गई हों। परिवार ने प्रशासन से तत्काल खोज अभियान चलाने की मांग की है।

यह मामला सिर्फ एक गुमशुदगी का नहीं, बल्कि एक संवेदनशील पारिवारिक संकट का है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक सक्रिय होती है और सीमा देवी को सुरक्षित वापस लाने में सफल होती है या नहीं।

 

गोण्डा में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, दबंगों पर पूरे परिवार को उजाड़ने की कोशिश का आरोप

0

गोण्डा।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के रमवापुर गोविन्दा गांव में आबादी की जमीन को लेकर चला आ रहा विवाद अब हिंसक टकराव में बदल चुका है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव के दबंग सदाशिव पाण्डेय और उनके पुत्रों ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर न सिर्फ जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की, बल्कि महिलाओं, बच्चों और बीमार लोगों तक को नहीं बख्शा।

दिनदहाड़े हमला, लाठी‑डंडा और कुल्हाड़ी से मारपीट

पीड़ित सूर्य नारायण पाण्डेय, सुधीर कुमार, पवन कुमार और दिनेश कुमार के अनुसार 5 अक्टूबर 2025 को दोपहर करीब 12:30 बजे विपक्षीगण अवैध असलहा, सरिया, लाठी और कुल्हाड़ी लेकर घर के सामने स्थित आबादी की जमीन पर कब्जा करने पहुंचे। मना करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर पूरे परिवार पर हमला कर दिया।

हमले में सूर्य नारायण, सुधीर कुमार, पवन कुमार और दिनेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर सूर्य नारायण को जिला अस्पताल से किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज, लखनऊ रेफर किया गया, जहां सीटी स्कैन कराया गया।

महिलाओं और बच्चों के साथ अभद्रता

पीड़ितों का कहना है कि आरोपियों ने घर में मौजूद महिलाओं के साथ गाली‑गलौज और अभद्र व्यवहार किया। छोटे बच्चों पर भी ईंट‑पत्थर फेंके गए। परिवार में गर्भवती महिला और 8 वर्ष से कम उम्र के बच्चे मौजूद थे, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई।

बीमार भाइयों को बनाया निशाना, दिल्ली में रहता है एक भाई

परिवार ने बताया कि सुधीर कुमार दिल्ली में काम करते हैं और वहीं रहते हैं। गांव में उनके दो बड़े भाई पवन कुमार और दिनेश कुमार गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। इसी कमजोरी का फायदा उठाकर विपक्षी आए दिन मारपीट, धमकी और उत्पीड़न करते हैं। सुधीर की पत्नी संजू पाण्डेय अपने 6 बच्चों के साथ गांव में रहती हैं, जिन्हें लगातार डराया‑धमकाया जा रहा है।

गवाहों के शपथ‑पत्र, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

घटना के प्रत्यक्षदर्शी तिलक चन्द्र सहित कई ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक को शपथ‑पत्र देकर बताया कि सदाशिव और उनके पुत्रों ने खुलेआम जान से मारने और पूरे परिवार को गांव से उजाड़ देने की धमकी दी।

पीड़ितों का आरोप है कि थाना स्तर पर कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक और उच्च अधिकारियों को शपथ‑पत्र सहित प्रार्थना पत्र भेजना पड़ा।

दीवानी अदालत में भी चल रहा मामला

पीड़ित पक्ष के अनुसार आबादी की इसी जमीन को लेकर दीवानी न्यायालय में वाद विचाराधीन है, जिसकी अगली तारीख 12 दिसंबर 2025 नियत है। इसके बावजूद विपक्षी कानून को हाथ में लेकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

गांव में तनाव, प्रशासन से सुरक्षा की मांग

लगातार हो रही घटनाओं से गांव में तनाव का माहौल है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, अवैध कब्जा रुकवाने और जान‑माल की सुरक्षा की मांग की ।

ऑस्ट्रेलिया में 13 साल के लड़के से हारा समुद्र का सैलाब, उफनती लहरों में 4 घंटे तैर कर बचाई मां और छोटे भाई-बहन की जान

0

ऑस्ट्रेलिया में 13 साल के एक लड़के अपनी जान पर खेलकर मां समेत पूरे परिवार की खतरनाक समुद्री लहरों से जान बचाई। मां और छोटे-भाई बहन को बचाने के लिए उसे समुद्री लहरों को 4 घंटे तैरकर पार करना पड़ा।मेलबर्न: पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के तट पर उफनते समुद्र में 13 वर्षीय लड़के के एक हौसले ने उफनते समुद्री की खतरनाक लहरों को भी मात दे दी है। इस लड़के ने समुद्र में डूब रहे अपने छोटे भाई-बहन और मां को 4 घंटे तैरकर जान बचाई। इसके बाद वह अंतरराष्ट्रीय मीडिया में हीरो बन गया है। उसका परिवार समुद्र में डूब रहा था। अधिकारियों को सूचना देने के लिए उसे 4 घंटे तैरकर खतरनाक समुद्री लहरों को पार कर तट पर पहुंचना पड़ा। उसने तट पर पहुंचकर अधिकारियों को सूचना दी, जिससे परिवार को बचाया जा सका। लड़के ने बताई आप बीती तो हर कोई रह गया हैरान
लड़के ने जब पूरी घटना की आपबीती बताई तो हर कोई हैरान रह गया। पर्थ से आए इस परिवार ने शुक्रवार सुबह होटल से किराए पर ली गई कयाक और पैडलबोर्ड्स पर सैर की थी। दोपहर से पहले शुरू हुई यह सैर तेज हवाओं और उफनते लहरों के कारण खतरनाक हो गई, और वे समुद्र में बहने लगे। इसके बाद 13 साल का ऑस्टिन एपलबी ने लगभग 4 किलोमीटर (2.5 मील) तैरकर तट पर पहुंचकर अलार्म बजाया। इससे पुलिस राहत और बचाव दल के साथ सक्रिय हो गई। ऑस्टिन ने मंगलवार को कहा, “लहरें बहुत बड़ी और खतरनाक थीं। मेरे पास लाइफ जैकेट नहीं था… मैं बस सोचता रहा ‘बस तैरते रहो, बस तैरते रहो’।” आखिरकार तट पर पहुंचकर वह बीच पर गिर पड़ा। उसने बताया कि शुरू में वह इन्फ्लेटेबल कयाक और लाइफ जैकेट लेकर निकला था, लेकिन कयाक में पानी भरने लगा तो उसे छोड़ दिया।

बिना लाइफ जैकेट पार की समुद्री की उफनती लहरें
ऑस्टिन ने बताया कि लाइफ जैकेट तैराकी में रुकावट बन रहा था, इसलिए उसे भी उतार दिया। उसने सकारात्मक विचारों पर फोकस किया। परिवार ने दोपहर से पहले सैर शुरू की थी। ऑस्टिन ने शाम 6 बजे अलार्म बजाया। शाम 8:30 बजे हेलीकॉप्टर ने उनकी मां जोआन एपलबी (47), भाई ब्यू (12) और बहन ग्रेस (8) को देखा। वे क्विंडालुप (पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया) से लगभग 14 किलोमीटर दूर बह गए थे और करीब 10 घंटे पानी में रहे। पुलिस इंस्पेक्टर जेम्स ब्रैडली ने कहा, “13 वर्षीय लड़के की कार्रवाई की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है। उसकी दृढ़ता और साहस ने अंततः उसकी मां और भाई-बहनों की जान बचाई। “मां जोआन ने रिपोर्टर्स से कहा कि उन्होंने सबसे बड़े बच्चे को मदद के लिए भेजा क्योंकि वे सभी बच्चों को अकेला नहीं छोड़ सकती थीं।”

ऑस्टिन ने कहा-मेरे जीवन का कठिन फैसला
ऑस्टिन ने कहा- कि यह मेरे जीवन के सबसे कठिन फैसलों में से एक। जब उसकी मां ने कहा-‘तट पर पहुंचो और मदद लाओ। यह बहुत गंभीर हो सकता था।’हालांकि शुरू में उन्हें विश्वास था कि वह पहुंच जाएगा, लेकिन सूरज ढलने पर संदेह होने लगा। “हम सकारात्मक रहे, गाने गाते रहे, मजाक करते रहे… इसे खेल समझते रहे, लेकिन सूरज ढलने पर लहरें बहुत बड़ी हो गईं।” बचाव के समय तीनों कांप रहे थे और ब्यू के पैरों में ठंड से सुन्नता आ गई थी। जोआन ने कहा, “मेरे तीन बच्चे हैं। तीनों बच गए। बस यही मायने रखता था।”चारों परिवार के सदस्यों की मेडिकल जांच हुई, लेकिन किसी को अस्पताल में भर्ती नहीं करना पड़ा।

: राहुल गांधी ने रवनीत सिंह बिट्टू को “गद्दार” बोला, संसद परिसर में नेता प्रतिपक्ष और केंद्रीय मंत्री के बीच तीखी बहस

0

संसद परिसर में बुधवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी बहस हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है।नई दिल्ली: संसद परिसर में बुधवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी बहस हो गई। राहुल गांधी ने बिट्टू पर तीखा हमला करते हुए उन्हें “गद्दार” कहा, जिससे बीजेपी नेता ने तुरंत पलटवार किया। कड़ा जवाब देते हुए रवनीत बिट्टू ने कहा कि उनका “देश के दुश्मनों” से कोई लेना-देना नहीं है।
राहुल गांधी बोले- मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, कांग्रेस में फिर आओगे
जानकारी के अनुसार, जब केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू मकर द्वार पर विरोध कर रहे कांग्रेस सांसदों के पास से गुज़रे तो लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा “देखो, एक गद्दार यहीं से गुज़र रहा है। इसका चेहरा देखो…”। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बिट्टू से हाथ मिलाने की पेशकश करते हुए कहा, “नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस (कांग्रेस में) आ जाओगे। बता दें कि बिट्टू पहले कांग्रेस में थे और पंजाब कांग्रेस के सीनियर नेताओं में उनकी गिनती होती थी। बाद में वह कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए और केंद्र सरकार में मंत्री बने।
बिट्टू ने राहुल गांधी पर किया पलटवार
वहीं, केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने राहुल गांधी को “देश के दुश्मन…” कहकर संबोधित किया। कांग्रेस नेता पर पलटवार करते हुए बिट्टू ने उनसे हाथ मिलाने से मना कर दिया। उन्होंने कहा कि वह उन लोगों से कोई संबंध नहीं रखते जिन्हें वह देश का दुश्मन मानते हैं। इसके बाद दोनों नेताओं को एक-दूसरे से गरमागरम बहस करते देखा गया, फिर वे आगे बढ़ गए।
कांग्रेस सांसदों ने संसद की सीढ़ियों पर विरोध प्रदर्शन किया
‘PM समझौता कर चुके हैं’ का पोस्टर लिए कांग्रेस सांसदों को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर संसद की सीढ़ियों पर विरोध प्रदर्शन करते देखा गया। मंगलवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर मीडिया से बात करते हुए यही आरोप लगाया था। मंगलवार को, कांग्रेस के सात और CPI-M के एक सहित आठ विपक्षी सदस्यों को अनुशासनहीन व्यवहार के लिए बजट सत्र के बाकी बचे समय के लिए निलंबित कर दिया गया।
निलंबित लोकसभा सांसद गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, बी. मणिक्कम टैगोर, डॉ. प्रशांत यादवराव पाडोले, चमाला किरण कुमार रेड्डी और एस. वेंकटेशन ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।

मोहन कैबिनेट के बड़े फैसले: 620 करोड़ की 2 सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी, सरदार सरोवर विस्थापितों की रजिस्ट्री मुफ्त होगी

0

मध्य प्रदेश कैबिनेट ने सरदार सरोवर परियोजना के विस्थापितों को आवंटित आवासीय भूखंडो का पंजीयन फ्री कराये जाने का फैसला लिया है। साथ ही मंत्रि-परिषद द्वारा मैहर एवं कटनी जिले में 2 सिंचाई परियोजनाओं के लिए 620 करोड़ 65 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंगलवार को मंत्रालय में सम्पन्न हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा नर्मदा घाटी की सरदार सरोवर परियोजना के विस्थापितों को आवंटित किए गए आवासीय भूखंडो का पंजीयन नि:शुल्क कराये जाने का निर्णय लिया गया। मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) अनुसार देय पंजीयन शुल्क एवं स्टॉम्य ड्यूटी की प्रतिपूर्ति नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण द्वारा की जाएगी। इससे 25,600 से अधिक परिवारों को लाभ होगा। इस निर्णय से राज्य शासन पर 600 करोड़ रुपये का वित्तीय भार आएगा।मैहर एवं कटनी जिले की 2 सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी
मंत्रि-परिषद द्वारा मैहर एवं कटनी जिले में 2 सिंचाई परियोजनाओं के लिए 620 करोड़ 65 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृति अनुसार मैहर एवं कटनी की धनवाही सूक्ष्म दबाव सिंचाई परियोजना लागत 53 करोड़ 73 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इससे 3500 हेक्टयर में सिंचाई की सुविधा प्राप्त होंगी और मैहर एवं कटनी जिले के 9 ग्राम के 2810 किसान लाभान्वित होंगे।

कटनी जिले की बरही सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई परियोजना लागत 566 करोड 92 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे, कटनी जिले की बरही एवं विजयराघवगढ़ तहसील के 27 ग्राम के 11,500 किसान लाभान्वित होंगे और 20 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होंगी।
इन 10 योजनाओं की निरंतरता को स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा 6 विभागों की 10 योजनाओं की वर्ष 2026-27 से वर्ष 2030-31 तक निरंतरता के लिए 15,009 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृति अनुसार वित्त विभाग की लोक वित्त पोषित 500 करोड़ से कम की 8 योजनाओं के लिए 115 करोड़ 6 लाख रुपये, श्रम विभाग की मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल 2.0) योजना के लिए 5 हजार करोड़ रुपये, योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की विधानसभा क्षेत्र निर्वाचन योजना और स्थापना एवं कार्यालयीन योजनाओं के लिए 3 हजार 376 करोड़ 66 लाख रुपये, पशु पालन एवं डेयरी विभाग की डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना, पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय जबलपुर ब्लॉकग्रांट योजना एवं पशुपालन, पशु विकास और गौ संवर्धन योजना के लिए 6 हजार 472 करोड़ 18 लाख रुपये, महिला एवं बाल विकास की किशोर कल्याण निधि योजना और घरेलू हिंसा पीड़िता के लिए सहायता योजना के लिए 24 करोड़ 70 लाख रूपये और पिछड़ा वर्ग एवं अन्य कल्याण की अल्पसंख्यक स्वरोजगार/उद्यम योजना के लिए 21 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
अन्य फैसले
मंत्रि-परिषद द्वारा मध्य प्रदेश राज्य समाज कल्याण बोर्ड को भंग कर कर्मचारियों का संविलयन महिला बाल विकास विभाग में करने की स्वीकृति प्रदान की गई।

विराट-रोहित के अगला वर्ल्ड कप खेलने पर धोनी की दो टूक, सचिन तेंदुलकर का भी किया जिक्र

0

ODI वर्ल्ड कप में अभी 2 साल बाकी है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली अगला वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं?MS Dhoni: IPL के दो महीनों को छोड़ दें तो महेंद्र सिंह धोनी सार्वजनिक मंचों पर बहुत कम नजर आते हैं। ऐसे में जब भी भारत के सबसे सफल कप्तान किसी प्रमोशनल या सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होते हैं, क्रिकेट फैंस उनकी हर बात को गौर से सुनते हैं। इस बार भी धोनी ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के ODI वर्ल्ड कप 2027 में खेलने को लेकर पूछे गए सवाल पर बेहद सटीक और बेबाक जवाब दिया। धोनी ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी खिलाड़ी के सिलेक्शन में उम्र नहीं, बल्कि फिटनेस और प्रदर्शन को आधार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी साफ किया कि रोहित या विराट को यह बताने का हक किसी को नहीं है कि उन्हें अगला वर्ल्ड कप खेलना चाहिए या नहीं।

कोई क्यों न खेले?
एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान धोनी ने कहा- क्यों नहीं? अगला वर्ल्ड कप कोई क्यों न खेले? उनके लिए उम्र कभी मापदंड नहीं रही। फिटनेस और प्रदर्शन जरूरी हैं। किसी को यह कहने की जरूरत नहीं कि आपको खेलना चाहिए या नहीं खेलना चाहिए। अगर रोहित हो या विराट या कोई और, सिर्फ इसलिए कि उनकी उम्र 30 से ज्यादा है, यह तय नहीं किया जा सकता कि वे वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं।
धोनी ने आगे कहा कि अगर खिलाड़ी फिट हैं और देश के लिए अच्छा करने की भूख रखते हैं, तो उन्हें बड़े टूर्नामेंट से दूर रखने का कोई कारण नहीं है। धोनी ने कहा कि यह फैसला खिलाड़ियों का होना चाहिए। अगर वे लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और टीम को देने के लिए तैयार हैं, तो उनका अनुभव टीम के लिए बेहद फायदेमंद होगा। अनुभव वाला 20 साल का खिलाड़ी ढूंढना आसान नहीं है, जब तक वह सचिन तेंदुलकर न हो।
शानदार फॉर्म में कोहली
गौरतलब है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ने हाल के महीनों में खेले गए ODI सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित शर्मा ने 202 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। उन्होंने इस सीरीज में 101 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया। वहीं, विराट कोहली को ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत में लगातार दो बार शून्य पर आउट होना पड़ा था, लेकिन उन्होंने सिडनी में अर्धशतक लगाकर दमदार वापसी की। इसके बाद साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में विराट ने तीन मैचों में 302 रन ठोक दिए। इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक निकले।
न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज में विराट कोहली ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई और 240 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 80 का रहा, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा। वहीं, रोहित शर्मा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों में 146 रन बनाए, हालांकि कीवी टीम के खिलाफ उन्हें संघर्ष करना पड़ा।

ग्लैमरस डीवा हैं AAP सांसद संजय सिंह की बेटी, फिल्मों में दिखाई अदाएं, अब इस मूवी से लगाएंगी रोमांस का तड़का

0

आप सांसद संजय सिंह की बेटी किसी ग्लैमरस डीवा से कम नहीं हैं। वो अपनी अदाओं का जादू न सिर्फ सोशल मीडिया पर चलाती हैं, बल्कि फिल्मी दुनिया में भी दिखा चुकी हैं। वो अब जल्द ही एक रोमांटिक लव स्टोरी में लीडिंग एक्ट्रेस के रूप में नजर आने वाली हैं।आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और राज्य सभा सांसद संजय सिंह अपने बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। संजय सिंह का परिवार लाइमलाइट और सुर्खियों से दूर रहता है, लेकिन जब संजय जेल गए तो उनकी पत्नी और बेटी आगे आईं और उनके साथ खड़ी नजर आईं। पिता के जेल से बाहर आने के बाद भी बेटी की काफी चर्चा हुई। संजय सिंह की बेटी का नाम इशिता सिंह है और इशिता राजनीति से दूर अपनी अलग दुनिया बसा चुकी हैं। इशिता पेशे से एक्ट्रेस हैं और बॉलीवुड में अपने कदम भी जमा चुकी हैं। वो कई फिल्मों में काम करती भी नजर आई हैं और अब उनकी एक नई फिल्म रिलीज के लिए तैयार है, जिसमें वो बतौर लीडिंग लेडी नजर आएंगी।पिता की रिहाई पर इशिता सिंह की भावनात्मक प्रतिक्रिया
संजय सिंह और उनका परिवार राजनीतिक गलियारों में जाना-पहचाना नाम है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उनकी बेटी इशिता सिंह का बॉलीवुड से भी गहरा रिश्ता है। जहां एक ओर संजय सिंह राजनीति में सक्रिय हैं, वहीं इशिता ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने लिए एक अलग पहचान बनाने की कोशिश की है। इशिता सिंह ने अनुभव सिन्हा द्वारा निर्देशित फिल्म ‘मुल्क’ में काम किया था। इस फिल्म में उन्होंने दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर और अभिनेत्री तापसी पन्नू के साथ स्क्रीन शेयर की थी। ‘मुल्क’ एक संवेदनशील और सामाजिक मुद्दे पर आधारित फिल्म थी, जिसे दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों ने काफी सराहा। इशिता की एक्टिंग को भी फिल्म में नोटिस किया गया था।मुंबई की जिंदगी और पिता के लिए समर्थन
इशिता सिंह आमतौर पर मुंबई में रहती हैं और वहीं उनका प्रोफेशनल बेस है। हालांकि अपने पिता की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने ज्यादातर समय दिल्ली में बिताया ताकि वे अपने परिवार के साथ रह सकें और इस मुश्किल दौर में पिता को पूरा समर्थन दे सकें। जब संजय सिंह को तिहाड़ जेल से रिहा किया गया, तब इशिता भी वहां मौजूद थीं और AAP समर्थकों के साथ अपने पिता का स्वागत करते हुए देखी गईं। अब इशिता अपनी नई अपकमिंग फिल्म को लेकर काफी उत्साहित हैं और हाल में ही उन्होंने अपनी फिल्म की स्क्रीनिंग दिल्ली में रखी थी, जिसे देखने के लिए संजय सिंह, अखिलेश यादव, जया बच्चन और राम गोपाल पहुंचे थे। भगवंत मान ने भी उनकी इस फिल्म को देखा।

फिल्म का प्लॉट और रिलीज डेट
इशिता की अपकमिंग फिल्म का नाम ‘पारो पिनाकी की कहानी’ है। फिल्म में इशिता के साथ संजय बिश्नोई लीड रोल में नजर आने वाले हैं। ये फिल्म 6 फरवरी को रिलीज होगी। फिल्म के प्लॉट की बात करें तो ये एक सब्जी बेचने वाली लड़की की प्रेम कहानी है। फिल्म का टीजर और ट्रेलर काफी शानदार है। रुद्र जादौन ने इस फिल्म को डायरेक्ट किया है। फिल्म की प्रोड्यूसर खुद इशिता और संजय बिश्नोई हैं।फिल्मों के अलावा म्यूजिक वीडियो में भी काम
बॉलीवुड फिल्मों के अलावा इशिता सिंह ने हिंदी और पंजाबी म्यूजिक वीडियो में भी काम किया है। इन प्रोजेक्ट्स के जरिए उन्होंने यंग ऑडियंस के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। वह लगातार नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं और एक्टिंग के साथ-साथ अपने डिजिटल प्रेजेंस पर भी खास ध्यान देती हैं। इशिता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 56 हजार फॉलोअर्स हैं, जिनमें अभिनेत्री तापसी पन्नू जैसी जानी-मानी हस्तियां भी शामिल हैं। उन्हें घूमने-फिरने का शौक है और वह अक्सर अपनी यात्राओं, शूट्स और पर्सनल मोमेंट्स की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं। इशिता रियल लाइफ में काफी ग्लैमरस और खूबसूरत हैं, उनके लुक्स से नजरें हटा पाना आसान नहीं है।

हमले में मारा गया पूर्व तानाशाह कर्नल गद्दाफी का बेटा सैफ-अल-इस्लाम, जानें कैसे हुई लीबिया के संभावित उत्तराधिकारी की हत्या

0

लीबिया के पूर्व तानाशाह रहे कर्नल मुअम्मर गद्दाफी का प्रमुख बेटा और उनका उत्तराधिकारी रहा सैफ-अल-इस्लाम एक हमले में मार दिया गया है।त्रिपोलीः लीबिया के पूर्व तानाशाह रहे कर्नल मुअम्मर गद्दाफी का सबसे प्रमुख बेटा सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी एक हमले में ढेर कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार 3 फरवरी को पश्चिमी लीबिया के शहर जिंतान में उसके आवास ही अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। जिंतान शहर राजधानी त्रिपोली से लगभग 136 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है।

कौन था सैफ-अल-इस्लाम गद्दाफी?
सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी लीबिया के पूर्व तानाशाह कर्नल मुअम्मर गद्दाफी का प्रमुख बेटा था। 53 वर्षीय सैफ-अल-इस्लाम कर्नल गद्दाफी की हत्या के बाद से ही लीबिया के संभावित उत्तराधिकारियों में गिना जाता था। सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी को उनके पिता मुअम्मर गद्दाफी के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता था। 1969 से 2011 तक लीबिया पर शासन करने वाले कर्नल गद्दाफी के सात बेटों में सैफ सबसे प्रभावशाली और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाना-पहचाना नाम था। उसने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पीएचडी की डिग्री हासिल की थी और पश्चिमी दुनिया से संबंध सुधारने की कोशिश की। 2011 की लीबियाई क्रांति के दौरान वह पिता की सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था, जहां उसने विरोध प्रदर्शनों को दबाने में हिस्सा लिया। क्रांति के बाद वह 2011 में पकड़ा गया, लेकिन बाद में रिहा हो गया।

साल 2015 में एक अदालत ने सैफ-अल-इस्लाम को उसकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी। हालांकि बाद में वह कोर्ट से बरी हो गया। इसके बाद 2021 में सैफ अल-इस्लाम ने राष्ट्रपति चुनाव में भाग लेने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा और कानूनी मुद्दों के कारण वह सफल नहीं हो सका। वह पिछले एक दशक से जिंतान में रह रहा था और लीबिया की अस्थिर राजनीति में वापसी की कोशिश कर रहा था।

कैसे हुई हत्या?
सैफ अल-इस्लाम गद्दाफी के राजनीतिक टीम और सलाहकार अब्दुल्लाह उस्मान अब्दुर्रहीम ने फेसबुक पर बयान जारी कर पुष्टि की कि मास्क पहने 4 बंदूकधारियों ने दोपहर के समय सैफ-अल-इस्लाम के घर पर हमला किया। हमलावरों ने पहले सुरक्षा कैमरों को तोड़ दिया और फिर सैफ अल-इस्लाम पर गोलीबारी की। उनकी टीम ने इसे “कायरतापूर्ण और विश्वासघाती हत्या” करार दिया। दावा किया गया कि सैफ अल-इस्लाम ने हमलावरों का मुकाबला किया, लेकिन वे मारे गए। लीबिया के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है, लेकिन हमले के पीछे के लोगों या मकसद के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है। कुछ रिपोर्टों में कहा गया है कि यह एक सुनियोजित हमला था, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था को जानबूझकर कमजोर किया गया।

14 वर्षीय किशोरी पिंकी यादव रहस्यमय हालात में लापता, परिवार में मचा कोहराम

0

रोपड़ (पंजाब):
रोपड़ जिले के थाना नंगल डैम क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दयापुर से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां रहने वाले कृष्ण वीर की 14 वर्षीय बेटी पिंकी यादव (उर्फ नजराना) बीते 26 जनवरी 2026 को शाम करीब 7 बजे रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई।

परिजनों के अनुसार, पिंकी रोज़ की तरह घर के कामकाज में लगी हुई थी। शाम के समय वह बाथरूम के लिए घर से बाहर निकली, लेकिन काफी देर बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार ने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।

काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने थाना नंगल डैम में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात व्यक्ति या व्यक्तियों द्वारा बच्ची को बहला-फुसलाकर कहीं ले जाया गया हो सकता है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हर संभावित पहलू से मामले की जांच की जा रही है। वहीं बच्ची के अचानक लापता होने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपनी बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

 पिंकी यादव का हुलिया

उम्र: 14 वर्ष

कद: लगभग 5 फुट

रंग: साँवला

आँखें: काली

पहने कपड़े: लाल-हरे रंग का सूट

परिजनों ने प्रशासन और आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को पिंकी यादव के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क करें।

 संपर्क नंबर

📞 88825-76852
📞 96340-42537

सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गुप्त रखा जाएगा।
सही सूचना देने पर ₹10,000 (दस हजार रुपये) का इनाम दिया जाएगा।

पुलिस ने भी आम जनता से सहयोग की अपील की है ताकि बच्ची को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जा सके।

 

 

देश के इन हिस्सों में कोल्ड डे का अलर्ट, पंजाब में 3.6°C तक पहुंचा तापमान; अगले 24 घंटे में यहां पर होगी बारिश

0

दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में सुबह घना कोहरा देखा गया। मौसम विभाग ने कई राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे के दौरान कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं।नई दिल्लीः देश का उत्तरी हिस्सा घने कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है, जबकि पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों में आसमान साफ ​​है और मौसम गर्म है। तापमान काफी हद तक सामान्य बना हुआ है। देश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी हो रही है और कुछ जगहों पर बीते 24 घंटे के दौरान हल्की बारिश भी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर भारत में कोहरा और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में कोल्ड डे का अलर्ट
हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, बिहार, गुजरात, सिक्किम, असम, मेघालय, मिजोरम और मणिपुर में न्यूनतम तापमान 5-10°C के बीच दर्ज किया जा रहा है। भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.6°C भटिंडा (पंजाब) में देखा गया।
मौसम विभाग ने बताया कि 4 फरवरी को राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में अलग-अलग पर सुबह/रात के समय घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश 4 और 5 तारीख को भी ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी।
यहां पर होगी बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि 5 और 6 फरवरी को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
दिल्ली-NCR का आज का मौसम
दिल्ली-NCR में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे सुबह के समय विज़िबिलिटी कम रही। आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 21°C से 23°C और 08°C से 10°C के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा और अधिकतम तापमान भी दिल्ली में सामान्य के आसपास रहेगा। मंगलवार को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पालम में अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जोकि सामान्य तापमान से कम है। जबकि न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

मुंबई और अहमदाबाद में आज कैसा रहेगा मौसम

मुंबई, अहमदाबाद में आज मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम तापमान 24°C रहेगा। 10.3 km/h की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है।