समस्तीपुर |
जिले के घरहोटा थाना क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय नीतू कुमारी की जिंदगी पर एक और संकट टूट पड़ा है। खजरी चौक पर फल की छोटी-सी दुकान लगाकर अपने दो बच्चों का पेट पाल रही नीतू का पूरा दुकान-सामान चोर उड़ा ले गए। शाम करीब 6 बजे दुकान बंद कर जब वह घर पहुंची, तभी मौका पाकर चोरों ने उसकी मेहनत पर हाथ साफ कर दिया।
नीतू कुमारी की शादी को सात साल हो चुके हैं। पति रोशन राय करीब ढाई साल पहले घर छोड़कर चला गया। आज तक न तो उसकी कोई खबर है और न ही कोई मदद। ससुराल पक्ष ने भी किनारा कर लिया। ऐसे में नीतू ने हिम्मत नहीं हारी और फल बेचकर बच्चों की परवरिश शुरू की। यही दुकान उसकी जिंदगी की एकमात्र कमाई थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, खजरी चौक पर पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था ढीली है। नीतू का कहना है कि दुकान में रखे फल, तौल मशीन, टोकरियां और रोजमर्रा का सारा सामान चोरी हो गया। अब हाल यह है कि अगले दिन दुकान लगाने तक के पैसे नहीं बचे।
पीड़िता ने थाना घरहोटा में शिकायत देने की बात कही है, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं है। नीतू सवाल कर रही है कि जब एक बेसहारा महिला की रोजी-रोटी भी सुरक्षित नहीं, तो वह बच्चों को कैसे पाले। स्थानीय समाजसेवियों ने प्रशासन से मांग की है कि चोरी की घटना का खुलासा कर पीड़िता को जल्द राहत दी जाए और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई जाए।
यह मामला केवल चोरी का नहीं, बल्कि उस व्यवस्था पर सवाल है जहां संघर्ष कर रही एक महिला की मेहनत भी सुरक्षित नहीं रह पाती।
