महाराष्ट्र के परभणी जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां जिले के मानवत तालुका स्थित यशवाड़ी देवस्थान संस्थान मंदिर के सामने निर्माणाधीन सभागार का एक पिलर शनिवार दोपहर अचानक गिर गया। इस हादसे में 30 से अधिक श्रद्धालुओं के दबने की प्राथमिक आशंका जताई जा रही है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 18 लोग घायल हो गए हैं। अभी भी मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।
शनिवार को मंदिर में होती है भीड़
जानकारी के अनुसार, यशवाड़ी देवस्थान में प्रत्येक शनिवार को जिले भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। आज भी मंदिर परिसर में दर्शन, कीर्तन और महाप्रसाद के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए थे। इसी दौरान मुख्य मंदिर के सामने बन रहे सभागार का पिलर अचानक भरभराकर गिर गया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
कई श्रद्धालुओं के दबे होने की आशंका
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पिलर के मलबे के नीचे 30 से अधिक श्रद्धालुओं के फंसे होने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही मानवत पुलिस के सहायक पुलिस निरीक्षक शिंदे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घटनास्थल पर एम्बुलेंस भी पहुंच गई हैं तथा घायलों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा
अधिकारियों ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भेजा जा रहा है। वे अभी भी नुकसान का अंदाज़ा लगा रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या मलबे के नीचे और भी लोग फंसे हो सकते हैं। इमारत के गिरने की सही वजह अभी पता नहीं चल पाई है। बचाव कार्य जारी है और आगे की जानकारी का इंतज़ार है।


