Thursday, July 9, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home Blog Page 143

गाजियाबाद में 14 वर्षीय छात्र लापता, नौ माह बाद भी नहीं लगा सुराग, पिता ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

0

गाजियाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र के थाना कौशाम्बी इलाके से 14 वर्षीय छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना को करीब नौ महीने बीत जाने के बावजूद अब तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। बेटे की तलाश में भटक रहे पिता ने अब मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर जल्द कार्रवाई कराने की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अनिल कुमार, जो मूल रूप से जनपद उन्नाव के निवासी हैं और वर्तमान में कौशाम्बी स्थित सलोनी नर्सरी क्षेत्र में परिवार सहित रहते हैं, ने बताया कि उनका बेटा सनी, उम्र लगभग 14 वर्ष, 5 मई 2024 को दोपहर करीब 3 बजे अपने परिचित शिवम के साथ घर से घूमने निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

बेटे सनी के लापता होने की वजह से रामदुलारी का रो रोकर बुरा हाल है उन्होंने कहा बेटा तुम जहाँ भी हो घर वापस आजाओ

बताया गया है कि लापता होने के समय सनी ने काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर शिवलिंग बना हुआ था। वह नीली जींस और नीले-काले रंग की चप्पल पहने हुए था तथा उसके बाल लंबे हैं। परिजनों के अनुसार सनी कक्षा 8 का छात्र है और दिल्ली के एक स्कूल में पढ़ाई करता था।

मामले में अनिल कुमार द्वारा 7 मई 2024 को थाना कौशाम्बी में धारा 363 आईपीसी के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई थी। हालांकि, परिवार का आरोप है कि इतने समय बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है और न ही बच्चे का कोई सुराग मिल पाया है।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले अनिल कुमार ने मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और बेटे के लापता होने के बाद से पूरा परिवार मानसिक तनाव में है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देशित कर जल्द से जल्द बेटे की तलाश कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से बच्चे के लापता रहने से क्षेत्र में भी चिंता का माहौल है। परिजन अब प्रशासन से उम्मीद लगाए बैठे हैं कि मामले में तेजी लाकर बच्चे को सकुशल बरामद किया जाएगा।

नई दिल्ली स्टेशन से 17 वर्षीय राहुल राय रहस्यमय ढंग से लापता, मां का रो-रोकर बुरा हाल; 47 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली**

0

नई दिल्ली/मधुबनी (संवाददाता)।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से बिहार के मधुबनी निवासी नाबालिग युवक राहुल कुमार राय के लापता होने का मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। 17 वर्षीय राहुल 20 दिसंबर 2025 को प्लेटफॉर्म नंबर 16 से अचानक गायब हो गया था, लेकिन करीब डेढ़ महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस उसकी कोई ठोस जानकारी नहीं जुटा पाई है। इस घटना ने न केवल परिवार को तोड़कर रख दिया है, बल्कि रेलवे सुरक्षा और स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिजनों के अनुसार, राहुल ग्राम ढंगावेस्ट, पोस्ट कलुही, थाना अरैर, जिला मधुबनी (बिहार) का रहने वाला है। वह 18 दिसंबर को अपने गांव के लड़कों रमन यादव और बैजू यादव के साथ काम के लिए गया था। 20 दिसंबर को ठंड अधिक होने के कारण उसने काम करने से मना कर दिया और घर लौटने की बात कही। इसके बाद दोनों लड़कों ने उसे बिहार जाने के लिए टिकट दिलवाया और करीब सुबह 11:15 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 16 पर छोड़ दिया। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं है। उसका मोबाइल नंबर 8084191767 भी लगातार बंद आ रहा है।
मामले में थाना नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में FIR No. 134/2025 दिनांक 26-12-2025 धारा 137(2) BNS के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज है। पुलिस की प्रारंभिक रिपोर्ट में भी यह संदेह जताया गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने राहुल को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। बावजूद इसके, परिजनों का आरोप है कि अब तक न तो सीसीटीवी फुटेज से कोई पुख्ता सुराग मिला है और न ही रेलवे प्रशासन ने ठोस कार्रवाई की है।
राहुल के चाचा उमेश राय ने मीडिया से बातचीत में बताया कि घटना 20 दिसंबर की है, उन्होंने बताया कि राहुल मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ है, बेहद समझदार और पढ़ा-लिखा लड़का है। घर से निकलते समय उसने ग्रीन चेक शर्ट, लाल गमछा, नीली जींस, हरे रंग के जूते और हरा बैग ले रखा था। दाहिने हाथ पर “Rahul Deewana” लिखा हुआ है, कद लगभग 5 फीट 8 इंच, पतला शरीर और गेहुंआ रंग है।
राहुल की मां बिल्ली देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह स्वर्गीय लक्ष्मण राय की इकलौती संतान है और परिवार के लिए उम्मीदों का इकलौता सहारा था। मां बार-बार यही कह रही हैं कि “मेरा बेटा कहीं भी हो, सुरक्षित लौट आए।” परिवार दिन-रात थानों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अभी तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन इस मामले को प्राथमिकता पर लेकर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाए। कई लोगों का कहना है कि अगर स्टेशन पर सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा कड़ी होती तो शायद राहुल गायब नहीं होता।
परिवार ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को राहुल के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत मोबाइल नंबर 6207557984 पर संपर्क करें या नजदीकी थाने में सूचना दें। आपकी एक छोटी सी जानकारी किसी उजड़ते परिवार को सहारा दे सकती है और एक मां को उसका बेटा लौटा सकती है।

‘महिला को गर्भ पूरा करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता’, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, 30 हफ्ते की गर्भावस्था को खत्म करने की अनुमति दी

0

सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाते हुए कहा है कि एक महिला, खासकर नाबालिग लड़की को गर्भ पूरा करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही कोर्ट ने 30 हफ्ते की गर्भावस्था को खत्म करने की अनुमति दी है।सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाते हुए साफ-साफ कहा है कि किसी भी महिला, खासकर नाबालिग लड़की को, उसकी इच्छा के खिलाफ गर्भ पूरा करने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही अदालत ने 30 हफ्ते की गर्भावस्था को खत्म करने की अनुमति दी है। आपको बता दें कि यह गर्भ एक ऐसी लड़की का था, जो गर्भ ठहरने के समय नाबालिग थी। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस BV नागरत्ना और जस्टिस उज्जल भुइयां की पीठ ने सुनाया। अदालत ने आदेश दिया है कि मुंबई के जेजे हॉस्पिटल में सभी जरूरी मेडिकल सावधानियों के साथ गर्भपात की प्रक्रिया की जाए।
कोर्ट ने फैसले में क्या कहा?
दालत ने अपने आदेश में कहा कि इस मामले में सबसे पहले नाबालिग लड़की के अधिकार को देखना जरूरी है। लड़की एक कठिन हालात से गुजर रही है और वह इस गर्भ को आगे नहीं बढ़ाना चाहती। अदालत ने कहा कि यह सवाल अहम नहीं है कि संबंध सहमति से था या नहीं, बल्कि सच्चाई यह है कि लड़की नाबालिग है और वह मां बनना नहीं चाहती।

‘जबरन मां बनने के लिए मजबूर नहीं कर सकते’
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि अगर मां के हित को देखा जाए, तो उसकी अपनी पसंद और फैसला लेने के अधिकार को पूरा महत्व देना होगा। अदालत किसी भी महिला को, और वह भी नाबालिग हो, जबरन मां बनने के लिए मजबूर नहीं कर सकती।

‘फैसला अदालत के लिए भी आसान नहीं’
सुनवाई के दौरान जस्टिस नागरत्ना ने कहा कि यह फैसला अदालत के लिए भी आसान नहीं है। एक तरफ अजन्मा बच्चा है, जो जन्म लेने पर एक जीवन होगा, और दूसरी तरफ लड़की की साफ इच्छा है कि वह गर्भ जारी नहीं रखना चाहती। उन्होंने कहा कि जब 24 हफ्ते तक गर्भपात की इजाजत दी जा सकती है, तो सिर्फ समय ज्यादा होने की वजह से 30 हफ्ते पर उसे क्यों रोका जाए, जबकि लड़की साफ तौर पर बच्चे को जन्म नहीं देना चाहती।

U19 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच होगी खिताबी टक्कर, फ्री में कैसे देख पाएंगे इस मैच को लाइव

0

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में 6 फरवरी को भारत और इंग्लैंड का आमना-सामना होगा। इस टूर्नामेंट में अभी तक भारत और इंग्लैंड की टीम एक भी मैच नहीं हारी है।Under19 वर्ल्ड कप का फाइनल 6 फरवरी को जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जाएगा। दोनों ही टीमों का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में काफी अच्छा रहा है। भारत ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराकर फाइनल का टिकट कटवाया था। वहीं इंग्लैंड की टीम ने सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियंस ऑस्ट्रेलिया को मात दी थी। ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि उन्हें फाइनल मैच में दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक टक्कर देखने को मिलेगा। इस बीच हम आपको बताएंगे कि आप इस मैच को कैसे फ्री में देख सकते हैं।कितने बजे से शुरू होगा IND U19 vs ENG U19 का फाइनल?
भारत और इंग्लैंड अंडर19 टीम के बीच ये फाइनल मैच खेला जाएगा। इस मैच की शुरुआत भारतीय समयनुसार दोपहर 1 बजे होगी और उससे ठीक आधा घंटे पहले दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए मैदान पर होंगे। वहीं एक बजे पहली गेंद फेंकी जाएगी। वहीं जिम्बाब्वे के समय के मुताबिक ये मुकाबला वहां सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। भारत और इंग्लैंड की टीमें इस वर्ल्ड कप में अभी तक एक भी मैच नहीं हारी है। ऐसे में दोनों ही टीमें इस विनिंग स्ट्रीक को आज के मैच में भी बरकरार रखना चाहेगी। अब कौन सी टीम आज के मैच को जीतकर अंडर19 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करती है ये तो वक्त के साथ पता चलेगा।

फ्री में कैसे देख पाएंगे Under19 वर्ल्ड कप का फाइनल?
भारत-इंग्लैंड अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मैच के लाइव प्रसारण को लेकर बात की जाए तो इस मैच का लाइव टेलीकास्ट आप स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। वहीं अंडर19 वर्ल्ड कप के फाइनल की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर देख सकते हैं। इंडिया बनाम इंग्लैंड, U19 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच को फैंस डीडी स्पोर्ट्स पर, डीडी फ्री डिश पर भी लाइव देख सकते हैं। इसके लिए आपके घर में फ्री डिश टीवी का कनेक्शन होना चाहिए। वहीं मोबाइल पर आप इसे जियो हॉटस्टार एप पर फ्री में देख सकते हैं। वहां इस मैच को देखने के लिए आपको सिर्फ अपना डाटा खर्च करना होगा।

सिर्फ एक बार U19 वर्ल्ड कप का खिताब जीत पाई है इंग्लैंड की टीम
आपको बता दें कि इंग्लैंड ने सिर्फ एक बार मेंस अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है। उन्होंने 1998 में इस खिताब को अपने नाम किया था। तब से इंग्लैंड सिर्फ एक बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचा है। 2022 में खेले गए फाइनल में इंग्लैंड को भारत से हार का सामना करना पड़ा था। भारतीय टीम 2000 के बाद से अब तक हुए 14 में से 11 बार फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही है। उनकी टीम पांच बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुकी है। वह इस टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है।

Anju Krishna Arrested: कौन हैं अंजू कृष्णा? ड्रग्स के साथ पकड़ी गई ग्लैमरस हसीना, हिरासत में 7 और लोग

0

तमिल और मलयालम फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री अंजू कृष्णा को हाल ही में चेन्नई में गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से ड्रग्स बरामद किए गए हैं। इस गिरफ्तारी की खबर से फिल्म जगत में हलचल मच गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार गुरुवार को एंटी-नारकोटिक्स इंटेलिजेंस यूनिट (ANIU) की साउथ टीम ने वलसरवक्कम इलाके में छापेमारी की। इस दौरान अंजू कृष्णा समेत अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया। टीम ने मेथामफेटामाइन और गांजा जैसे प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए लोग और बरामद वस्तुएं
गिरफ्तार किए गए लोगों में अंजू कृष्णा, असिस्टेंट डायरेक्टर विंसी निवेधा, कार्तिक राजा, यशवंत, श्रीराम, अल्विबिनशा और वेंकटेश कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार रेड के दौरान छह ग्राम मेथामफेटामाइन, सात ग्राम OG गांजा, 15 ग्राम भांग, एक LSD स्टैम्प और नौ मोबाइल फोन जब्त किए गए।
अंजू कृष्णा का फिल्मी करियर
अंजू कृष्णा का नाम इस मामले में आने से पहले ही उन्हें तमिल और मलयालम फिल्मों में उनकी अभिनय प्रतिभा के लिए जाना जाता था। 31 वर्षीय अंजू ने कई फिल्मों में काम किया है। IMDb के अनुसार उन्होंने ‘आकाशम कडन्न’, ‘आरो’ और ‘ओम वेल्लिमालई’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया। हालिया रिलीज ‘ओम वेल्लिमालई’ (2023) ओम विजय द्वारा निर्देशित थी, जिसमें सुपरगुड सुब्रमणि और वीरा सुभाष ने मुख्य भूमिकाएं निभाई।
सोशल मीडिया में सक्रिय उपस्थिति
अंजू कृष्णा सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 23.6K फॉलोअर्स हैं। वह नियमित रूप से अपने मॉडलिंग वर्क, फोटोशूट और व्यक्तिगत तस्वीरें पोस्ट करती हैं। उनके पोस्ट्स में फैशन, ग्लैमर और फिल्मी गतिविधियों का मिश्रण देखा जा सकता है।
इंडस्ट्री और जनता की प्रतिक्रिया
फिल्म उद्योग और सोशल मीडिया पर अंजू कृष्णा की गिरफ्तारी को लेकर मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोग उन्हें तुरंत दोषी मान रहे हैं, जबकि कई लोग कानूनी प्रक्रिया का इंतजार करने की सलाह दे रहे हैं। ANI यूनिट के अधिकारी अभी जांच में लगे हैं और गिरफ्तार किए गए सभी व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। अंजू कृष्णा की गिरफ्तारी ने इंडस्ट्री में ड्रग्स से जुड़ी चर्चाओं को फिर से उभार दिया है। पिछले कुछ वर्षों में कई फिल्मी हस्तियों के नाम ड्रग्स मामलों में आए हैं और यह घटना इंडस्ट्री के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है।

अमेरिका से न्यूक्लियर वार्ता से पहले ईरान ने किया बड़ा खेल, जब्त कर लिए डीजल से भरे 2 विदेशी तेल टैंकर

0

ईरान द्वारा जब्त किए गए दोनों टैंकर किस देश के हैं, ये अभी बताया नहीं गया है। टैंकर में 6,300 बैरल डीजल भरा हुआ है। जब्त करने के बाद इसे बुशहर ले जाया गया है।अमेरिका और ईरान दोनों देश परमाणु वार्ता परमाणु वार्ता (nuclear talks) पर सहमत हो गए है। ओमान की राजधानी मस्कट में ये वार्ता आज (शुक्रवार) को होनी है। इस बीच, ईरान ने फारस की खाड़ी में ईंधन की कथित तस्करी कर रहे दो विदेशी तेल टैंकर को जब्त किया है। मीडिया की रिपोर्ट में इन टैंकर की राष्ट्रीयता का उल्लेख नहीं किया गया और न ही यह बताया गया कि उन पर किस देश का झंडा था।
बुशहर ले जाए गए दोनों टैंकर
‘रेवोल्यूशनरी गार्ड’ की नौसेना के क्षेत्रीय कमांडर जनरल हैदर होनारियन मोजर्रद ने कहा कि टैंकर डीजल समेत लगभग 10 लाख लीटर ईंधन (लगभग 6,300 बैरल) ले जा रहे थे और उन्हें फारसी द्वीप के पास जब्त कर लिया गया तथा बुशहर ले जाया गया।
चालक दल समेत 15 लोग न्यायिक हिरासत में
उन्होंने कहा कि दोनों टैंकर पर सवार चालक दल के 15 सदस्य न्यायिक निकायों की हिरासत में हैं लेकिन उन्होंने उनकी राष्ट्रीयता के बारे में जानकारी नहीं दी। ईरान इसी तरह के आरोपों को लेकर क्षेत्र में तेल ले जाने वाले पोतों को पहले भी समय-समय पर जब्त करता रहा है।
आज होनी है अमेरिका और ईरान की बैठक
बता दें कि आज ही ईरान और अमेरिका के बीच न्यूक्लियर वार्ता शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे (स्थानीय समयानुसार) निर्धारित है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ इसमें भाग ले रहे हैं। यह वार्ता ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर केंद्रित है, जिसमें JCPOA (2015 की पुरानी परमाणु डील) को पुनर्जीवित करने या नई डील बनाने की कोशिश शामिल है।
काफी महत्वपूर्ण है ये बैठक
हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा है। इसलिए यह बैठक बहुत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ट्रंप प्रशासन ने सैन्य दबाव बनाए रखा है, लेकिन दोनों पक्षों ने बातचीत के लिए सहमति जताई है।

ग्रेटर नोएडा में घटिया लेंटर का आरोप, पीड़ित का 3.30 लाख डूबे; बिल से इनकार और टालमटोल से बढ़ी मुश्किलें

0

ग्रेटर नोएडा (संवाददाता)।
गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा निवासी कुलदीप कुमार वर्मा इन दिनों निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सप्लायर की मनमानी और शिकायत निवारण प्रणाली की ढिलाई से बुरी तरह परेशान हैं। उनका आरोप है कि 4 जनवरी को डाले गए लेंटर की पकड़ मात्र आठ दिन बाद ही कमजोर पड़ गई और 20 दिन बाद खोलने पर पूरा लेंटर झुक गया। इस घटना में उन्हें करीब 3.30 लाख रुपये का सीधा आर्थिक नुकसान हुआ है, जबकि मानसिक तनाव अलग से झेलना पड़ रहा है।

पीड़ित के अनुसार उन्होंने हबीबपुर रोड स्थित लवली बिल्डर मटेरियल सप्लायर (GST: 09CTETD5966T12X) से अल्ट्राटेक सीमेंट खरीदी थी और उसी से लेंटर डलवाया था। कुलदीप का कहना है कि उन्होंने सीमेंट का भुगतान ऑनलाइन किया था, लेकिन जब वे दुकान पर जाकर बिल मांगने गए तो सप्लायर ने साफ इनकार कर दिया और कहा कि “अब कंपनी ही तुम्हें बिल देगी।” इसे लेकर पीड़ित को और संदेह हुआ कि कहीं गड़बड़ी जानबूझकर तो नहीं की गई।

कुलदीप ने बताया कि शिकायत करने के करीब एक सप्ताह बाद लवली बिल्डर की ओर से एक अधिकारी भेजा गया, जिसने जांच किए बिना यह कहकर मामला टाल दिया कि “सर्दी का मौसम है, लेंटर अभी सूखा नहीं है, इसे ऐसे ही रहने दीजिए।” दूसरे सप्ताह एक और अधिकारी आया, उसने भी वही बात दोहराई और कोई तकनीकी परीक्षण नहीं किया।

आज 1 महीना 3 दिन बीत चुके हैं, लेकिन छत की हालत जस की तस है—लेंटर आज भी झुका हुआ है और कहीं भी पकड़ नहीं आई है। कुलदीप का कहना है कि इस कमजोर छत के कारण भविष्य में मकान गिरने का गंभीर खतरा बना हुआ है, जिससे उनका परिवार डर और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है।

पीड़ित ने बार-बार फोन किया, लेकिन कभी कॉल नहीं उठाई गई और कभी कहा गया कि “कंप्लेंट मेल कर दी गई है।” कई बार जवाब मिला कि “हमारा सीमेंट कई जगह जाता है, कहीं और शिकायत नहीं आई।” इस रवैये से कुलदीप और अधिक परेशान हो गए और उन्होंने स्थानीय प्रशासन, कंपनी और उपभोक्ता मंच तक शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

अब कुलदीप कुमार वर्मा ने मीडिया के माध्यम से प्रशासन से अपील की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की पड़ताल हो और उन्हें हुए नुकसान की भरपाई कराई जाए। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों पर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आम उपभोक्ताओं का भरोसा पूरी व्यवस्था से उठ जाएगा।

फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और कई अन्य मकान मालिक भी अपनी छतों की मजबूती को लेकर चिंतित हैं। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, जबकि पीड़ित न्याय की आस में संघर्ष कर रहे हैं।

तमिलनाडुः चेन्नई में फैला बर्ड फ्लू, H5N1 वायरस से सैकड़ों कौवों की मौत; सरकार ने जारी की एडवाइजरी

0

तमिलनाडु में बर्ड फ्लू का नया अलर्ट जारी किया गया है, क्योंकि चेन्नई और आस-पास के इलाकों में बड़ी संख्या में मरे हुए कौवे मिले हैं और लैब में हाई पैथोजेनिक H5N1 वायरस की पुष्टि हुई है।चेन्नईः तमिलनाडु की राजधानी में चेन्नई में बर्ड फ्लू का अलर्ट जारी किया गया है। चेन्नई में सैकड़ों कौवे मरे हुए पाए गए हैं। लैब टेस्ट में H5N1 वायरस की पुष्टि हुई है। टेस्ट में कौवों की मौत की वजह H5N1 यानी बर्ड फ्लू बताई गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि H5N1 वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए कौवों और पोल्ट्री के सभी शवों को बायोसिक्योरिटी प्रोटोकॉल के अनुसार या तो जला दिया जाए या गहरे गड्ढे में दफना दिया जाए।
सरकार ने जारी की एडवाइजरी
एडवाइजरी में जनता को मरे हुए पक्षियों को छूने या संभालने से बचने की सख्त सलाह दी गई है और किसी भी नए मामले के बारे में तुरंत स्थानीय अधिकारियों को सूचित करने का आग्रह किया गया है। वहीं, केंद्रीय पशुपालन मंत्रालय ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए तत्काल और व्यापक फील्ड निगरानी करने को कहा है।
H5N1 क्या है?
H5N1 इन्फ्लूएंजा A वायरस का एक बहुत ही खतरनाक स्ट्रेन है जो मुख्य रूप से पक्षियों, खासकर पोल्ट्री और जंगली पक्षियों को संक्रमित करता है। इसे आमतौर पर ‘बर्ड फ्लू’ के नाम से जाना जाता है और यह पक्षियों की आबादी में तेजी से फैल सकता है। हालांकि H5N1 मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करता है, लेकिन यह कभी-कभी इंसानों और अन्य जानवरों को भी संक्रमित कर सकता है।
यह कितना खतरनाक हो सकता है?
H5N1 वायरस को आम जनता के लिए बहुत खतरनाक माना जाता है। यह वायरस पक्षियों में तेजी से फैलता है। इंसानों में, संक्रमण दुर्लभ हैं, लेकिन जब वे होते हैं, तो वे गंभीर हो सकते हैं। कई पुष्ट मानव मामलों में निमोनिया जैसी गंभीर श्वसन संबंधी बीमारियां शामिल रही हैं।

RBI ने Repo Rate में नहीं किया कोई बदलाव, लोन की ब्याज दरें रहेंगी स्थिर, इकोनॉमी मजबूत स्थिति में

0

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस बार रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को रेपो रेट को 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखने की घोषणा की। आरबीआई के इस फैसले की वजह से लोन की ब्याज दरें भी जस की तस रहेंगी और ग्राहकों को कोई नहीं राहत नहीं मिलेगी। भारतीय रिजर्व बैंक की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी ने अपने रुख को Neutral यानी तटस्थ पर बरकरार रखा है, यानी आरबीआई भविष्य में जरूरत पड़ने पर ब्याज दरों में कटौती या बढ़ोतरी करने के लिए तैयार है। संजय मल्होत्रा ने कहा कि अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील से भारत के एक्सपोर्ट को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा।

भारत की इकोनॉमी और ग्रोथ अभी मजबूत स्थिति में
आरबीआई ने रेपो रेट के अलावा, SDF (स्टैंडिंग डिपॉजिट फैसिलिटी) और MSF (मार्जिनल स्टैंडिंग फैसिलिटी) में भी कोई बदलाव नहीं किया है। SDF को 5 प्रतिशत और MSF को 5.50 प्रतिशत पर बरकरार रखा गया है। आरबीआई गवर्नर ने बताया कि भारत अभी भी FDIs के लिए पसंदीद डेस्टिनेशन बना हुआ है। संजय मल्होत्रा ने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर कहा कि भारत की इकोनॉमी और ग्रोथ अभी मजबूत स्थिति में है। आरबीआई ने बताया कि देश की रियल जीडीपी ग्रोथ 7.4 प्रतिशत की राह पर है।

अभी भी नियंत्रित दायरे में बनी हुई है महंगाई
संजय मल्होत्रा ने बताया कि देश में महंगाई अभी भी नियंत्रित दायरे में बनी हुई है। वित्त वर्ष 2026 में देश की खुदरा महंगाई दर 2 प्रतिशत से बढ़कर 2.1 प्रतिशत हो गई है। आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के लिए महंगाई अनुमान को 2.9 प्रतिशत से बढ़ाकर 3.2 प्रतिशत कर दिया है। आरबीआई गवर्नर ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के लिए महंगाई अनुमान को 3.9 प्रतिशत से बढ़ाकर 4 प्रतिशत कर दिया है। जबकि, दूसरी तिमाही के लिए महंगाई के अनुमान को 4 प्रतिशत से बढ़ाकर 4.2 प्रतिशत कर दिया है।

शादी के बाद महिला गायब, 22 हजार लेकर लौटने का वादा कर गई रीना; पति दर-दर भटकने को मजबूर

0

झालावाड़/नागेश्वर (विशेष संवाददाता)।
जिला झालावाड़ के थाना उमेली क्षेत्र के ठोकर खेडी गांव में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी कर घर आई महिला अचानक लापता हो गई है। पीड़ित पति कैलाश चौहान का आरोप है कि उनकी पत्नी रीना बाई करीब 22 हजार रुपये लेकर गई और फिर वापस नहीं लौटी। तब से पूरा परिवार मानसिक रूप से टूट चुका है और न्याय के लिए भटक रहा है।

जानकारी के अनुसार, कैलाश चौहान की ने कोलोलिया, भीलवाड़ा (आगर) की रहने वाली रीना बाई से विवाह किया। रीना अपने साथ एक बेटा और एक बेटी नंदिनी को भी लेकर कैलाश के घर आई थी। बेटी नंदिनी पहले से शादीशुदा है और उसके पति का नाम बादल बताया जा रहा है, जो भोपाल में रहता है। रीना के पिता का नाम दयाराम है।

कैलाश ने बताया कि रीना करीब चार महीने तक उनके साथ गुजरात में रही। इसी दौरान उसने एक दिन कहा कि वह अपनी बेटी नंदिनी को उसके पति बादल के पास भोपाल छोड़कर आ जाएगी। जाते समय रीना ने घर से करीब 22 हजार रुपये ले लिए और जल्द लौटने का भरोसा दिलाया।

लेकिन भोपाल जाने के बाद रीना ने अपना मोबाइल नंबर बादल दिया और कैलाश से पूरी तरह संपर्क तोड़ लिया। जब भी कैलाश को नया नंबर मिलता, रीना तुरंत सिम बदल लेती थी। अब कई महीनों से उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है।

कैलाश चौहान का कहना है कि उन्हें शक है कि रीना भोपाल में अपनी बेटी और दामाद बदल के पास हो सकती है, लेकिन बादल भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहा है। न तो वह रीना का पता बता रहा है और न ही उससे बात कराने में मदद कर रहा है।

इस घटना के बाद कैलाश मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं। उनका कहना है कि वह हर संभव जगह तलाश कर चुके हैं, लेकिन रीना का कोई पता नहीं चला। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से गुहार लगाई है कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जाए और रीना को खोजकर उनके सामने लाया जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला संदिग्ध है और इसकी गहराई से जांच जरूरी है। अगर रीना जानबूझकर गायब हुई है तो सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। फिलहाल कैलाश चौहान लगातार प्रशासन से मदद की अपील कर रहे हैं और उम्मीद लगाए बैठे हैं कि उनकी पत्नी जल्द मिल जाएगी।