Wednesday, July 8, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home Blog Page 125

AI समिट में शर्ट क्यों उतारी?’, दिल्ली पुलिस ने एक और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता को ग्वालियर से किया गिरफ्तार

0

दिल्ली AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस ने जो हरकत की उससे देश के Gen Z में खासी नाराजगी है। ये वहीं Gen Z है जिसका हवाला देकर राहुल गांधी बदलाव की बात करते हैं।दिल्ली AI समिट में हंगामा करने वाले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर एक्शन जारी है। दिल्ली पुलिस ने यूथ कांग्रेस के नेता कृष्ण हरि की गाड़ी को बरामद कर लिया है। पुलिस ने कार से टी शर्ट और पोस्टर बरामद किए हैं। साथ ही एक और प्रदर्शनकारी को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली पुलिस को मुकेश शर्मा नाम के शख्स की तलाश है। यूथ कांग्रेस के फरार कार्यकर्ताओं की तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही है। ये छापेमारी दिल्ली समेत 1 दर्जन जगहों पर हुई है।

कौन-कौन गिरफ्तार?
अब तक इस मामले में पुलिस 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने जिन आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया है उनमें यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्ण हरि, बिहार यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार, तेलंगाना यूथ कांग्रेस के नेशनल को-ऑर्डिनेटर नरसिम्हा यादव और ग्वालियर से जितेंद्र यादव शामिल हैं।

इन सभी को अदालत ने 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ गैर जमानती धाराएं लगाई हैं। आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 61/2 आपराधिक साजिश रचने, धारा 221 सरकारी काम में बाधा डालने, धारा 121पब्लिक सर्वेंट को चोट पहुंचाने, धारा 223 सरकारी आदेश की अवहेलना करने, धारा 189 गैरकानूनी तौर पर जमा होने और धारा 3(5) साझा इरादे से अपराध करना जैसी गंभीर धाराएं लगाई हैं।

PM मोदी ने क्या कहा?
दिल्ली में AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस की शर्मनाक हरकत पर बीजेपी ने जहां कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर-शहर बीजेपी के कार्यकर्ता कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, रविवार को मेरठ में पीएम मोदी ने AI इम्पैक्ट समिट में इंडियन यूथ कांग्रेस के शर्टलैस प्रदर्शन पर तीखा प्रहार किया। पीएम मोदी ने निशाना साधते हुए कहा कांग्रेस ने वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। देश की जनता जानती हैं कि कांग्रेस वाले पहले से ही नंगे हैं।यूथ कांग्रेस की हरकत से Gen Z में नाराजगी
दिल्ली AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस ने जो हरकत की उससे देश के Gen Z में खासी नाराजगी है। ये वहीं Gen Z है जिसका हवाला देकर राहुल गांधी बदलाव की बात करते हैं। लेकिन AI समिट का विरोध करके कांग्रेस ने अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं कि उनके लिए देश और उसका विकास कितना मायने रखता है।

टूटी सड़क, जाम नाला और जलभराव से जूझ रही सिरपुर गली: बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल, रहवासियों में भारी आक्रोश

0

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के 170042 क्षेत्र स्थित 1-1-3034 पुरणमल, सिरपुर गली के निवासियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। गली की बदहाल सड़क, जाम पड़े नाले और बार-बार होने वाले जलभराव ने स्थानीय लोगों का जीवन नारकीय बना दिया है। हालात इतने खराब हैं कि हल्की बारिश में भी पूरी गली तालाब में तब्दील हो जाती है। गंदा पानी घरों के बाहर भर जाता है, जिससे बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

स्थानीय निवासी विजय ठेकेदार, सुधीर और अनुज सहित कई लोगों ने बताया कि गली में पक्की सड़क न होने के कारण जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। नाले की सफाई न होने से पानी की निकासी बंद हो चुकी है। बारिश के दिनों में पानी घरों के दरवाजों तक पहुंच जाता है और कई बार अंदर भी घुस जाता है। गंदे पानी और कीचड़ से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का घर से निकलना दूभर हो गया है।

रहवासियों का कहना है कि स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना उनकी मजबूरी बन गया है। कई बार फिसलने और चोट लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जल्द से जल्द गली में पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए और नाले की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो वे मजबूर होकर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सिरपुर गली को इस बदहाली से मुक्ति दिलाने की अपील की है। उनका कहना है कि बुनियादी सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है, और अब वे किसी भी हाल में इस उपेक्षा को और बर्दाश्त नहीं करेंगे।

 

 

तिरुपति बालाजी मंदिर में महिला श्रद्धालु को सांप ने काटा: दर्शन के लिए लाइन में लगी थी मोनिका, डसते ही निकली चीख

0

तिरुपति बालाजी मंदिर में एक महिला श्रद्धालु को सांप ने काट लिया है। तेलंगाना के भूपालपल्ली की एक भक्त मोनिका, मंदिर में दर्शन के लिए आई थी। वह लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रही थी, तभी यह घटना घटी।आंध्र प्रदेश के तिरुमला से एक हिला देने वाली खबर सामने आई है। यहां स्थित प्रसिद्ध तिरुपति वेंकटेश्वर मंदिर में बालाजी के दर्शन के लिए लाइन में इंतजार कर रही एक श्रद्धालु को सांप ने काट लिया। आज तड़के हुई इस घटना से तिरुमला में हलचल मच गई है।

300 रुपये देकर लाइन में लगी थी महिला
तेलंगाना के भूपालपल्ली की एक भक्त मोनिका, जो तिरुमला श्रीवारी के दर्शन के लिए 300 रुपये में लाइन में लगी थी, उसे सांप ने काट लिया। यह पता चलने पर तिरुमला तिरुपति देवस्थानम ट्रस्ट (TTD) स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचा और मोनिका को अश्विनी हॉस्पिटल ले गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, उसे बेहतर इलाज के लिए तिरुपति के SWIMS हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया है। पता चला कि महिला की हालत अभी स्थिर है।

TTD के सीनियर अधिकारी और सुरक्षाकर्मी अलर्ट
तिरुमला तिरुपति देवस्थनम ट्रस्ट ने मोनिका के घरवालों को सांप के काटने की खबर दे दी गई। दूसरी तरफ, TTD के सीनियर अधिकारी और सुरक्षाकर्मियों को अलर्ट कर दिया गया है। स्टाफ उन लाइनों की अच्छी तरह से जांच कर रहा है जहां भक्त इंतजार कर रहे हैं। TTD के सीनियर अधिकारियों ने भक्तों को भरोसा दिलाया है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए कदम उठाए जाएंगे।

‘INDI गठबंधन की कमान छोड़ दें राहुल, ममता दीदी करें लीड’, कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर का बड़ा बयान

0

राहुल गांधी को INDI गठबंधन की कमान छोड़ने की सलाह देने वाले मणि शंकर अय्यर के बयान ने एक बार फिर से हलचल बढ़ा दी है। उनके बयान पर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने राहुल गांधी को इंडिया गठबंधन की कमान छोड़ने की सलाह दी है। अय्यर ने कहा है कि राहुल गांधी को इंडिया गठबंधन की कमान छोड़कर ममता बनर्जी, स्टालिन, अखिलेश यादव या तेजस्वी यादव को दे देनी चाहिए। इससे गठबंधन मजबूत होगा और ये नेता गठबंधन को काफी समय दे पाएंगे।

मणिशंकर का बयान ऐसे समय में आया है जब इंडिया गठबंधन में राहुल के नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ममता बनर्जी गठबंधन से दूरी बनाए हुए हैं। वहीं, अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव भी राहुल को ज्यादा तवज्जो नहीं दे रहे हैं।

‘अखिलेश, तेजस्वी, स्टालिन के लिए छोड़ें कमान’
मणिशंकर अय्यर ने कहा, ”ममता दीदी के बिना INDIA अलायंस का ‘I’, ‘N’, ‘D’, ‘I’ और सब निकल जाएगा क्योंकि ममता बनर्जी ही इस गठबंठन की नेता हैं और साथ-साथ और दो-चार और लोग हैं जो इस पद को हासिल कर सकते हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि बजाय राहुल गांधी इसी पद पर रहने की कोशिश करें किसी और को, जो छोटी पार्टियों का है स्टालिन हो, ममता दीदी हों, अखिलेश हो, तेजस्वी हो या कोई और है, और कोई संभाले तो उनके पास ज्यादा टाइम रहेगा गठबंधन को चलाने के लिए।”

कांग्रेस नेताओं ने उठाए सवाल
अय्यर के इस बयान से बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले हलचल मच गई है। पश्चिम बंगाल कांग्रेस के नेताओं ने अय्यर की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस महासचिव सुमन रॉय चौधरी ने कि अय्यर लंबे समय से पार्टी की सक्रिय राजनीति से दूर हैं और उनका बयान पार्टी की आधिकारिक राय नहीं है। आगे उन्होंने कहा, ”मणिशंकर जी क्या आप जानते हैं कि ममता बनर्जी पर्दे के पीछे बीजेपी की कठपुतली की तरह काम करती हैं, जिसके खिलाफ INDIA ब्लॉक लड़ रहा है? मुझे नहीं लगता कि पार्टी से दूर रहने के बाद कांग्रेस पार्टी का कोई भी फैसला लेने में आपका कोई हिस्सा है।”

टीम इंडिया की हार से रोहित शर्मा का हो गया बहुत बड़ा नुकसान, अफ्रीकी कप्तान ने कर दिया कमाल

0

T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को पहली हार का स्वाद चखना पड़ा। साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 में टीम इंडिया को करारी शिकस्त दी।IND vs SA: ICC T20 वर्ल्ड कप में लगातार जीत की आदी हो चुकी टीम इंडिया को आखिरकार ऐसा झटका लगा, जिसने भारतीय फैंस को झकझोर को रख दिया। T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारतीय टीम को 76 रन से करारी शिकस्त दी। टूर्नामेंट में भारत की यह पहली हार है। यही नहीं, T20 वर्ल्ड कप इतिहास में रनों के लिहाज से टीम इंडिया की ये सबसे बड़ी हार भी साबित हुई। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 187 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में महज 111 रन पर सिमट गई। इस हार के साथ भारत का लगातार जीत का सिलसिला भी टूट गया।
मारक्रम ने रोहित को पछाड़ा
भारत को हराने के साथ ही साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मारक्रम ने बड़ा कारनामा कर दिया। यह उनकी बतौर कप्तान T20 वर्ल्ड कप में 13वीं जीत थी। इसके साथ ही उन्होंने इस फॉर्मेट में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के मामले में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया। रोहित शर्मा के नाम 14 मैचों में 12 जीत दर्ज हैं, जबकि मारक्रम ने सिर्फ 14 मुकाबलों में 13 जीत हासिल कर ली हैं।

T20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले कप्तान
21 – एमएस धोनी (33 मैच)
14 – केन विलियमसन (21 मैच)
13 – एडेन मारक्रम (14 मैच)
12 – रोहित शर्मा (14 मैच)
12 – डैरेन सैमी (18 मैच)
12 – दासुन शनाका (21 मैच)
मैच का हाल
साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 187 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। डेविड मिलर ने तूफानी अर्धशतक जड़ा। मिलर ने 35 गेंदों पर 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 63 रनों की पारी खेली। वहीं, डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंदों में 45 रन बनाए। ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद 44 रन की पारी खेली। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह बिखर गए। भारत के 5 बल्लेबाज महज 51 रन पर पवेलियन लौट गए। शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को येनसन ने 4 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। गौरतलब है कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय टीम ने 2023 ODI वर्ल्ड कप फाइनल गंवाया था। ऐसे में साउथ अफ्रीका के हाथों मिली इस हार ने एक बार फिर अहमदाबाद की कड़वी यादों को ताजा कर दिया।

‘राइटर्स को नहीं देते महत्व’, ‘जवान’ के लेखक ने बताई फिल्ममेकर्स की सच्चाई, बोले- उन्हें लगता है सिर चढ़ जाएंगे

0

‘जवान’ और ‘बॉर्डर 2’ जैसी फिल्मों के राइटर सुमित अरोड़ा ने इंडस्ट्री में राइटर्स के हाल और अधिकारों के बारे में बात करते हुए कहा कि फिल्म मेकर पूरी कोशिश करते हैं कि लेखक ज्यादा पैसे न मांगे या फिर उन्हें महत्व न दिया जाए।बॉलीवुड में कई बार लेखकों के अधिकारों की मांग उठ चुकी है। लेखकों की मांग है कि फिल्मों में न सिर्फ लेखकों को क्रेडिट मिलना चाहिए बल्कि फिल्मों के पोस्टरों और प्रमोशनल कंटेंट में भी जगह मिलनी चाहिए। लेखकों को इंडस्ट्री में प्रसिद्धि पाने के लिए हमेशा संघर्ष करना पड़ा है। लेकिन, इंडस्ट्री में सलीम-जावेद जैसी लेखक जोड़ी भी रही और उनसे पहले साहिर लुधियानवी ने सम्मान और पैसे दोनों कमाए। लेकिन, समय के साथ बॉलीवुड में लेखकों के अधिकारों का ह्रास हुआ है और शाहरुख खान स्टारर ‘जवान’ और ‘स्त्री’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर लेखक सुमित अरोड़ा का भी यही कहना है।
लेखकों को कमतर महसूस कराया जाता है- सुमित अरोड़ा
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में सुमित अरोड़ा ने फिल्म इंडस्ट्री में राइटर्स के हाल पर बात की और कहा कि इंडस्ट्री में लेखकों का महत्व एक ऐसे दौर फिर से लौट रहा है। सुमित कहते हैं “पिछले 20 सालों में सबकी सर्वश्रेष्ठ फिल्में ओरिजिनल रही हैं। अब अच्छी स्क्रिप्ट के बिना फिल्म बनाना और सफलता संभव ही नहीं रह गया और अगर कोई ऐसा करता है तो वो सुसाइडल मिशन पर है। मगर लेखकों को अभी भी कमतर महसूस कराया जाता है क्योंकि उन्हें लगता है कि अगर उन्हें महत्व दिया गया तो वे ‘ज्यादा सर चढ़ जाएंगे।’ पैसे और महत्व के मामले में, फिल्ममेकर ये सुनश्चित करने की पूरी कोशिश करते हैं कि लेखकों को महत्व न मिले।”

लेखकों के अधिकारों पर सुमित अरोड़ा
बातचीत में सुमित अरोड़ा से जब पूछा गया कि क्या फिल्म मेकर्स सलीम-जावेद युग की वापसी को लेकर चिंतित हैं? जब बड़े लेखक लीड एक्टर्स से ज्यादा फीस लेते थे, तो सुमित ने कहा, “फिल्ममेकर्स को वो समय अच्छे से याद है। उन्हें पता है कि अगर लेखक को अपनी ताकत का एहसास हो गया तो क्या हो सकता है। यही बात है, जिससे हर कोई डरता है। अगर लेखकों को अपनी अहमियत और ताकत का एहसास हो गया तो ये खेल पूरी तरह पलट जाएगा। हालांकि, हालात पहले से बेहतर हुए हैं, लेकिन सुधार की गुंजाइश अभी भी है। जब मैं ज्यादा पैसे मांगता हूं तो वह कहते हैं- ‘इतना तो काफी है ना?’ वे सीधे तौर पर नहीं कहते, लेकिन बात समझ आ जाती है।”

सुमित अरोड़ा का करियर
सुमित अरोड़ा के करियर की बात करें तो उन्होंने शुरुआती दौर में टीवी के लिए काम किया। करीब 1 दशक तक टेलीविजन में काम करने के बाद, सुमित ने ‘स्त्री’ की कहानी लिखी और बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाई। इसके बाद उन्होंने ‘स्त्री 2’, ” और ‘जवान’ जैसी हिट फिल्मों के जरिए सुर्खियां बटोरीं। अब सुमित वॉर ड्रामा’बॉर्डर 2′ को लेकर चर्चा में हैं, जिनके लिखे डायलॉग हर तरफ छाए हैं। सनी देओल स्टारर फिल्म दुनिया भर में 400 करोड़ की कमाई कर चुकी है।

त्रिशूली नदी में बस गिरने से 18 लोगों की मौत, रात में डेढ़ बजे हुआ हादसा

0

नेपाल के त्रिशूली नदी में यात्रियों से भरी एक बस सोमवार को संतुलन खोकर गिर गई। इस दुर्घटना में 18 लोगों की मौत हो गई है।काठमांडू: नेपाल की राजधानी से करीब 90 किलोमीटर दूर बड़ा बस हादसा हुआ है। नेपाल के धादिंग जिले में गजुरी के पास सोमवार की सुबह त्रिशूली नदी में एक यात्री बस के गिरने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। जबकि 26 यात्री घायल हो गए हैं। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब पोखरा से काठमांडू आ रही बस पृथ्वी हाईवे पर काठमांडू से लगभग 90 किमी पश्चिम में सुबह 1:30 बजे त्रिशूली नदी में गिर गई।

नेपाल आर्म्ड पुलिस फोर्स के प्रवक्ता बिश्नु प्रसाद भट्टा ने बताया कि दुर्घटना स्थल से 17 शव बरामद किए गए हैं और बस से 28 घायल यात्रियों को बचाया गया है। घायल यात्रियों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बचाव कार्य के लिए नेपाल आर्मी, आर्म्ड पुलिस फोर्स और नेपाल पुलिस के कर्मियों को तैनात किया गया है। दुर्घटना में मारे गए लोगों में एक न्यूजीलैंड का पुरुष यात्री शामिल है। एक जापानी और एक डच महिला नागरिक घायलों में शामिल हैं। हालांकि दुर्घटना का सटीक कारण अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस ने कहा कि अत्यधिक गति (ओवर स्पीडिंग) दुर्घटना का कारण हो सकती है।

दुनिया को भारत से नेतृत्व की उम्मीद, तकनीक के लिए मनुष्य की बलि नहीं दी जा सकती- मोहन भागवत

0

मोहन भागवत ने कहा कि संघ की किसी से प्रतिस्पर्धा नहीं है। राष्ट्र सशक्त होगा, तो राष्ट्रवासी भी सशक्त होंगे। साथ ही उन्होंने का कि लंबी ऐतिहासिक यात्रा के बाद आज दुनिया भारत को फिर से नेतृत्वकारी भूमिका में देखने की आशा कर रही है।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में “100 वर्ष की संघ यात्रा- नए क्षितिज, नए आयाम” विषय पर आयोजित प्रमुख जन गोष्ठी और संवाद कार्यक्रम में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने अपने मार्गदर्शन से सभा को संबोधित किया। यह कार्यक्रम देहरादून के हिमालयन कल्चरल सेंटर में आयोजित हुआ, जिसमें कई सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।डॉ. मोहन भागवत ने संघ के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि संघ की किसी से प्रतिस्पर्धा नहीं है। राष्ट्र सशक्त होगा, तो राष्ट्रवासी भी सशक्त होंगे। यदि राष्ट्र दुर्बल होगा, तो व्यक्ति अपने ही देश में सुरक्षित नहीं रह पाएगा। संघ का उद्देश्य व्यक्ति निर्माण है, क्योंकि सशक्त व्यक्ति से ही सशक्त समाज और राष्ट्र का निर्माण होता है।

भारत की नेतृत्वकारी भूमिका
उन्होंने आगे कहा कि लंबी ऐतिहासिक यात्रा के बाद आज दुनिया भारत को फिर से नेतृत्वकारी भूमिका में देखने की आशा कर रही है। संघ के सिद्धांतों के माध्यम से उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि वे समाज और राष्ट्र को सशक्त बनाने में भाग लें। उन्होंने “पंच परिवर्तन” सिद्धांतों के बारे में बताया और भारत को परम वैभव तक पहुंचाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

मोहन भागवत ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों और भेदभाव का मूल कारण व्यवस्था नहीं, बल्कि मन है। अंधकार को पीटने से नहीं, प्रकाश जलाने से समाप्त किया जाता है। व्यवहार में परिवर्तन से ही भेदभाव मिटेगा। संघ में कई स्वयंसेवक दशकों तक कार्य करते हैं, पर पहचान की अपेक्षा नहीं रखते, क्योंकि कार्य ही प्रधान है।

“तकनीक साधन है, साध्य नहीं”
डिजिटल युग पर उन्होंने कहा कि तकनीक साधन है, साध्य नहीं। उसका उपयोग संयम और अनुशासन से होना चाहिए। परिवार में आत्मीयता और समय देना आवश्यक है; तकनीक के लिए मनुष्य की बलि नहीं चढ़ाई जा सकती। उन्होंने कहा कि जो जोड़ने का कार्य करे, वही हिंदू है। मातृभूमि के प्रति भक्ति अनिवार्य है। विश्व सत्य से अधिक शक्ति को समझता है, इसलिए शक्ति अर्जित करना आवश्यक है, किंतु उसका उपयोग मर्यादित होना चाहिए।

संघ प्रमुख ने कहा कि महिलाएं पूर्णतः स्वतंत्र हैं। देश संचालन में उनकी भागीदारी 33 प्रतिशत ही नहीं, 50 प्रतिशत तक होनी चाहिए। प्रतिबंध काल में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ हिंदुत्व की राजनीति नहीं करता, बल्कि व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज उत्थान का कार्य करता है। भ्रष्टाचार मन से प्रारंभ होता है और वहीं समाप्त किया जा सकता है। जनसंख्या को उन्होंने बोझ और संसाधन– दोनों दृष्टियों से देखने की आवश्यकता बताई और समान रूप से लागू होने वाली विचारपूर्ण नीति पर बल दिया।

स्नूकर क्लब में 2 नाबालिगों ने 10वीं के छात्र को घेरा, 30 सेकेंड में 20 बार घोंपा चाकू; काट दी उंगलियां

0

भोपाल के एक स्नूकर क्लब में दो नाबालिगों ने एक 10वीं के छात्र को घेरकर चाकू से हमले किए। दोनों आरोपियों ने 30 सेकेंड में छात्र पर 20 से ज्यादा वार किए।मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। शहर के टीलाजमालपुरा थाना क्षेत्र में एक स्नूकर क्लब के भीतर दो नाबालिगों ने 10वीं क्लास के एक छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों आरोपियों ने मात्र 30 सेकेंड के अंदर छात्र पर 20 से ज्यादा वार किए।

यह वारदात 16 फरवरी की बताई जा रही है, जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि छात्र अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन दोनों आरोपी उसे घेरकर बेरहमी से चाकू मार रहे हैं।

हाथ की उंगलियां कटीं
इस जानलेवा हमले में घायल छात्र गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। हमले के दौरान खुद को बचाने की कोशिश में छात्र के एक हाथ की दो उंगलियां कट गईं, जबकि दूसरे हाथ में भी चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले पीड़ित छात्र का आरोपियों से किसी बात पर विवाद हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने स्नूकर क्लब में उस पर हमला किया। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद एक आरोपी ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर फिल्मी गाना लगाकर पोस्ट किया।दो भाइयों की गोली मारकर हत्या
एक अन्य खबर में, बिहार के पटना के एक गांव में रविवार देर शाम विवाह समारोह में अज्ञात हमलावरों ने दो भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 25 से 27 वर्ष के मनजीत कुमार और मनीष कुमार की हत्या पुराने विवाद के कारण की गई। यह घटना गोपालपुर पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले शाहपुर गांव में हुई।

पटना पूर्व के पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया, “पुलिस को सूचना मिली कि स्थानीय निवासी दौलत राय के बेटे की शादी के रिसेप्शन में कुछ अज्ञात लोगों ने दो भाइयों को गोली मार दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को पास के सरकारी अस्पताल ले गई, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।” मामले की जांच की जा रही है।

सड़क किनारे की जमीन को लेकर बवाल, दबंगों पर मारपीट और धमकी का आरोप; दो माह से थाने के चक्कर काट रहा परिवार

0

इटावा।
जनपद इटावा के खरदूली गांव में सड़क किनारे स्थित भूमि को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया है। गांव निवासी अंकित ने आरोप लगाया है कि उनकी पेट वाली जमीन, जो मुख्य सड़क से लगी हुई है, पर पीछे की ओर जमीन रखने वाले विपक्षी पक्ष के लोगों द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार यह विवाद पिछले करीब दो महीनों से चल रहा है और अब मामला मारपीट व जान से मारने की धमकियों तक पहुंच गया है।

अंकित का कहना है कि विपक्षी पक्ष, जिनका नाम गाड़ियां बताया गया है, उनकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से आए दिन विवाद खड़ा कर रहे हैं। आरोप है कि कई बार गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की घटनाएं भी हो चुकी हैं। पीड़ित परिवार का दावा है कि उन्हें खुलेआम धमकी दी जा रही है कि यदि जमीन खाली नहीं की तो अंजाम गंभीर होगा।

परिवार का यह भी आरोप है कि मामले की शिकायत थाने में की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित का कहना है कि पुलिस में सुनवाई न होने से उनका मनोबल टूट रहा है और पूरा परिवार दहशत के साए में जीने को मजबूर है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

गांव में इस विवाद को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो स्थिति और बिगड़ सकती है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर तनातनी जारी है और पीड़ित पक्ष न्याय की आस में दर-दर भटक रहा है।