Wednesday, July 8, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home Blog Page 124

सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे और पानी विवाद से बढ़ा तनाव, पुलिस-प्रशासन की समझाइश भी बेअसर

0

लालगंज/प्रतापगढ़। तहसील लालगंज क्षेत्र के ग्राम उमरोडा में सार्वजनिक रास्ते पर कथित अतिक्रमण और नल का पानी खोलकर रास्ता बाधित करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़ित ग्रामीण ने उपजिलाधिकारी से शिकायत कर रास्ते को अवैध कब्जे से मुक्त कराने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम उमरोडा निवासी वीरेन्द्र कुमार कोरी पुत्र राम सजावन कोरी ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसके घर तक पहुंचने के लिए गांव में केवल एक ही सार्वजनिक रास्ता है। आरोप है कि गांव के ही छोटे लाल तिवारी पुत्र स्व. तिवारी, रामपाल गौतम पुत्र गुना तथा शंकर लाल ने उक्त रास्ते पर पेड़ लगाकर और अन्य अवरोध खड़े कर दिए हैं। साथ ही, कथित रूप से रास्ते के समीप नल का पानी खोल दिया गया, जिससे मार्ग पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

पीड़ित का कहना है कि इस अवरोध के कारण उसके परिवार को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। विशेषकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए दबंगई दिखाने और धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।

वीरेन्द्र कुमार कोरी ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी, जिसके बाद दरोगा मौके पर पहुंचे। हालांकि, आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस की बात भी नहीं मानी। गांव के प्रधान और अन्य ग्रामीण भी समझाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन संबंधित लोग किसी की बात सुनने को तैयार नहीं हुए।

ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक रास्ते पर इस प्रकार का कब्जा गैरकानूनी है और इससे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मौके की निष्पक्ष जांच कर रास्ते से अवरोध हटवाया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

उपजिलाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यदि सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण पाया गया तो नियमानुसार उसे हटाया जाएगा।

फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और सभी की निगाहें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

बेंगलुरु में बिहार के मजदूर से ठेकेदार की दबंगई: 2 महीने की मजदूरी रोकी, पत्नी से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध करने पर मारपीट

0

खगड़िया/बेंगलुरु। बिहार के खगड़िया जिले के प्रभुता थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद कयूम के साथ बेंगलुरु में काम के दौरान गंभीर अन्याय का मामला सामने आया है। करीब 13 वर्षों से बेंगलुरु की एक नारियल फैक्ट्री में कार्यरत कयूम ने कभी किसी प्रकार की शिकायत का सामना नहीं किया, लेकिन अब उन्हीं के ठेकेदार मोहम्मद नूर पर वेतन रोकने, पत्नी से छेड़छाड़ और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद कयूम पिछले दो महीनों से अपने ठेकेदार मोहम्मद नूर के अधीन कार्य कर रहे थे, लेकिन उन्हें लगातार दो माह का भुगतान नहीं दिया गया। आर्थिक तंगी के बीच कयूम अपने परिवार को भी बेंगलुरु ले आए थे, ताकि साथ रहकर जीवन यापन कर सकें। इसी दौरान ठेकेदार पर कयूम की पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है।

पीड़ित का आरोप है कि मोहम्मद नूर ने मोबाइल नंबर लेने के बहाने उनकी पत्नी का हाथ पकड़ लिया और छेड़छाड़ की। जब कयूम ने इस हरकत का विरोध किया और ठेकेदार से इस संबंध में बात की, तो मामला और बिगड़ गया। आरोप है कि मोहम्मद नूर पांच-छह लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और कयूम व उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। इस घटना के बाद दोनों दहशत में हैं।

पीड़ित परिवार का कहना है कि वे न्याय की उम्मीद में स्थानीय थाने पहुंचे, लेकिन वहां उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। दो महीने की बकाया मजदूरी अब तक नहीं दी गई है, जिससे परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है।

मामले ने प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और उनके अधिकारों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि अगर एक मजदूर 13 साल तक ईमानदारी से काम करता है, तो क्या उसे अपने ही कार्यस्थल पर सुरक्षा और सम्मान नहीं मिलना चाहिए? अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़ित परिवार को कब न्याय मिलता है।

 

भारत और कनाडा फिर से बनेंगे पक्के दोस्त, प्रधानमंत्री मार्क कार्नी पीएम मोदी से मिलने आ रहे नई दिल्ली

0

ट्रेड वार में अमेरिका का सामना करने के लिए कनाडा को भारत जैसे सहयोगी की जरूरत है। लिहाजा कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी अब पीएम मोदी के साथ अपनी दोस्ती को और मजबूत करना चाहते हैं। वह 26 फरवरी को नई दिल्ली आ रहे हैं।टोरंटो: भारत और कनाडा अब फिर से दोस्ती की नई इबारत लिखने वाले हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के सत्ता में आने के बाद से ही भारत के साथ संबंधों में तेजी से सुधार आया है। अब कनाडाई प्रधानमंत्री भारत की यात्रा पर आने वाले हैं। इस दौरान वह पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे और अहम द्विपक्षीय वार्ताएं होंगे। दोनों नेता भारत-कनाडा के रिश्तों को पहले से अधिक मजूबत करने की प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ना चाहते हैं।

पीएम कार्नी के कार्यालय के अनुसार उनकी यह भारत यात्रा कनाडा की अमेरिका से व्यापार विविधीकरण की नवीनतम कोशिश है। अपनी इस यात्रा के क्रम में कार्नी सबसे पहले गुरुवार को मुंबई जाएंगे, जहां वे भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और व्यवसायिक नेताओं से बातचीत करेंगे। इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया और जापान की यात्रा पर जाएंगे। वह कैनबरा में ठहराव के दौरान ऑस्ट्रेलिया की संसद के दोनों सदनों को संबोधित करेंगे, जो पिछले 20 वर्षों में किसी कनाडाई प्रधानमंत्री द्वारा ऐसा करने का पहला मौका होगा। साथ ही वे ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज से भी मिलेंगे और रक्षा तथा एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) प्रगति पर चर्चा करेंगे। इसके बाद कार्नी टोक्यो जाएंगे, जहां वे जापान की प्रधानमंत्री तकाइची सनाए से मिलेंगे और स्वच्छ ऊर्जा, क्रिटिकल मिनरल्स तथा खाद्य सुरक्षा पर चर्चा करेंगे।

अमेरिका को टक्कर देने के लिए कनाडा को चाहिए भारत का साथ
अमेरिका को टक्कर देने के लिए कनाडा को भारत जैसे सहयोगियों की जरूरत महसूस हो रही है। कनाडा अब भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान जैसे देशों के साथ अपने रिश्तों को मजबूत करना चाहता है। एक अनिश्चित दुनिया में अब कनाडा उन चीजों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जिन्हें नियंत्रित किया जा सकता है। कार्नी ने एक बयान में कहा कि हम अपने व्यापार को विविधीकृत कर रहे हैं और बड़े पैमाने पर नया निवेश आकर्षित कर रहे हैं। कार्नी ने अगले दशक में कनाडा के गैर-अमेरिकी निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी टैरिफ निवेश को मंद कर रहे हैं।

अमेरिका ने दी है कनाडा को धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा की अर्थव्यवस्था और संप्रभुता पर टैरिफ के माध्यम से धमकी दी है। ट्रंप ने सबसे आक्रामक रूप से यह दावा किया है कि कनाडा अमेरिका का “51वां राज्य” हो सकता है। ट्रंप ने हाल ही में कनाडा के प्रस्तावित चीन व्यापार सौदे पर कनाडा से आयातित वस्तुओं पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी, जिससे लंबे समय से अमेरिकी सहयोगी कनाडा और कार्नी के साथ विवाद तेज हो गया है। पिछले महीने दावोस में विश्व आर्थिक मंच पर, कार्नी ने बड़ी शक्तियों द्वारा छोटे देशों पर आर्थिक जबरदस्ती की निंदा की थी। प्रधानमंत्री कार्नी को उनके बयानों के लिए व्यापक प्रशंसा और ध्यान मिला, जहां उन्होंने ट्रंप को पीछे छोड़ दिया।

2 साल तनावपूर्ण संबंधों के बाद भारत-कनाडा अब नई राह पर
कनाडा और भारत ने पिछले साल दो वर्षों के तनावपूर्ण संबंधों के बाद व्यापार सौदे को आगे बढ़ाने के लिए कदम उठाए हैं। पहले भारत कनाडा का सातवां सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार था। कनाडा और भारत के संबंध तब से तनावपूर्ण हैं, जब कनाडाई पुलिस ने न्यू दिल्ली पर वैंकूवर के पास जून 2023 में एक कनाडाई सिख कार्यकर्ता की हत्या में भूमिका निभाने का आरोप लगाया था।

पहली बार श्रीलंका की मेजबानी करेगा अफगानिस्तान, इस देश में खेले जाएंगे कुल 6 मुकाबले

0

T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो चुकी अफगानिस्तान टीम को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। अफगानिस्तान पहली बार श्रीलंका की मेजबानी करेगा।AFG vs SL: अफगानिस्तान क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पहली बार अफगानिस्तान श्रीलंका की मेजबानी करेगा। दोनों टीमों के बीच T20I और ODI सीरीज खेली जाएगी। यह दोनों सीरीज 13 से 25 मार्च के बीच संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE में खेली जाएगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच कुल 6 मुकाबले खेले जाएंगे।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड आधिकारिक तौर पर यह जानकारी दी। यह दोनों देशों के बीच दूसरी द्विपक्षीय T20 सीरीज होगी। इससे पहले दोनों टीमें फरवरी 2024 में T20 सीरीज में भिड़ चुकी हैं। ODI फॉर्मेट में अफगानिस्तान और श्रीलंका 2022, 2023 और 2024 में द्विपक्षीय सीरीज खेल चुके हैं। तीन T20 मुकाबले 13, 15 और 17 मार्च को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि ODI सीरीज के मैच 20, 22 और 25 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होंगे।

लंका और अफगानिस्तान के बीच होगी कांटे की टक्कर
ACB के सीईओ नसीब खान ने कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर दोनों बोर्डों के रिश्तों को और मजबूत करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि हालिया फॉर्म को देखते हुए श्रीलंका कड़ी टक्कर देगा और क्रिकेट प्रेमियों को हाई-क्वालिटी मुकाबले देखने को मिलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि टीम का लक्ष्य आगामी ICC और ACC टूर्नामेंट्स की तैयारी को मजबूती देना है।

यह सीरीज इंटरनेशनल क्रिकेट कैलेंडर के दो बड़े आयोजनों के बीच हो रही है। मेन्स T20 वर्ल्ड कप 8 मार्च को समाप्त होगा और ठीक पांच दिन बाद यह सीरीज शुरू हो जाएगी। जहां अफगानिस्तान का अभियान T20 वर्ल्ड कप में जल्दी समाप्त हो गया, वहीं श्रीलंका सुपर-8 चरण में पहुंचा है। श्रीलंका क्रिकेट के CEO एशले डी सिल्वा ने इस दौरे को ऐतिहासिक बताया। उनके अनुसार, अफगानिस्तान की मेजबानी में खेलना श्रीलंका के लिए खास अनुभव होगा और यह भविष्य की तैयारियों में मददगार साबित होगा।

IPL से ठीक पहले खत्म होगी सीरीज
गौरतलब है कि ODI सीरीज 25 मार्च को खत्म होगी और ठीक अगले दिन 26 मार्च से IPLऔर PSL का आगाज हो जाएगा। ऐसे में कई खिलाड़ी इन फ्रेंचाइजी लीगों से जुड़ने के लिए सीधे वहां रवाना होंगे। अफगानिस्तान के राशिद खान और नूर अहमद, जबकि श्रीलंका के दासुन शनाका और कुसल परेरा जैसे खिलाड़ी इन लीगों में हिस्सा लेने वाले प्रमुख नामों में शामिल हैं।

इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब भी गिरफ्तार, भारत मंडपम प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन

0

इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। छत्तीसढ़ के पूर्व सीएम बघेल ने कहा कि वह इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हैं।दिल्ली में एआई समिट के दौरान भारत मंडपम में विरोध प्रदर्शन के मामले में लगातार गिरफ्तारी हो रही है। इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब तक कुल 8 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
पटियाला हाउस कोर्ट में बढ़ाई गई सुरक्षा
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में उदय भानु चिब को पेश किया है। पटियाला हाउस कोर्ट के बाहर और अंदर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पैरा मिलट्री फोर्स को तैनात किया गया है। कोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता जमा हुए हैं।

ये गिरफ्तारी पूरी तरह से असंवैधानिक- कांग्रेस
उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस पार्टी की प्रतिक्रिया सामने आई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस ने लिखा कि दिल्ली पुलिस ने IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब जी को गिरफ्तार कर लिया है। ये गिरफ्तारी पूरी तरह से असंवैधानिक है। देश के संविधान ने हर नागरिक को विरोध का अधिकार दिया है। हम इन हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं। हम जनता की आवाज उठाते रहेंगे, उनके लिए लड़ते रहेंगे।

छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम ने की कड़ी निंदा
इंडियन यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा उदय भानु चिब एवं अन्य युवा साथियों की गैरकानूनी गिरफ्तारी की मैं कड़ी निंदा करता हूं।

शांतिपूर्ण तरीके से किया गया प्रदर्शन
पूर्व सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘सरकार यह भूल रही है कि लोकतंत्र में युवाओं का आवाज उठाना, सवाल पूछना और विरोध करना अपराध नहीं, बल्कि लोकतंत्र का सबसे मजबूत हथियार है। हमारे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिना किसी हिंसा या उकसावे के सिर्फ शांतिपूर्ण तरीके से प्रधानमंत्री के समझौतों और युवाओं की अनसुनी पीड़ा को सामने लाया है।’

सरकार पुलिसिया दमन का ले रही सहारा
बघेल ने कहा कि यह एक साहसी, जायज और लोकतांत्रिक कदम था, जिसे दबाने के लिए अब सरकार के द्वारा पुलिसिया दमन का सहारा लिया जा रहा है। यह कार्रवाई न केवल गैरकानूनी है, बल्कि अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र पर सीधा हमला भी है।

IYC कार्यकर्ताओं को तुरंत किया जाए रिहा
पूर्व सीएम ने कहा कि हम मांग करते हैं कि उदय भानु चिब सहित सभी गिरफ्तार IYC कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा किया जाए और उन पर लगाए गए सभी झूठे आरोप वापस लिए जाएं तथा इस तरह की दमनकारी कार्रवाईयों को तत्काल रोका जाए।

दलित परिवार को मंदिर से निकाला गया बाहर, शादी के बाद भगवान के दर्शन करने गया था जोड़ा, आरोपी अरेस्ट-VIDEO

0

मंदिर से बाहर निकाले गए दलित परिवार ने पुलिस में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने इस मामले में एक्शन लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।कर्नाटक के टुमकुरु जिले के तूरुवेकेरे तालुक के गोनी गांव स्थित अरसम्‍मा मंदिर में जातिगत भेदभाव का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दलित परिवार को मंदिर परिसर से अपमानित कर बाहर निकाल दिया गया। ये पूरा मामला पुलिस के पास भी पहुंच गया। पुलिस ने इस मामले में एक्शन लिया है।

ऊंची जाति के शख्स ने दलित जोड़े को किया बाहर
जानकारी के अनुसार, हाल ही में विवाह बंधन में बंधा एक दलित जोड़ा मंदिर दर्शन के लिए पहुंचा था। इसी दौरान ऊंची जाति से जुड़े नारायणप्पा नामक व्यक्ति ने स्वयं को देवी-देवता का अवतार बताकर ‘आवेश’ की स्थिति का नाटक किया और दलित परिवार को मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं होने का दावा करते हुए वहां से जाने के लिए कहा।

घटना का सामने आया वीडियो
आरोप है कि परिवार को डांट-फटकार कर मंदिर परिसर से बाहर कर दिया गया। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना से आहत पीड़ित जगदीश ने तूरुवेकेरे पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने नारायणप्पा, प्रभा, कांतन्ना, अमूल्या, पुट्टेगौड़ा, पद्मा सहित अन्य के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मुख्य आरोपी नारायणप्पा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की आगे की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से गांव एवं आसपास के दलित लोगों में काफी नाराजगी है।

हेमंती देवी इन दिनों सोशल मीडिया पर अपनी मेहनत और संघर्ष की बदौलत चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

0

नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के ग्राम भदौल भावदास बिगहा की रहने वाली हेमंती देवी इन दिनों सोशल मीडिया पर अपनी मेहनत और संघर्ष की बदौलत चर्चा का विषय बनी हुई हैं। 1 जनवरी 1997 को जन्मी हेमंती देवी पिछले दो साल तीन महीने से लगातार वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और अपने गांव से लेकर आसपास के इलाकों में पहचान बना चुकी हैं।

हेमंती देवी की कहानी संघर्ष और आत्मनिर्भरता की मिसाल है। वह एक साधारण ग्रामीण परिवार से आती हैं। उनके पति हूरिनन्दन कुमार हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य है। बावजूद इसके हेमंती देवी ने हालात से हार नहीं मानी। वह दिन में मेहनत मजदूरी करती हैं और शाम होते ही मोबाइल कैमरे के सामने अपनी प्रतिभा दिखाती हैं। सीमित संसाधनों के बीच वह खुद ही वीडियो की शूटिंग, अभिनय और अपलोडिंग का काम संभालती हैं।इनकी वीडियो आईडी संतोष कुमार के नाम से चला रहे हैं)

गांव की पगडंडियों, खेतों और अपने घर के आंगन को ही उन्होंने अपना स्टूडियो बना लिया है। लोकगीत, पारिवारिक झलकियां, ग्रामीण जीवन की सादगी और मेहनतकश जिंदगी की सच्चाई उनके वीडियो की खास पहचान बन गई है। यही वजह है कि धीरे धीरे उनके फॉलोअर्स की संख्या बढ़ती जा रही है और लोग उनके जज्बे को सलाम कर रहे हैं।

गांव के लोगों का कहना है कि हेमंती देवी ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों तो संसाधनों की कमी भी रास्ता नहीं रोक सकती। कई बार सामाजिक ताने और आर्थिक परेशानियों का सामना करने के बावजूद उन्होंने वीडियो बनाना नहीं छोड़ा। मेहनत मजदूरी से घर चलाते हुए सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाना आसान नहीं होता, लेकिन उन्होंने यह कर दिखाया।

हेमंती देवी कहती हैं कि वह अपने परिवार का सहारा बनना चाहती हैं और आगे चलकर अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देना चाहती हैं। उनका सपना है कि वह सोशल मीडिया के जरिए इतनी पहचान बनाए कि उन्हें नियमित आय का साधन मिल सके और मजदूरी पर पूरी तरह निर्भर न रहना पड़े।

आज भदौल भावदास बिगहा गांव की यह बेटी कई महिलाओं के लिए प्रेरणा बनती जा रही है। वह दिखा रही हैं कि छोटे गांव से भी बड़े सपने देखे जा सकते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए बस मेहनत और लगन की जरूरत होती है।

राजधानी के सीतापुर रोड इलाके से 18 वर्षीय युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है।

0

लखनऊ से बड़ी खबर सामने आ रही है। राजधानी के सीतापुर रोड इलाके से 18 वर्षीय युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजन उसकी तलाश में दर-दर भटक रहे हैं।

जानकारी के अनुसार शुभम सिंह (आयु 18 वर्ष) निवासी ताड़ीखाना, सीतापुर रोड, लखनऊ, अचानक घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों का कहना है कि शुभम दिमागी रूप से अस्वस्थ है, जिससे उन्हें उसकी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता सता रही है।

लापता युवक की पहचान गुलाबी शर्ट, नीली पैंट और भूरी चप्पल पहने हुए के रूप में की गई है। उसका शरीर दुबला-पतला है, रंग सांवला है और कान में काला धागा पहने हुए है। परिवार का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए वह अपना नाम-पता ठीक से नहीं बता पाता।

घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिजन हर आने-जाने वाले से पूछताछ कर रहे हैं और लोगों से मदद की गुहार लगा रहे हैं। शुभम की सूचना देने वाले व्यक्ति को 5000 का इनाम भी घोषित किया गया है

परिवार ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी शुभम दिखाई दे तो तुरंत नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क करें:
9695339317
6388599374
9260910735
7839861026

सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर तेज बढ़त की संभावना, एक्सपर्ट्स ने बताई वजहें

0

अमेरिका में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद ट्रंप का वैश्विक आयात शुल्क बढ़ाना और बढ़ते भू-राजनीतिक जोखिमों ने वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता पैदा कर दी है, जिससे निवेशक सुरक्षित निवेश सोना और चांदी की ओर बढ़े हैं।Gold and Silver Price: एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ग्लोबल टैरिफ बढ़ाने के फैसले और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बाद नए सिरे से व्यापार तनाव के बीच निवेशकों ने सुरक्षित-संपत्ति में सुरक्षा की मांग की है, जिससे इस हफ्ते चांदी और सोने में तेजी आने की उम्मीद है। बाजार में काम करने वाले लोग कीमती धातुओं के भाव के रुझान जानने के लिए कुछ महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों पर ध्यान देंगे। इनमें अमेरिका का उत्पादक मूल्य सूचकांक, लोगों का आर्थिक भरोसा, साप्ताहिक बेरोजगारी के दावे और चीन के केंद्रीय बैंक द्वारा ब्याज दर का फैसला शामिल है।डोनाल्ड ट्रंप के ताजा फैसले ने वैश्विक व्यापार में पैदा की अनिश्चितता
चॉइस ब्रोकिंग ने कहा कि अमेरिका में उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद ट्रंप का वैश्विक आयात शुल्क बढ़ाना और बढ़ते भू-राजनीतिक जोखिमों ने वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता पैदा कर दी है, जिससे निवेशक सुरक्षित निवेश सोना और चांदी की ओर बढ़े हैं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमतों में पिछले हफ्ते 8584 रुपये यानी 3.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जबकि सोने की कीमत लगभग 981 रुपये यानी एक प्रतिशत बढ़ी।

20 फरवरी तक सीमित दायरे में रहीं सोने की कीमतें
एंजेल वन के शोध विभाग के प्रथमेश माल्या ने कहा, ”20 फरवरी तक सोने की कीमतें सीमित दायरे में रहीं। एमसीएक्स पर सोने की कीमत 10 ग्राम के हिसाब से 1.5 लाख से 1.6 लाख रुपये के बीच बदलती रहीं। अमेरिका के कमजोर आर्थिक आंकड़े और बढ़ते भू-राजनीतिक जोखिमों ने सोने की कीमतें बढ़ा दीं। साथ ही निवेशकों ने फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में कटौती की संभावना को भी ध्यान में रखा।”

1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है सोना
माल्या ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ती तनाव की स्थिति, रूस-यूक्रेन युद्ध और व्यापक बाजार में उतार-चढ़ाव ने कुछ निवेशकों को अनिश्चितता से बचने के लिए सोने में निवेश करने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा, ”कुल मिलाकर, इस हफ्ते कीमती धातुओं में जोखिम-मुक्त भावना बनी रही। हमें सोने की कीमतों के 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक बढ़ने का अनुमान

छत्रपति संभाजीनगर में पारिवारिक विवाद बना जानलेवा हमला, 65 वर्षीय मजदूर पर चाकू से वार

0

छत्रपति संभाजीनगर। दौलताबाद थाना क्षेत्र के जटवाडा गांव में एक पारिवारिक विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और 65 वर्षीय मजदूर कडूबा सूर्यभान वाघमारे पर कथित तौर पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे उनका जीवन खतरे में है।

घटना 12 फरवरी 2026 की दोपहर लगभग 3 बजे की बताई जा रही है। कडूबा वाघमारे के अनुसार विवाद की शुरुआत गांव में वीडियो की आवाज़ को लेकर हुई, जो मामूली कहासुनी से बढ़कर झगड़े में बदल गया। इसके बाद उनके रिश्तेदार निखील सांडू वाघमारे और आदित्य सांडू वाघमारे ने पहले उनके अन्य परिजनों से मारपीट की और जब कडूबा वाघमारे बीच-बचाव के लिए आए, तो उन पर भी हमला कर दिया।

पीड़ित परिवार ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि आदित्य ने जेब से धारदार चाकू निकालकर कडूबा वाघमारे पर कई वार किए, जिससे उनके हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, हाथ में नौ टांके और पसली के पास दो टांके लगाए गए हैं। परिवार का यह भी दावा है कि हमलावरों ने धमकी दी कि पुलिस भी उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।

कडूबा वाघमारे का कहना है कि जब उन्होंने उसी दिन दौलताबाद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, तो संबंधित अधिकारियों ने आरोपियों के साथ बंद कमरे में बातचीत की और गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किए बिना उन्हें छोड़ दिया। परिवार ने पुलिस की इस निष्क्रियता पर सवाल उठाया और आशंका जताई कि यदि सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे परिवार की जान को गंभीर खतरा हो सकता है।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि हमलावरों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, लेकिन इसके बावजूद उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने पुलिस आयुक्त से निष्पक्ष जांच, तत्काल गिरफ्तारी और संबंधित अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

इसके अतिरिक्त, पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर अक्सर ड्रग्स से जुड़े अवैध कामों में लिप्त रहते हैं, जिससे गांव और आसपास के क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

घटना के बाद जटवाडा गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार की चिंता सुरक्षा और न्याय को लेकर बढ़ती जा रही है।