Home World ‘हम दुनिया के हर देश से आगे हैं, सभी हमसे जलते हैं’,...

‘हम दुनिया के हर देश से आगे हैं, सभी हमसे जलते हैं’, नैतिकता पर उठे सवाल तो ट्रंप ने दिया बड़ा बयान

0

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका एआई और क्रिप्टोकरेंसी में चीन समेत सभी देशों से आगे है और यही वजह है कि पूरी दुनिया इससे जलती है। परिवार के क्रिप्टो कारोबार पर हितों के टकराव के आरोपों को उन्होंने पूरी तरह खारिज कर दिया।
वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता या AI और क्रिप्टोकरेंसी के क्षेत्र में अपनी सरकार की रणनीति का बचाव करते हुए कहा कि अमेरिका इस समय चीन सहित पूरी दुनिया से आगे है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके परिवार के क्रिप्टो कारोबार को लेकर उठ रहे हितों के टकराव के आरोपों में कोई दम नहीं है और उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। CNBC के पत्रकार जो कर्नेन को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि क्रिप्टोकरेंसी में दुनिया का नेतृत्व करना अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया अमेरिका से जलती है।
‘हम चीन और बाकी सभी देशों से काफी आगे हैं’
सवालों के जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा, ‘मैं क्रिप्टो को थोड़ा अलग नजरिए से देखता हूं। हमें इसमें सबसे आगे रहना होगा, क्योंकि अगर हम ऐसा नहीं करेंगे तो चीन आगे निकल जाएगा। अगर हम यह काम नहीं करेंगे तो चीन इसे अपने हाथ में ले लेगा। यह बहुत बड़ा मामला है। मैं चाहता हूं कि जिस भी क्षेत्र में अमेरिका काम करे, उसमें नंबर एक रहे। आज हम क्रिप्टो में भी नंबर एक हैं और एआई में भी नंबर एक हैं। एआई के मामले में हम चीन और बाकी सभी देशों से काफी आगे हैं।’

‘शी जिनपिंग ने की थी मेरे काम की तारीफ’
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि मई के मध्य में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ हुई उनकी मुलाकात के दौरान शी ने अमेरिका की आर्थिक स्थिति में आए बदलाव की सराहना की थी। ट्रंप ने कहा,

‘करीब तीन सप्ताह पहले जब मैं राष्ट्रपति शी से मिला तो उन्होंने मेरा स्वागत करते हुए सबसे पहले कहा था कि मैंने बहुत अच्छा काम किया है। अमेरिका पहले ठहर गया था, लेकिन अब दुनिया का सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाला देश बन गया है।’

ट्रंप ने क्रिप्टोकरेंसी में की छप्परफाड़ कमाई
ट्रंप के ये बयान ऐसे समय आए हैं जब 30 जून को ‘यूएस ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एथिक्स’ ने उनकी 900 पन्नों की वित्तीय जानकारी सार्वजनिक की। 1978 के पारदर्शिता कानून के तहत जारी इस दस्तावेज में बताया गया है कि वर्ष 2025 में ट्रंप ने क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े कारोबार के जरिए करीब 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर की कमाई की। दस्तावेज के मुताबिक, सितंबर 2024 में ट्रंप परिवार के समर्थन से शुरू किए गए वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल (WLF) के टोकन की पहली बिक्री से ट्रंप को लगभग 55 करोड़ अमेरिकी डॉलर की आय हुई।

ट्रंप के बेटों ने भी क्रिप्टोकरेंसी में कमाया लाभ
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि ट्रंप और उनके 3 बेटों ने डीटी मार्क्स डेफी नाम की एक मध्यस्थ कंपनी के जरिए 22.5 अरब WLFI टोकन भी खरीदे, जिनकी मौजूदा अनुमानित कीमत करीब 1.3 अरब अमेरिकी डॉलर बताई गई है। जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें सार्वजनिक खुलासे से पहले अपने परिवार के क्रिप्टो कारोबार की पूरी जानकारी थी, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘नहीं। मुझे इसके बारे में पता हो सकता था, लेकिन इसमें कुछ भी गैरकानूनी या गलत नहीं है। मुझे जानकारी हो सकती थी।’

ट्रंप ने कुछ यूं किया अपने परिवार का बचाव
ट्रंप ने अपने परिवार का बचाव करते हुए कहा कि राष्ट्रपति होने के दौरान उनके बच्चों के लिए निजी कारोबार और सार्वजनिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं है। उन्होंने कहा,

‘मैं अपने बच्चों से कहता हूं कि जितना हो सके, इन चीजों से दूर रहें। लेकिन उनकी भी अपनी जिंदगी है। हम राजनीति में आने से बहुत पहले से कारोबार कर रहे थे। आप मुझे राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने से बहुत पहले से जानते हैं।’

‘आज पूरी दुनिया अमेरिका से जलती है’
अपने कारोबारी अनुभव का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि यही अनुभव आज अमेरिकी अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहा है। ट्रंप ने कहा, ‘मैंने पिछले कई सालों में काफी पैसा कमाया है। मुझे लगता है कि लोगों ने मुझे इसलिए चुना क्योंकि उनके पास एक कारोबारी व्यक्ति था। अगर आप आज की स्थिति देखें तो हम सभी को पीछे छोड़ रहे हैं। हम चीन को पीछे छोड़ रहे हैं और हर दूसरे देश से आगे हैं। आज पूरी दुनिया अमेरिका से जलती है।’

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version