Monday, July 6, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeNationalकेंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने डॉ. अनुराग बत्रा को किया...

केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने डॉ. अनुराग बत्रा को किया सम्मानित, मीडिया और एक्सपीरिएंशियल इकोनॉमी में योगदान के लिए मिला विशेष सम्मान

केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने डॉ. अनुराग बत्रा को सम्मानित किया है। उन्हें यह सम्मान मीडिया और एक्सपीरिएंशियल इकोनॉमी में योगदान के लिए प्रदान किया गया। इस अवसर पर डॉ. अनुराग बत्रा ने कहा, “यह सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए बेहद गर्व और सम्मान की बात है।”
नई दिल्ली: ‘बिजनेसवर्ल्ड’ (BW Businessworld) के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ और एक्सचेंज4मीडिया ग्रुप (exchange4media Group) के फाउंडर डॉ. अनुराग बत्रा को मीडिया और एक्सपीरिएंशियल इकोनॉमी (अनुभव आधारित अर्थव्यवस्था) में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष सम्मान (स्पेशल अवॉर्ड) से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने उन्हें प्रदान किया। यह सम्मान मीडिया, विज्ञापन, मार्केटिंग, इवेंट्स, टेक्नोलॉजी और कारोबार से जुड़े क्षेत्रों में संस्थानों, मंचों और पेशेवर समुदायों के निर्माण तथा पिछले ढाई दशक से अधिक समय से इंडस्ट्री में सार्थक संवाद को बढ़ावा देने में डॉ. बत्रा के योगदान को मान्यता देता है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. अनुराग बत्रा ने कहा, “यह सम्मान प्राप्त करना मेरे लिए बेहद गर्व और सम्मान की बात है। भारत का इवेंट्स और एक्सपीरिएंशियल इकोनॉमी क्षेत्र आज कारोबार, संस्कृति और नवाचार का एक मजबूत आधार बन चुका है। इस क्षेत्र के विकास में अपना योगदान देने का अवसर मिलने के लिए मैं आभारी हूं। यह सम्मान हमें ऐसे मंच और समुदाय विकसित करने के लिए और अधिक प्रेरित करेगा, जो समाज और उद्योग पर स्थायी प्रभाव छोड़ें।”

पब्लिकेशंस तक सीमित नहीं रहा डॉ. बत्रा का कार्य
बता दें कि उद्यमी, मीडिया लीडर, संस्थान निर्माता और निवेशक के रूप में डॉ. अनुराग बत्रा ने देश के आधुनिक मीडिया और बिजनेस इंफॉर्मेशन इकोसिस्टम के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका कार्य केवल पब्लिकेशंस तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने ऐसे इंडस्ट्री मंच, नेतृत्व कार्यक्रम, पुरस्कार, सम्मेलन और बौद्धिक संपदाएं (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टीज) विकसित कीं, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों के निर्णयकर्ताओं को एक मंच पर लाकर उद्योग जगत में सार्थक विमर्श को दिशा दी।

डॉ. अनुराग बत्रा ने 26 वर्ष से अधिक पहले एक्सचेंज4मीडिया समूह की स्थापना की थी। उनके नेतृत्व में यह समूह देश के मीडिया, विज्ञापन और मार्केटिंग इंडस्ट्री के सबसे प्रभावशाली मंचों में शामिल हो चुका है। समूह के अंतर्गत exchange4media.com, samachar4media.com, IMPACT और Pitch सहित कई प्रतिष्ठित पब्लिकेशंस और ब्रैंड संचालित किए जा रहे हैं। इतने वर्षों के दौरान एक्सचेंज4मीडिया समूह ने 50 से अधिक बड़े इंडस्ट्री प्लेटफॉर्म्स, पुरस्कार समारोह और इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टीज विकसित की हैं। इन मंचों ने विज्ञापन, ब्रॉडकास्टिंग, डिजिटल मीडिया, मार्केटिंग, कम्युनिकेशन, जनसंपर्क, प्रौद्योगिकी, एक्सपीरिएंशियल मार्केटिंग और क्रिएटर इकोनॉमी से जुड़े हजारों पेशेवरों और इंडस्ट्री के लीडर्स को एक साथ लाने का काम किया है। इन पहलों ने उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने, इंडस्ट्री के मानक स्थापित करने, नई नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने और बदलती कम्युनिकेशन इकोनॉमी पर सार्थक चर्चा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है।

वर्ष 2013 में डॉ. बत्रा ने BW Businessworld का अधिग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने इस पारंपरिक बिजनेस मैगजीन को प्रिंट, डिजिटल, वीडियो, इवेंट्स, रिसर्च और पेशेवर समुदायों तक फैले एक तकनीक-सक्षम 360 डिग्री मीडिया संगठन के रूप में विकसित किया। उनके नेतृत्व में BW Businessworld ने मार्केटिंग, हेल्थकेयर, शिक्षा, हॉस्पिटैलिटी, प्रौद्योगिकी, सतत विकास, विधिक मामलों, सुशासन और भारत के विकास से जुड़े अनेक विशेष क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। BW Businessworld के इस परिवर्तन में डॉ. बत्रा की वह सोच स्पष्ट दिखाई देती है, जिसके अनुसार आधुनिक मीडिया संस्थानों को केवल प्रकाशन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें ज्ञान, नेटवर्क, समुदाय और संस्थागत प्रभाव के सशक्त मंच के रूप में विकसित होना चाहिए। इसी सोच के तहत संगठन ने विभिन्न विशेषज्ञता आधारित बी2बी समुदायों के माध्यम से नीति-निर्माताओं, उद्योग, उद्यमिता, नवाचार और नेतृत्व को एक-दूसरे से जोड़ने का कार्य किया है।

वैश्विक मीडिया नेटवर्क का हिस्सा बने डॉ. बत्रा
डॉ. अनुराग बत्रा की पहचान केवल भारत तक सीमित नहीं है। वर्ष 2024 में उन्हें इंटरेनशनल एकेडमी ऑफ टेलीविजन आर्ट्स एंड साइंसेज (International Academy of Television Arts & Sciences) का सदस्य चुना गया। यह वही वैश्विक संस्था है, जो International Emmy Awards से जुड़ी हुई है। इस सदस्यता के साथ वे दुनिया के वरिष्ठ टेलीविजन और मीडिया नेताओं के वैश्विक नेटवर्क का हिस्सा बने। भारत और वैश्विक टेलीविजन समुदाय के बीच संबंधों को मजबूत करने की दिशा में भी डॉ. बत्रा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने वर्ष 2024 में नई दिल्ली में International Emmy Awards की सेमीफाइनल जजिंग का आयोजन कराया। इसके बाद वर्ष 2025 में भी उन्होंने सेमीफाइनल जजिंग की मेजबानी की, जिससे भारतीय मीडिया नेतृत्व और वैश्विक संस्थाओं के बीच सहयोग को और मजबूती मिली।

डॉ. बत्रा की वैश्विक सक्रियता मीडिया परिवर्तन, उद्यमिता, प्रौद्योगिकी, नेतृत्व और भारत के विकास से जुड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक फैली हुई है। उन्होंने विभिन्न वैश्विक शैक्षणिक और नेतृत्व संस्थानों के साथ भी सक्रिय सहभागिता निभाई है और भारत की उद्यमशीलता तथा बौद्धिक क्षमता को वैश्विक स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। मीडिया उद्यमिता के अलावा डॉ. अनुराग बत्रा ने प्रबंधन शिक्षा और संस्थागत विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। Management Development Institute (MDI) के पूर्व छात्र रहे डॉ. बत्रा ने जनवरी 2020 से जून 2024 तक संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य के रूप में कार्य किया। वह एमडीआई के प्रमुख PGPM कार्यक्रम के पहले पूर्व छात्र बने, जिन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया। उनकी यह भूमिका शिक्षा, उद्योग और नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की उनकी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

नए उद्यमियों और स्टार्टअप्स को दिया सहयोग
डॉ. बत्रा ने नए उद्यमियों और स्टार्टअप्स को भी लगातार सहयोग दिया है। मीडिया, प्रौद्योगिकी और उपभोक्ता क्षेत्रों से जुड़े कई नए उद्यमों में निवेश और मार्गदर्शन के माध्यम से उन्होंने युवा उद्यमियों को रणनीतिक सलाह, मजबूत नेटवर्क और उद्योग से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अपने पूरे करियर में डॉ. अनुराग बत्रा ने “Content, Connect and Context” के सिद्धांत को आगे बढ़ाया है। उनका मानना है कि विश्वसनीय जानकारी, मजबूत संबंध और उद्योग की गहरी समझ – इन तीनों का समन्वय ही स्थायी प्रभाव पैदा करता है। यही सोच एक्सचेंज4मीडिया समूह और BW Businessworld की संपादकीय तथा समुदाय निर्माण की रणनीति का आधार रही है।

डॉ. बत्रा विभिन्न पुरस्कारों, रैंकिंग्स, नेतृत्व मंचों और क्षेत्र विशेष की पहलों के माध्यम से स्थापित और उभरते हुए नेताओं, उद्यमियों, क्रिएटर्स तथा बदलाव लाने वाले प्रोफेशनल्स को पहचान और सम्मान दिलाने के लिए भी व्यापक रूप से जाने जाते हैं। एक्सपीरिएंशियल इकोनॉमी के विकास में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। ऐसे समय में जब इवेंट्स, लाइव अनुभव, पेशेवर समुदाय और नॉलेज प्लेटफॉर्म ब्रांड निर्माण और कारोबारी संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं, डॉ. बत्रा ने ऐसे इकोसिस्टम के निर्माण में अहम भूमिका निभाई है, जहां संपादकीय विश्वसनीयता और एक्सपीरिएंशियल प्लेटफॉर्म एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित सम्मेलनों, पुरस्कार समारोहों, समिट्स और नेतृत्व मंचों ने विभिन्न उद्योगों के हजारों पेशेवरों और निर्णयकर्ताओं को एक साथ जोड़ने का कार्य किया है।

केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने किया सम्मानित
डॉ. अनुराग बत्रा की नेतृत्व यात्रा एक आधुनिक भारतीय मीडिया उद्यमी से आगे बढ़कर ऐसे संस्थान निर्माता की कहानी है, जिनका प्रभाव पत्रकारिता, बिजनेस मीडिया, विज्ञापन, मार्केटिंग, टेलीविजन, एक्सपीरिएंशियल प्लेटफॉर्म, प्रबंधन शिक्षा, उद्यमिता और वैश्विक मीडिया नेटवर्क तक फैला हुआ है। केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा प्रदान किया गया यह विशेष सम्मान डॉ. अनुराग बत्रा के इसी बहुआयामी योगदान, भारत की मीडिया और एक्सपीरिएंशियल इकोनॉमी को मजबूत बनाने, पेशेवर समुदायों के निर्माण तथा उद्योग जगत में सार्थक नेतृत्व और संवाद को नई दिशा देने के उनके निरंतर प्रयासों की औपचारिक पहचान है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments