Home National क्रिसमस की रात नाबालिग लापता, सुबह आया फोन—“मेरे साथ रहेगी”

क्रिसमस की रात नाबालिग लापता, सुबह आया फोन—“मेरे साथ रहेगी”

0

सूरजपुर के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के अपहरण का आरोप, आरोपी पर पहले भी दर्ज है मामला; पास्टर दंपती समेत पांच पर मदद का शक

सूरजपुर।
क्रिसमस के जश्न की रात एक परिवार पर मातम टूट पड़ा। प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिलफिली की 16 वर्षीय किशोरी रहस्यमय ढंग से लापता हो गई। परिजनों का आरोप है कि किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाया गया है। अगले दिन सुबह एक फोन कॉल ने सनसनी फैला दी—फोन करने वाले युवक ने कहा, “तारा मेरे घर है और मेरे साथ ही रहेगी।”

प्रार्थिया सहोदरी (35), पति संधुराम, जाति पनिका, निवासी ग्राम सिलफिली के अनुसार 24 दिसंबर 2025 की शाम करीब 5 बजे वह अपने चारों बच्चों के साथ बांधपारा बगिचापरीहा में क्रिसमस समारोह में शामिल होने गई थीं। रात होने पर परिवार वहीं रुक गया। तड़के करीब 3 बजे उनकी बेटी तारा को अंजु नामक युवती ने घर से बाहर बुलाया। कुछ देर बाद भी तारा वापस नहीं लौटी। जब मां बाहर देखने जाने लगीं तो पास्टर सुनिता ने यह कहकर रोक दिया कि वह खुद देखने जा रही हैं।

सुबह तक किशोरी के नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास तलाश की। 25 दिसंबर की सुबह करीब 9 बजे रोजेश पिता खैरू का फोन आया, जिसने बताया कि वह तारा को अपने घर ले आया है और उसे अपने साथ ही रखेगा। परिजनों का आरोप है कि रोजेश ने नाबालिग तारा को बहला-फुसलाकर भगाया है। इस मामले में आकाश, अंजु, राजकुमारी तथा पास्टर दंपती—सुनिता और रामखेलावन—पर मदद करने का संदेह जताया गया है।

परिजनों ने यह भी दावा किया कि आरोपी रोजेश के खिलाफ पहले भी नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में थाना राजपुर में रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। पीड़ित परिवार ने प्रतापपुर थाने में लिखित शिकायत देकर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मामले ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और किशोरी की बरामदगी प्राथमिकता है। सभी संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है।

 

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version