नोएडा (गौतम बुद्ध नगर)। उत्तर प्रदेश के संभल जिले के रहने वाले मजदूर कमल सिंह और उनके परिवार पर नोएडा में आधी रात को हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि कुछ स्थानीय लोगों ने पहले उनके साथ आई महिलाओं से बदतमीजी की और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में कमल सिंह और उनके 7 वर्षीय बेटे दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कमल सिंह पिछले करीब 5–6 महीनों से नोएडा के गौतम बुद्ध नगर क्षेत्र में मजदूरी कर रहे हैं। वह बेलदारी का काम करते हैं और उनके साथ संभल जिले से आए करीब छह अन्य मजदूर भी यहां रहकर काम कर रहे हैं। मजदूरों की महिलाएं आसपास की काजू-बादाम प्रोसेसिंग कंपनी में काम करती हैं, जबकि पुरुष निर्माण कार्य में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
पीड़ित कमल सिंह के मुताबिक, 27 मार्च की रात करीब 12 बजे अचानक 8-9 लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि ये लोग आसपास के ही रहने वाले थे और आते ही मजदूरों के साथ आई महिलाओं के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने लगे। जब महिलाओं और बच्चों ने विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपी भड़क गए।
कमल सिंह का कहना है कि आरोपियों के पास लाठी-डंडे और लोहे की रॉड जैसे हथियार थे। उन्होंने अचानक हमला कर दिया और मजदूरों को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान कमल सिंह के पैरों में गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा। वहीं उनका 7 वर्षीय बेटा दीपक भी मारपीट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। अन्य मजदूरों को भी अंदरूनी चोटें आई बताई जा रही हैं।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावर गांव के ही कुछ लोग हैं, जिन्हें वह ठीक से पहचानते नहीं हैं। घटना के बाद जब उन्होंने स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायत करने की कोशिश की, तो वहां से भी उन्हें सहयोग मिलने के बजाय धमकियां मिलने लगीं। कमल सिंह का कहना है कि वह और उनके साथी कम पढ़े-लिखे हैं और मजदूरी कर किसी तरह परिवार चला रहे हैं, लेकिन अब उन्हें अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
घटना के बाद मजदूर परिवारों में दहशत का माहौल है। पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। वहीं स्थानीय स्तर पर भी इस घटना को लेकर आक्रोश देखने को मिल रहा है।
