Home National पटना में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: गोतनी और परिजनों पर...

पटना में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: गोतनी और परिजनों पर महिला को बेरहमी से पीटने का आरोप, 112 पर कॉल के बाद भी सहमी पीड़िता

0

पटना। राजधानी पटना से पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी गोतनी और ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि उसे पिछले कई वर्षों से जमीन के हिस्से को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा है और हाल ही में उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई। पीड़िता अब प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगा रही है।

जानकारी के अनुसार कविता देवी, पति टिंकू, पटना जिले के मोहम्मदपुर पोस्ट के वार्ड नंबर 9 की रहने वाली हैं। उनका आरोप है कि ससुराल की पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से परिवार में विवाद चल रहा है। कविता देवी का कहना है कि उनके ससुर अयोध्या साहनी और सास भागीरथी देवी भी इस मामले में उनके खिलाफ खड़े हैं और बार-बार घर छोड़कर चले जाने का दबाव बनाते हैं। पीड़िता के अनुसार उन्हें साफ तौर पर कहा जाता है कि उन्हें इस जमीन में कोई हिस्सा नहीं दिया जाएगा।

पीड़िता का आरोप है कि उनकी गोतनी जूली देवी, पति पिंटू साहनी, और उसकी बहन डोली देवी अपने पति गुड्डू साहनी के साथ मिलकर उन्हें लगातार परेशान करते हैं। कविता देवी का कहना है कि दोनों बहनों ने प्रेम विवाह किया था और अक्सर यह कहते हैं कि उन्होंने इस परिवार में शादी ही जमीन हड़पने और उन्हें बर्बाद करने के लिए की है। इसी कारण पिछले 10 से 15 वर्षों से घर में जमीन को लेकर तनाव बना हुआ है।

कविता देवी के मुताबिक करीब चार दिन पहले विवाद अचानक हिंसक हो गया। उनका आरोप है कि उनकी गोतनी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उन्हें बाल पकड़कर घसीटा गया और बुरी तरह पीटा गया, जिससे उनके सिर और सीने पर गंभीर चोटें आईं। पीड़िता का कहना है कि मारपीट इतनी जोरदार थी कि उनका सिर भी फट गया।

बताया जा रहा है कि जब पुतुल देवी नाम की महिला बीच-बचाव करने पहुंचीं, तब किसी तरह स्थिति संभाली जा सकी और पीड़िता को बचाया गया। इसके बाद कविता देवी ने डर के माहौल में 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को बाहर आने के लिए आश्वस्त किया कि कोई उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाएगा।

हालांकि पीड़िता का कहना है कि वह डर के कारण काफी देर तक घर से बाहर नहीं निकल सकीं। जब पुलिस के आश्वासन के बाद वह बाहर आईं तो भी उन्हें लगातार धमकियां दी जाती रहीं। कविता देवी का आरोप है कि अगर उन्होंने कहीं भी शिकायत या मुकदमा दर्ज कराया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

तीन बच्चों की मां कविता देवी का कहना है कि वह लंबे समय से मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न झेल रही हैं। लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह बेहद डरी और सहमी हुई हैं। रो-रोकर उनका बुरा हाल है और अब वह चाहती हैं कि प्रशासन इस मामले में हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षा प्रदान करे और जमीन में उनका वैधानिक हिस्सा दिलाने में मदद करे।

पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और भविष्य में उनके साथ किसी प्रकार की अनहोनी न हो।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version