Home National लोहरदगा में जमीन विवाद ने लिया खतरनाक रूप: महिला ने उपायुक्त से...

लोहरदगा में जमीन विवाद ने लिया खतरनाक रूप: महिला ने उपायुक्त से लगाई गुहार, जान से मारने की धमकी का आरोप

0

लोहरदगा (झारखंड)। जिले के कुडू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माराडीह की रहने वाली हिरावंती देवी ने अपने ही परिवार और गांव के कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उपायुक्त से न्याय की गुहार लगाई है। मामला पुश्तैनी जमीन के बंटवारे से जुड़ा है, जो अब धीरे-धीरे हिंसक विवाद का रूप लेता जा रहा है। महिला का आरोप है कि जमीन नापी की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक मापी नहीं कराई गई, जिससे विवाद और गहरा गया है।

पीड़िता के अनुसार, उन्होंने 2 अगस्त 2024 को जमीन नापी के लिए विधिवत रसीद कटवाई थी, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस बीच उनके तीन भाइयों—अविदेश भारती, ओम प्रकाश भारती और स्वर्गीय मुकेश भारती के बीच खाता संख्या 1, प्लॉट संख्या 22 की जमीन का बराबर बंटवारा होना है, लेकिन गोतिया और अन्य लोग इसमें बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।

हिरावंती देवी का आरोप है कि जब भी वे अपने हिस्से की मांग करती हैं, तो उन्हें गाली-गलौज, मारपीट और यहां तक कि जान से मारने की धमकी दी जाती है। उन्होंने ओम प्रकाश भारती, ज्योतिष भारती और जसवंत भारती पर विशेष रूप से आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग दबंग प्रवृत्ति के हैं और गांव के अन्य लोगों को भी अपने पक्ष में कर लिया है।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने धोखाधड़ी कर उनके पति से जमीन से संबंधित कागजात पर जबरन हस्ताक्षर करवा लिए और अब पूरी जमीन पर कब्जा करने की साजिश रच रहे हैं। इतना ही नहीं, नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने और जमीन हड़पने की योजना भी बताई गई है।

पीड़िता ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, कुडू थाना, अंचल कार्यालय और अनुमंडल न्यायालय तक शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे उनके और उनके परिवार के जान-माल पर खतरा मंडरा रहा है।

हिरावंती देवी ने प्रशासन से अपील की है कि जल्द से जल्द जमीन का निष्पक्ष बंटवारा कराया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से पहले न्याय मिल सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version