कुशीनगर। रामकोला थाना क्षेत्र के 40 वर्षीय राजेश कुमार पटेल ने विदेशी रोजगार दिलाने के नाम पर ठगी, मारपीट और जान से मारने की धमकी का गंभीर आरोप लगाया है। राजेश कुमार, पिता रामनारायण पटेल, ने बताया कि वह आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए रूस जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान देवरिया जिले के शिवानिया गांव निवासी गुरु पांडे और अभय कुमार ने उन्हें रूस भेजने का वादा किया।
राजेश के अनुसार, पिछले पाँच महीनों में उन्होंने इन दोनों को थोड़ा-थोड़ा करके कुल 5 लाख रुपये दिए। लेकिन पूरी रकम लेने के बाद आरोपियों ने उन्हें विदेश नहीं भेजा। जब राजेश ने पैसे वापस मांगने की बात कही, तो आरोपियों ने उन्हें दिल्ली बुलाकर पैसा देने की बात कही।
पीड़ित का कहना है कि करीब पाँच दिन पहले जब वह दिल्ली पहुंचे, तो वहां कुछ लोगों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि आरोपियों ने दुबई से किसी व्यक्ति से फोन कराकर भी उन्हें और उनके बेटे को मार देने की धमकी दिलवाई। इसी डर के कारण राजेश अपने घर लौटने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं और कई दिनों से इधर-उधर भटक रहे हैं।
राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुलिस की मदद भी लेनी चाही, लेकिन अब तक उन्हें किसी भी स्तर पर राहत नहीं मिल सकी है। कानून से मदद न मिलने के कारण उनकी चिंता और बढ़ गई है। राजेश कहते हैं, “पैसा वापस मिले या न मिले, लेकिन कम से कम मेरी और मेरे बेटे की जान तो सुरक्षित रहे। बस हम पर मंडरा रहा यह खतरा खत्म हो जाए।”
पीड़ित ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से तत्काल सुरक्षा प्रदान करने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
