Home National मोरनी घूमने गए युवक का खोया एप्पल आईफोन 15 पंचकूला पुलिस ने...

मोरनी घूमने गए युवक का खोया एप्पल आईफोन 15 पंचकूला पुलिस ने ढूंढकर सुरक्षित लौटाया

0

*पंचकूला, 26 जून।*
पंचकूला पुलिस आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी खोई हुई संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाने के लिए भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य कर रही है। इसी क्रम में मोरनी चौकी पुलिस ने अपनी तत्परता और जनसेवा का परिचय देते हुए करीब दो सप्ताह पहले खोए एक एप्पल आईफोन 15 को उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचाकर सराहनीय कार्य किया।

डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि सेक्टर-17 स्थित राजीव कॉलोनी निवासी करण करीब दो सप्ताह पहले मोरनी घूमने गए थे। इस दौरान उनका एप्पल आईफोन 15 कहीं गिरकर खो गया। गश्त के दौरान मोरनी चौकी पुलिस को यह मोबाइल लावारिस अवस्था में मिला। मोबाइल बंद होने और पासवर्ड से सुरक्षित होने के कारण उसके मालिक की तत्काल पहचान नहीं हो सकी।

इसके बावजूद मोरनी चौकी पुलिस ने तकनीकी सहायता से लगातार प्रयास जारी रखे। आखिरकार मोबाइल के वास्तविक मालिक की पहचान कर ली गई। इसके बाद मोरनी चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर जगदीश कुमार ने 25 जून को करण को चौकी बुलाकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनका एप्पल आईफोन 15 सुरक्षित वापस सौंप दिया।

करीब दो सप्ताह बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर करण ने पंचकूला पुलिस, विशेष रूप से मोरनी चौकी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की ईमानदारी, तत्परता और जनसेवा की भावना के कारण उन्हें अपना कीमती मोबाइल सुरक्षित वापस मिल सका। यह पहल आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और भरोसे को और मजबूत करती है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version