प्रयागराज में एक महिला के साथ दुष्कर्म, धमकी और उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़िता ने पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई थी, जिसके बाद कर्नलगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार कर्नलगंज थाना क्षेत्र के चाँदपुर सलोरी इलाके में किराए के मकान में रह रही सूरजकली नामक महिला मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है। महिला मूल रूप से चित्रकूट जिले के राजापुर क्षेत्र की रहने वाली है। उसी मकान में किराए पर रह रहे मणिशंकर तिवारी और रजनीश तिवारी पुत्र बबलू तिवारी निवासी बरगढ़, चित्रकूट से उसकी जान-पहचान हुई थी।
पीड़िता का आरोप है कि नजदीकियां बढ़ने के बाद मणिशंकर तिवारी ने कई बार उसके साथ जबरन गलत संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देता था। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी अपने भाई रजनीश तिवारी के साथ उसकी नाबालिग बेटी का रिश्ता कराने का दबाव बना रहा था।
पीड़िता के अनुसार 2 अप्रैल 2026 को वह काम के सिलसिले में घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान आरोपियों ने उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला ने उच्च अधिकारियों से शिकायत की और न्याय की मांग की।
पुलिस आयुक्त कार्यालय से प्राप्त निर्देश के बाद कर्नलगंज थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर संख्या 110/2026 दर्ज की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1), 305, 351(3) और 352 के तहत मुकदमा कायम किया गया है।
कर्नलगंज थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सभी तथ्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


