गुरुग्राम।
हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-66 क्षेत्र से बिहार निवासी 19 वर्षीय युवक कमल शर्मा के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवक पिछले एक महीने से अधिक समय से लापता है। परिजनों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं है, जिसके कारण उन्हें किसी अनहोनी की आशंका लगातार सता रही है। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कमल शर्मा पुत्र अरुण शर्मा, मूल निवासी ग्राम गाईघट्टा, थाना आजमनगर, जिला कटिहार (बिहार) का रहने वाला है। वह अपने भाई विमल शर्मा के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-66 स्थित एआईपीएल कंपनी की निर्माणाधीन बिल्डिंग में पिछले छह माह से मजदूरी का कार्य कर रहा था और वहीं झुग्गी में रह रहा था।
परिजनों के अनुसार 12 जून 2026 को कमल शर्मा बिना किसी को बताए अचानक झुग्गी से कहीं चला गया। उस समय उसने नीले रंग का लोवर और काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। उसकी उम्र लगभग 19 वर्ष, कद करीब 5 फुट 9 इंच तथा रंग गेहुआ बताया गया है। उसके पास एक मोबाइल फोन भी था, लेकिन घटना के बाद से उसका मोबाइल लगातार बंद आ रहा है।
भाई विमल शर्मा ने बताया कि कमल की मानसिक स्थिति पूरी तरह ठीक नहीं रहती है। इसी कारण उसके अचानक गायब होने से परिवार की चिंता कई गुना बढ़ गई है। परिजनों ने गुरुग्राम और आसपास के कई इलाकों में उसकी तलाश की, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन कहीं भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद 14 जून 2026 को थाना सेक्टर-65, गुरुग्राम में लिखित शिकायत दी गई। शिकायत के आधार पर हरियाणा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार को सौंपी है और युवक की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
परिवार ने आमजन से भावुक अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कमल शर्मा कहीं भी दिखाई दे या उसके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल मोबाइल नंबर 8527115270 पर संपर्क करें अथवा नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। परिजनों का कहना है कि उनकी एक छोटी-सी सूचना भी युवक को सुरक्षित घर वापस लाने में मददगार साबित हो सकती है।