मध्य प्रदेश के उमरिया से बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। जिससे एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक 3 साल का मासूम बच्चा भी शामिल था। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल है।
ANI की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में आज सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के मुताबिक ये दर्दनाक हादसा 9 जुलाई को तड़के करीब 3 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भरोला गांव में सिद्ध बाबा मंदिर के पास हुआ। ये टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इनमें से एक महिला गंभीर रूप से घायल है। अनूपपुर का रहने वाला यह परिवार किसी पारिवारिक काम से जा रहा था। जब उनकी गाड़ी उमरिया और कटनी के बीच से गुजर रही थी तभी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी।
इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल भेज दिया गया। लेकिन डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया और एक महिला का इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
कुलपत सिंह (37 वर्ष)
सविता सिंह (32 वर्ष)
प्रियंका सिंह (24 वर्ष)
एक 3 वर्षीय मासूम बच्चा
घायल महिला की हालत नाजुक
इस हादसे में 22 साल की खुशबू नाम की महिला गंभीर रूप से घायल हुई हैं। मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी. के. चंदेल ने बताया कि जब महिला को अस्पताल लाया गया, तो उनकी हालत बेहद गंभीर थी और उनकी नब्ज बहुत कमजोर चल रही थी। जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत उन्हें सीपीआर और प्राथमिक उपचार दिया। जिससे उनकी हालत थोड़ी स्थिर हुई। बेहतर और एडवांस इलाज के लिए फिलहाल उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया है, जहां वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


