Tuesday, July 7, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeinternationalचीन में घूसखोर अफसर को मिली मौत की सजा, 30 साल में...

चीन में घूसखोर अफसर को मिली मौत की सजा, 30 साल में जुटाई थी अरबों की संपत्ति

चीन की कोर्ट ने पूर्व अफसर यांग यौलिन को 30 साल तक पद का दुरुपयोग कर करीब 3000 करोड़ रुपये की रिश्वत लेने, गबन, मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार का दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई। अदालत ने अफसर की संपत्ति जब्त करने और अवैध धन की वसूली के आदेश भी दिए गए।

बीजिंग: चीन की एक अदालत ने रिश्वत लेने के मामले में एक पूर्व स्थानीय अधिकारी को मौत की सजा सुनाई है। अधिकारियों के मुताबिक, उसने करीब 30 साल तक अपने पद का दुरुपयोग कर भारी मात्रा में रिश्वत ली। उन्होंने बताया कि दोषी अधिकारी ने रिश्वत के जरिए 325 मिलियन अमेरिकी डॉलर या करीब 3 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति जुटाई थी। पूर्व अधिकारी की पहचान यांग यौलिन के रूप में हुई है जो चीन के पूर्वी तट पर स्थित जियांगसू प्रांत की राजधानी नानजिंग में आर्थिक विकास से जुड़ा था।

चांगझोउ इंटरमीडिएट पीपुल्स कोर्ट ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि यांग ने वर्ष 1993 से 2023 के बीच अवैध रूप से 2.21 अरब युआन (करीब 325 मिलियन अमेरिकी डॉलर या 30 अरब रुपये) मूल्य की नकदी, संपत्ति और अन्य परिसंपत्तियां रिश्वत के रूप में स्वीकार कीं। कोर्ट के मुताबिक, यांग ने विभिन्न लोगों और कंपनियों से प्रोजेक्ट दिलाने, कारोबारी कामकाज में मदद करने, जमीन आवंटित कराने और फंड उपलब्ध कराने के बदले रिश्वत ली।

चीन के सबसे बड़े करप्शन केस में

कोर्ट ने यांग को केवल रिश्वतखोरी का ही नहीं, बल्कि गबन, रिश्वत देने, पद के दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग का भी दोषी ठहराया है। हाल के वर्षों में रिश्वत की रकम के लिहाज से इसे चीन के सबसे बड़े करप्शन केस में से एक माना जा रहा है। कोर्ट ने बताया कि सुनवाई के दौरान अपने अंतिम बयान में यांग ने अपने अपराध स्वीकार किए और अपने किए पर गहरा पछतावा और अपराधबोध व्यक्त किया। कोर्ट की ओर से जारी तस्वीरों में सफेद बालों वाले यांग गहरे रंग की जैकेट पहने हुए 2 वर्दीधारी पुलिसकर्मियों के बीच खड़े दिखाई दे रहे हैं।

मार्च और अप्रैल में हुई थी केस की सुनवाई

बता दें कि इस केस की सार्वजनिक सुनवाई मार्च और अप्रैल में 2 अलग-अलग दिनों में हुई थी। कोर्ट के मुताबिक, दोनों सुनवाई के दौरान 30 से ज्यादा लोग मौजूद थे। कोर्ट ने यह भी आदेश दिया कि यांग की व्यक्तिगत संपत्ति जब्त की जाएगी। साथ ही अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि रिश्वत के रूप में ली गई पूरी रकम की वसूली की जाए। यांग के खिलाफ कार्रवाई राष्ट्रपति शी जिनपिंग के लंबे समय से चल रहे भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के तहत हुई। यह अभियान पिछले एक दशक से जारी है।

कई अफसरों को मिली है मौत की सजा

वहीं, इस अभियान के आलोचकों का कहना है कि इसका इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को हटाने के लिए भी किया गया है। हाल के वर्षों में भ्रष्टाचार के मामलों में चीन में कई वरिष्ठ अधिकारियों को मौत की सजा दी गई है। वर्ष 2021 में सरकारी स्वामित्व वाली एक कंपनी के पार्टी सचिव लाई शियाओमिन को रिश्वतखोरी, गबन और 2 शादी के मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद मौत की सजा दी गई थी और बाद में उन्हें फांसी दे दी गई। वहीं, वर्ष 2024 में इनर मंगोलिया के एक अफसर ली जियानपिंग को रिश्वतखोरी का दोषी पाए जाने के बाद फांसी दे दी गई थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments