Thursday, July 2, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home Blog Page 19

टीम इंडिया को लगा तगड़ा झटका, स्टार स्पिनर के बाद अब धाकड़ ऑलराउंडर T20I सीरीज से हुआ बाहर

0

IND vs IRE: यूरोप दौरे के आगाज से पहले ही भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। आयरलैंड के खिलाफ होने वाली दो मैचों की T20 सीरीज से पहले ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी बाहर हो गए हैं। नितीश चोट के कारण आयरलैंड के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे।उनकी चोट को लेकर चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि अब उनके इंग्लैंड के खिलाफ आगामी व्हाइट-बॉल सीरीज में खेलने पर भी संशय पैदा हो गया है।

नितीश रेड्डी को लेकर आई बड़ी खबर

भारतीय टीम आयरलैंड के साथ दो मैचों की T20I सीरीज खेलेगी। यह सीरीज नए T20 कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए भी खास होगी, क्योंकि वह पहली बार इस फॉर्मेट में भारत की कप्तानी करते नजर आएंगे। श्रेयस ने सूर्यकुमार यादव की जगह टीम की कमान संभाली है।हालांकि, सीरीज शुरू होने से पहले ही टीम इंडिया को नितीश रेड्डी के रूप में बड़ा झटका लगा है। PTI के मुताबिक, जांघ की मांसपेशी में चोट के कारण नितीश आयरलैंड T20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी रिकवरी की स्थिति को देखते हुए इंग्लैंड के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज में भी उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा है। PTI के पास मौजूद मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, नीतीश कुमार रेड्डी आयरलैंड सीरीज से बाहर हो गए हैं। MRI में उनके बाएं क्वाड्रिसेप्स में सूजन और फाइबर टूटने का पता चला है। उन्हें आगे की जांच के लिए COE में रिपोर्ट करने को कहा गया है।

वरुण चक्रवर्ती भी नहीं होंगे टीम का हिस्सा

नितीश रेड्डी के अलावा स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी आयरलैंड दौरे पर नहीं जाएंगे। BCCI ने पहले ही जानकारी दी थी कि IPL 2026 के दौरान बाएं पैर में लगी चोट के बाद वह फिलहाल बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब के प्रोसेस से गुजर रहे हैं। इसी वजह से उन्हें आयरलैंड T20 सीरीज से बाहर कर दिया गया है। गौरतलब है कि BCCI ने 21 जून को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान किया था। उसी दौरान वरुण की फिटनेस को लेकर भी अपडेट दिया गया था। बोर्ड का मानना है कि खिलाड़ी की पूरी फिटनेस को प्राथमिकता देना जरूरी है और जल्दबाजी में उन्हें मैदान पर नहीं उतारा जाएगा।

26 जून से दौरे का आगाज

आयरलैंड दौरा भारतीय टीम के लिए काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसके तुरंत बाद टीम को इंग्लैंड के खिलाफ पांच T20I और तीन ODI मैचों की चुनौती का सामना करना है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट खिलाड़ियों की फिटनेस पर विशेष ध्यान दे रहा है। भारत और आयरलैंड के बीच पहला T20 मुकाबला 26 जून को बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। दूसरा और अंतिम T20I मैच 28 जून को इसी मैदान पर आयोजित होगा। अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि नितीश रेड्डी की रिकवरी कितनी जल्दी होती है और क्या वह इंग्लैंड दौरे तक पूरी तरह फिट हो पाते हैं या नहीं।

आयरलैंड के खिलाफ T20I सीरीज के लिए भारत की अपडेटेड टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा।

4 दिनों में कॉकटेल 2 का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, 85 करोड़ रुपयों का आंकड़ा हुआ पूरा, पहले हफ्ते ही होगा कमाल?

0

डायरेक्टर होमी अडजानिया की फिल्म कॉकटेल 2 बीते शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने अब तक 4 दिनों में 85 करोड़ रुपयों का कलेक्शन कर लिया है। जल्द ही फिल्म 100 करोड़ी क्लब में शामिल होने वाली है। शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना स्टारर ये फिल्म लोगों को काफी पसंद आ रही है। सेकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक कॉकटेल 2 ने भारत से 64 करोड़ रुपयों की कमाई कर ली है और वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन 85 करोड़ रुपयों तक पहुंच गया है।

कॉकटेल 2 की बात करें तो ये 2012 में रिलीज हुई ‘कॉकटेल’ की सीक्वल है। पहले भाग में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी लीड रोल में थे और 19 जून को रिलीज हुई फिल्म में शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन लीड रोल में हैं। लंदन और केप टाउन की खूबसूरत लोकेशन पर शूट की गई ये फिल्म एक रोमांटिक लव ट्रायंगल है। कहानी कुणाल, दीया और एली के इर्द-गिर्द घूमती है। कुणाल और दीया कॉलेज के समय से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में हैं, लेकिन शादी को लेकर पूरी तरह सहमत नहीं हैं। सिसिली की छुट्टियों के दौरान उनकी मुलाकात दीया की दोस्त एली से होती है, जो उनके साथ घूमने निकल पड़ती है। वहीं दीया को शक है कि कुणाल प्यार नहीं बल्कि मजबूरी के चलते उससे शादी कर रहा है, जिसके चलते वह अपनी दोस्त एली की मदद मांगती है और उसे कुणाल से फ्लर्ट करने को कहती है। इसके बाद दीया, कुणाल और एली की जिंदगी उन्हें किस मोड़ पर लेकर जाती है, ये जानने के लिए आप ये फिल्म देख सकते हैं।

शाहिद कपूर को मिलेगी हिट?

शाहिद कपूर लंबे समय से एक हिट का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि इससे पहले कृति के साथ आई शाहिद की फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ कमाई के मामले में हिट रही थी। इसके बाद से लगातार शाहिद की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही हैं। बीते दिनों रिलीज हुई फिल्म ओ रोमियो ने भी मेकर्स को कमाई के मामले में निराश किया था। अब  कॉकटेल 2 की सफलता शाहिद के करियर के लिए अच्छी खबर साबित होने वाली है।

आलिया भट्ट की फिल्म प्रमोट करते दिखे रणबीर कपूर, टीशर्ट पर छपा था अल्फा का नाम, वायरल हुआ वीडियो

0

आलिया भट्ट इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म अल्फा के प्रमोशन में व्यस्त हैं। बीते दिनों नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो में नजर आईं आलिया  की फिल्म में शारवरी और बॉबी देओल भी लीड रोल में हैं। 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्म अल्फा का खुमार अब आलिया के पति रणबीर कपूर के ऊपर दिखने लगा है।  हाल ही में रणबीर भी अपनी पत्नी आलिया के नाम की टीशर्ट में दिखे। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

आलिया के नाम की टीशर्ट में दिखे रणबीर

रणबीर कपूर को एक काली टी-शर्ट पहने देखा गया जिस पर लिखा था ‘My Wife’s An Alpha’ (मेरी पत्नी अल्फा है) जो साफ तौर पर आलिया की आने वाली एक्शन फ़िल्म ‘अल्फा’ की ओर इशारा था। यह लुक सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। जहां फ़ैन्स ने इसे उनकी अगली फ़िल्म के लिए सबके सामने समर्थन दिखाने के तौर पर देखा। यह मैसेज इसलिए खास है क्योंकि ‘अल्फा’ को आलिया की सबसे महत्वाकांक्षी कमर्शियल फिल्मों में से एक के तौर पर पेश किया जा रहा है। इस फिल्म में आलिया भट्ट के साथ शरवरी हैं और अनिल कपूर व बॉबी देओल भी कास्ट का हिस्सा हैं। शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘अल्फा’ ने बड़े पैमाने पर बनी एक्शन कहानी के केंद्र में दो महिला किरदारों को रखकर सबका ध्यान खींचा है।

फैन्स को पसंद आया अंदाज

रणबीर कपूर की टी-शर्ट फैंस को बहुत पसंद आई। रणबीर ने अपना बाकी लुक सिंपल रखा। उन्होंने उस खास मैसेज वाली टी-शर्ट को काले स्पोर्टी शॉर्ट्स, कैप और सनग्लासेस के साथ पहना, ताकि सारा ध्यान उस मैसेज पर ही रहे। फैंस को उनकी स्टाइलिंग सादी लेकिन सोच-समझकर चुनी हुई लगी। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे सेलिब्रिटी-जीवनसाथी के बीच का एक प्यारा पल बताया, खासकर इसलिए क्योंकि रणबीर अक्सर आलिया के काम और अनुशासन की तारीफ करते रहे हैं। जब सेलिब्रिटी के फ़ैशन मोमेंट्स किसी फिल्म कैंपेन से जुड़ते हैं, तो वे अक्सर चर्चा का विषय बन जाते हैं। इस मामले में टी-शर्ट इसलिए असरदार रही क्योंकि यह प्रमोशनल लगने के बजाय पर्सनल लगी। साथ ही, यह ऐसे समय में सामने आई जब ‘अल्फ़ा’ फ़िल्म को लेकर चर्चा लगातार बढ़ रही है। दोनों ही एक्टर्स के फ़ैन्स ने इस जेस्चर को रणबीर द्वारा बिना किसी औपचारिक बयान के आलिया का उत्साह बढ़ाने के तौर पर देखा।

4 जुलाई को रिलीज होगी फिल्म

आलिया भट्ट और शारवरी बाघ की फिल्म अल्फा में बॉबी देओल भी दमदार रोल में दिख रहे हैं। इस एक्शन थ्रिलर में आलिया भी दमदार और घातक किरदार में नजर आने वाली हैं। बीते दिनों फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ था जिसमें इसकी कहानी की झलक देखने को मिल रही थी। अब फिल्म को लेकर काफी सुर्खियां भी सोशल मीडिया पर देखने को मिल रही हैं। फिल्म 4 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है।

दानापुर से प्रयागराज, जबलपुर, भुसावल के रास्ते पुणे तक चलाई जाएगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस- चेक करें रूट, स्टॉपेज और टाइमिंग

0

भारतीय रेल ने अपने यात्रियों की सुविधा के लिए बीते कुछ दिनों में ही कई नई ट्रेनें शुरू की हैं। इसी कड़ी में, भारतीय रेल बिहार के दानापुर से महाराष्ट्र के पुणे तक एक नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने जा रहा है। भारतीय रेल के पूर्व मध्य रेलवे ने इस नई ट्रेन की जरूरी डिटेल्स शेयर की है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि ये नई ट्रेन 27 जून से चलाई जाएगी।

हफ्ते में 1 दिन चलेगी दानापुर-पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस

सरस्वती चंद्र ने बताया कि दानापुर और पुणे के बीच 27 जून से एक नई अमृत भारत ट्रेन का नियमित परिचालन शुरू किया जा रहा है। ये ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलाई जाएगी। पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस लगभग 1750 किमी की दूरी तय करने के लिए 34 घंटे और 5 मिनट का समय लेगी।

पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस

पुणे से दानापुर तक चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 11431, पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस 27 जून से प्रत्येक शनिवार को पुणे से दोपहर 15.25 बजे प्रस्थान करेगी और रविवार को 21.43 बजे पंडित दीन दयान उपाध्याय जंक्शन, 22.50 बजे बक्सर, 23.38 बजे आरा रुकते हुए सोमवार को आधी रात में 01.30 बजे दानापुर पहुंचेगी।

दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस

दानापुर से पुणे तक चलाई जाने वाली ट्रेन नंबर- 11432, दानापुर-पुणे अमृत भारत एक्सप्रेस 29 जून से प्रत्येक सोमवार को आधी रात 03.30 बजे दानापुर से प्रस्थान करेगी और 03.56 बजे आरा, 04.50 बजे बक्सर और 07.15 बजे पंडित दीन दयान उपाध्याय जंक्शन समेत बाकी स्टेशनों पर रुकते हुए मंगलवार को दिन में 11.05 बजे पुणे पहुंचेगी।

किन-किन स्टेशनों पर रुकेगी दानापुर-पुणे-दानापुर अमृत भारत एक्सप्रेस

पुणे और दानापुर के बीच चलाई जाने वाली ये नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, मैहर, कटनी जंक्शन, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, खंडवा जंक्शन, भुसावल जंक्शन, मनमाड जंक्शन, कोपरगांव, बेलापुर, अहिल्यानगर जंक्शन और दौंड कॉर्ड लाइन रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी।

ट्रेन में स्लीपर क्लास और जनरल क्लास के कितने डिब्बे होंगे

दानापुर और पुणे के बीच चलने वाली इस नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन में स्लीपर क्लास के 8 और जनरल क्लास के 7 डिब्बों समेत कुल 18 डिब्बे होंगे। इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए पैंट्रीकार भी मौजूद रहेगी।

शेयर बाजार में फिर लौटी गिरावट! सेंसेक्स 180 अंक टूटा, Infosys-TCS ने निवेशकों की बढ़ाई टेंशन

0

भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को एक बार फिर कमजोरी देखने को मिली। दिन की शुरुआत से ही बाजार पर दबाव बना रहा और कारोबार के दौरान सेंसेक्स तथा निफ्टी दोनों लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। सबसे ज्यादा दबाव आईटी शेयरों में देखने को मिला, जहां इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। हालांकि कुछ चुनिंदा शेयरों में खरीदारी के चलते बाजार में बड़ी गिरावट नहीं आई।

सेंसेक्स और निफ्टी दोनों फिसले

कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 181.39 अंक यानी 0.24 फीसदी गिरकर 76,912.68 पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 47.60 अंक यानी 0.20 फीसदी टूटकर 24,055.30 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। बाजार में कुल 1,376 शेयरों में तेजी रही, जबकि 882 शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आए। 174 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ।

आईटी शेयरों ने बढ़ाई बाजार की मुश्किलें

सेंसेक्स के हीटमैप पर नजर डालें तो आईटी सेक्टर सबसे कमजोर नजर आया। इंफोसिस में करीब 2.40 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई, जबकि टीसीएस 1.50 फीसदी और एचसीएल टेक 1.30 फीसदी टूट गया। टेक महिंद्रा में भी 0.61 फीसदी की कमजोरी रही। वैश्विक स्तर पर टेक्नोलॉजी कंपनियों को लेकर बनी अनिश्चितता और विदेशी निवेशकों की सतर्कता का असर भारतीय आईटी शेयरों पर भी दिखाई दिया। यही वजह रही कि बाजार पर दबाव बढ़ गया।

किन शेयरों ने दिखाया दम?

गिरते बाजार में कुछ शेयरों ने मजबूती दिखाकर निवेशकों का ध्यान खींचा। हीटमैप के अनुसार अडानी पोर्ट्स 0.72 फीसदी की बढ़त के साथ सबसे मजबूत शेयरों में शामिल रहा। इसके अलावा ट्रेंट में 0.50 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक में 0.37 फीसदी, पॉवर ग्रीड में 0.31 फीसदी और एनटीपीसी में 0.29 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। निफ्टी के टॉप गेनर्स में डॉ. रेड्डीज, अडानी पोर्ट्स, सिप्ला और अपोलो हॉस्पिटल्स जैसे शेयर शामिल रहे।

बैंकिंग और एफएमसीजी शेयर भी दबाव में

आईटी के अलावा कुछ बैंकिंग और एफएमसीजी शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली। एचडीएफसी बैंक 0.43 फीसदी, कोटक महिंद्रा बैंक 0.52 फीसदी और हिंदुस्तान यूनिलीवर करीब 0.90 फीसदी गिर गया। एशियन पेंट्स और टाटा स्टील में भी बिकवाली का दबाव रहा।

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का विवाद अब सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, समयबद्ध जांच कराए जाने की मांग

0

उत्तर प्रदेश के अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का विवाद अब सुप्रीम कोर्ट में पहुंच गया है। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में मांग की गई है कि राम जन्मभूमि ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं और कथित भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जाए।

याचिकाकर्ताओं ने इस मामले में तुरंत एक FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू करने का अनुरोध किया है। कोर्ट से यह अपील की गई है कि CBI-SIT को एक निश्चित समय सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता के साथ जांच करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि यह साफ हो सके कि दान के फंड में कोई हेराफेरी, गबन या भ्रष्टाचार हुआ है या नहीं।

दो वकीलों ने दायर की याचिका

यह याचिका वकील अजय कुमार राय और दिनेश कुमार यादव द्वारा दायर की गई है। याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट से अपील की है कि वह केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और ट्रस्ट को एक ऐसी मजबूत नियामक, पर्यवेक्षी और ऑडिट प्रणाली बनाने का निर्देश दे, जिससे जनता और लाखों श्रद्धालुओं का भरोसा बना रहे।

“बिना FIR ही जांच शुरू कर दी”

याचिका में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बनाई गई मौजूदा SIT ने बिना किसी FIR या नियमित आपराधिक मामले के ही जांच शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों वाली इस एसआईटी के पास जटिल वित्तीय और आपराधिक मामलों को संभालने की विशेष योग्यता नहीं हो सकती।

याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि इस मामले की जांच एक ऐसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जानी चाहिए जिसके पास जटिल वित्तीय घोटालों से निपटने के लिए आवश्यक विशेषज्ञता, संसाधन और संस्थागत तंत्र मौजूद हों, ताकि जनता का भरोसा कायम रहे।

याचिका में कहा गया है, “श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़ी रकम गायब होने और दूसरी कथित अनियमितताओं की रिपोर्ट सच साबित हों या न हों, लेकिन ऐसी रिपोर्ट ने उन पीढ़ियों के बीच गहरी चिंता पैदा कर दी है, जिन्होंने अयोध्या की शान को फिर से बहाल करने के लिए संघर्ष किया था।”

18 वर्षीय युवक विक्की कुमार आज सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा

0

जिला गिरिडी के देवरी थाना क्षेत्र का रहने वाला 18 वर्षीय युवक विक्की कुमार आज सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कम उम्र में ही अपनी मेहनत, लगन और मधुर आवाज के दम पर वह लोगों के दिलों में जगह बना रहा है। वर्तमान में विक्की कुमार 8वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो बनाकर अपनी प्रतिभा को लोगों तक पहुंचाने का काम शुरू किया है।

विक्की कुमार खास तौर पर अपने शानदार गाने और भावपूर्ण आवाज के लिए इलाके में चर्चा का विषय बने हुए हैं। उनकी आवाज में ऐसी मधुरता है कि जो भी एक बार उनका गाना सुनता है, वह उनकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाता। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर उनके बनाए गए वीडियो और रील्स लगातार लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। गांव और आसपास के इलाके के लोग भी उनकी प्रतिभा की सराहना कर रहे हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

बताया जाता है कि विक्की कुमार वीडियो बनाने के लिए काफी मेहनत करते हैं। कभी खेतों के बीच, तो कभी गांव की गलियों में वह अलग-अलग अंदाज में वीडियो शूट करते नजर आते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने हुनर को कमजोर नहीं होने दिया। मोबाइल फोन के जरिए ही वह गाने रिकॉर्ड करते हैं और फिर उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड करते हैं। उनकी मेहनत और जुनून देखकर लोग उन्हें आने वाला उभरता कलाकार मान रहे हैं।

विक्की कुमार का सपना है कि वह आने वाले समय में एक बड़े सिंगर और सोशल मीडिया क्रिएटर बनें। वह चाहते हैं कि उनकी आवाज देशभर के लोग सुनें और उनके वीडियो लाखों लोगों तक पहुंचें। परिवार और दोस्तों का भी उन्हें पूरा सहयोग मिल रहा है। उनके करीबी लोगों का कहना है कि विक्की बचपन से ही गाने का शौक रखते हैं और खाली समय में हमेशा संगीत और वीडियो बनाने में लगे रहते हैं।

आज सोशल मीडिया के दौर में जहां युवा अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहीं गिरिडीह के छोटे से इलाके से निकलकर विक्की कुमार ने यह साबित कर दिया है कि अगर इंसान के अंदर हुनर और मेहनत करने का जज्बा हो, तो वह किसी भी मुकाम तक पहुंच सकता है। उनकी सफलता की शुरुआत भले छोटी हो, लेकिन उनके सपने बहुत बड़े हैं और उन्हें पूरा करने के लिए वह लगातार मेहनत कर रहे हैं।

बाथरूम में छेड़छाड़ का विरोध करने पर विवाहिता से मारपीट, कपड़े फाड़कर शीलभंग का आरोप; नाबालिग की शादी कराने और दबाव बनाने के भी गंभीर आरोप

0

पूर्व मेदिनीपुर। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र से महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक अपराधों से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने पड़ोसी परिवार के लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, कपड़े फाड़कर शीलभंग करने और लंबे समय से दबाव व उत्पीड़न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता खुकुमोनी दैट, पत्नी बाबलू दास, निवासी बड़ा राक्षस (बरारांकुआ), थाना रामनगर, जिला पूर्व मेदिनीपुर ने पुलिस को दिए गए लिखित आवेदन में बताया कि 20 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे पुरानी रंजिश और पूर्व विवाद के कारण आरोपित उनके घर पहुंचे। आरोप है कि पहले उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई।

पीड़िता के अनुसार आरोपितों ने उन्हें लात-घूंसों से पीटा, जिससे वह घायल हो गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और उनके साथ अशोभनीय हरकत कर शीलभंग किया गया। जब उनके अस्वस्थ पिता बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपितों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की।

शिकायत में खोकन दास और उनके पुत्र सौरभ दास सहित एक अन्य व्यक्ति का नाम सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और दबाव बनाने की कोशिश की गई।

महिला ने अपनी शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि आरोपित खोकन दैट ने कथित तौर पर 50 हजार रुपये लेकर लगभग 14 वर्ष की एक नाबालिग लड़की की शादी कराई थी और उसके साथ जबरन ससुराल भेजने की तैयारी की जा रही थी। पीड़िता का दावा है कि इस मामले का विरोध करने वालों पर दबाव बनाया जा रहा है। हालांकि नाबालिग विवाह और धन लेने संबंधी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और प्रभावशाली लोगों का नाम लेकर डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद घायल महिला का सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया। सूचना मिलने पर रामनगर थाना पुलिस ने जीडी एंट्री दर्ज कर रामनगर थाना कांड संख्या 223/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक सुपर्णा गाएन पांडा को सौंपी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा और नाबालिग विवाह जैसे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।

ब्रिटेन के पीएम पद से ‘कीर स्टार्मर’ ने दिया इस्तीफा, कहा- पत्नी के लिए अच्छा पति और बच्चों के लिए बनना है अच्छा पिता

0

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की है। स्टार्मर ने लेबर पार्टी के भीतर से बढ़ते दबाव के बाद ये ऐलान किया है। अपने संबोधन में स्टार्मर ने पत्नी और बच्चों को लेकर भावुक बाते कहीं है। साथ ही अपने नेतृत्व और पार्टी के भविष्य को लेकर उठ रहे आंतरिक सवालों को स्वीकार करते हुए स्टार्मर ने कहा, ‘मैं जानता हूं कि अब यह सवाल पूछा जा रहा है कि लेबर पार्टी को आगे ले जाने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति कौन है। पार्टी यह पूछ रही है कि क्या मैं अगले चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हूं। मैंने अपने पार्टी सहयोगियों से इसका जवाब सुना है और मैं इसे स्वीकार करता हूं।’

इसके साथ ही उन्होंने कहा, ‘मैंने जो भी निर्णय लिया है, वह उस देश को सर्वोपरि रखने के बारे में रहा है, जिससे मैं प्यार करता हूं। इसीलिए मैं लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा दे रहा हूं। मैंने आज सुबह महामहिम राजा से बात करके उन्हें अपने निर्णय की जानकारी दी है।’

अपने उत्तराधिकारी को दूंगा पूरा समर्थन

स्टार्मर ने आगे कहा, ‘मैं लेबर राष्ट्रीय कार्यकारिणी से रिक्वेस्ट करूंगा कि सितंबर में अगले संसदीय सत्र से पहले एक नए नेता की नियुक्ति सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू करें। मैं अपने उत्तराधिकारी को पूरा समर्थन दूंगा, यह जानते हुए कि उन्हें एक मजबूत ब्रिटेन विरासत में मिलेगा, जिससे लेबर पार्टी को दूसरा कार्यकाल मिल सके। मैं अपने सभी सहयोगियों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।’

स्टार्मर ने पत्नी को भी दिया धन्यवाद

भावुक होकर स्टार्मर ने अपनी पत्नी विक्टोरिया को अच्छे और बुरे समय में मेरे साथ एक मजबूत सहारा बने रहने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, ‘जब मैं देश की सबसे बड़ी नौकरी छोड़ दूंगा, तो मैं अपना अधिक समय सबसे महत्वपूर्ण काम पर लगाऊंगा, जो कि मेरी शानदार पत्नी विक के लिए सबसे अच्छा पति बनना है। और अपने प्यारे बच्चों के लिए सबसे अच्छा पिता बनना है, जो मेरे लिए गर्व और खुशी का स्रोत हैं।’

सितंबर में लेबर पार्टी को मिलेगा नया नेता

स्टार्मर ने लेबर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति से नेतृत्व चुनाव के लिए एक समय सारणी निर्धारित करने को कहा है, जिसके लिए नामांकन 9 जुलाई से शुरू होंगे। नामांकन समर पार्लियामेंट वैकेशन से पहले, 16 जुलाई को बंद हो जाएंगे। यदि चुनाव होता है, तो इससे यह सुनिश्चित होगा कि सितंबर में संसद के दोबारा शुरू होने तक लेबर पार्टी का नया नेता मिल जाएगा।

महाराष्ट्र के किसानों के लिए खुशखबरी! सरकार देगी ₹20,552 करोड़ की राहत, विधानसभा में हुआ बड़ा ऐलान

0

महाराष्ट्र के लाखों किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन किसानों की कर्जमाफी के लिए ₹20,552 करोड़ का प्रावधान करते हुए बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में लगभग ₹97,706 करोड़ की सप्लीमेंट्री डिमांड पेश कीं, जिसमें किसानों के लिए सबसे बड़ा हिस्सा रखा गया है। सरकार का कहना है कि इससे किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिलेगी।

विधानसभा में पेश हुईं ₹97,706 करोड़ की सप्लीमेंट्री डिमांड

राज्य सरकार ने कुल ₹97,706.40 करोड़ की अनुपूरक मांगें पेश की हैं। इनमें से ₹13,825 करोड़ अनिवार्य खर्चों, ₹66,559 करोड़ विभिन्न योजनाओं और ₹17,321 करोड़ केंद्र प्रायोजित योजनाओं के लिए रखे गए हैं। समायोजन और वसूली के बाद सरकारी खजाने पर वास्तविक अतिरिक्त बोझ ₹74,817 करोड़ रहेगा।

बिजली, रोजगार और ग्रामीण विकास पर भी फोकस

सरकार ने कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए भी बड़ी राशि आवंटित की है। केंद्र की पूंजी निवेश सहायता योजना के तहत ब्याज फ्री लोन के लिए ₹10,007 करोड़ का प्रावधान किया गया है। वहीं, महाराष्ट्र राज्य बिजली वितरण कंपनी (MSEDCL) के कर्ज और ब्याज भुगतान के लिए ₹8,000 करोड़ रखे गए हैं। ग्रामीण रोजगार और आजीविका मिशन के लिए ₹7,367 करोड़, सरकारी दफ्तरों के बिजली बिल भुगतान के लिए ₹4,000 करोड़ और अमृत 2.0 योजना के लिए ₹3,076 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

सामाजिक योजनाओं को भी मिला बढ़ावा

सरकार ने श्रवणबाल सेवा राज्य पेंशन योजना के लाभार्थियों के लिए ₹2,000 करोड़ और संजय गांधी निराधार योजना के लिए ₹1,874 करोड़ का प्रावधान किया है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय और वेतन के लिए ₹1,734 करोड़ भी आवंटित किए गए हैं।

किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती

सरकार का दावा है कि यह बजट किसानों, ग्रामीण विकास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। कर्जमाफी के लिए किए गए भारी प्रावधान को राज्य के किसानों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आने वाले समय में कृषि क्षेत्र को नई ताकत मिल सकती है।