Friday, July 10, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeNationalपूरे यूपी में आफत की बारिश, CM योगी ने अधिकारियों को दिए...

पूरे यूपी में आफत की बारिश, CM योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; फील्ड में उतरें अधिकारी, 24 घंटे में मुआवजा

यूपी में भारी बारिश के बीच कई लोगों की मौत हो गई है। वहीं पशुधन की भी हानि हुई है। सीएम योगी ने अधिकारियों को फील्ड में उतरने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने 24 घंटे में बारिश से प्रभावित लोगों को मुआवजा प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश में बीते दिनों हुई बारिश की वजह से कई लोगों की जानें गई हैं। ऐसे में अतिवर्षा व आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि व आर्थिक हानि का सीएम योगी ने संज्ञान लिया है। सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम योगी ने अति वर्षा, आकाशीय बिजली से हुई जन हानि, पशु हानि व आर्थिक हानि का आंकलन कर 24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड पर निकल कर प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि प्रभावित परिवारों से संवाद बनाकर अधिकारी उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करवाएं। वहीं सीएम योगी ने घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने कामना की।

संत कबीर नगर में दो महिलाओं की मौत
बता दें कि इससे पहले तेज बारिश की वजह से हुई अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि ये मौतें संत कबीर नगर, कुशीनगर, बुलंदशहर, शामली और गाजियाबाद में बारिश से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में हुईं। अधिकारियों के मुताबिक संत कबीर नगर में, दो महिलाओं की अलग-अलग गांवों में बिजली गिरने से मौत हो गई। उप-मंडल मजिस्ट्रेट अरुण कुमार ने बताया कि मेहदावल तहसील के कात्या गांव की चांदनी (17) और प्रतापपुर गांव की वर्षाना (60) की खेतों में काम करते समय मौत हो गई। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट प्राप्त कर ली गई है और उनके परिवारों को सरकारी सहायता प्रदान की जाएगी।

कुशीनगर में बिजली गिरने से किशोर की मौत
वहीं कुशीनगर के विशनपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के थडीभर गांव में राहुल कुमार (14) की खेत की मेड़ पर खड़े होने के दौरान बिजली गिरने से मौत हो गई, जब उसकी मां उसे खेत से तोड़ी गई सब्जियां दे रही थी। पुलिस ने बताया कि परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

बुलंदशहर में दीवार गिरने से तीन की मौत
इसके अलावा बुलंदशहर में भारी बारिश के बाद खुर्जा के मूंडाखेड़ा गांव में दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। सीओ शोभित कुमार ने बताया कि दीवार शाम करीब 5 बजे गिरी और खाली प्लॉट के किनारे बने अस्थायी तंबुओं में रह रहे छह लोग दब गए। इसमें कुल तीन लोगों की मौत हो गई है। तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

शामली में टिन शेड की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत
शामली जिले में, भारी बारिश के दौरान थानाभवन कस्बे में एक टिन की शेड की दीवार गिरने से 49 वर्षीय शाहिद की मौत हो गई और उनके दो बेटे – अमन (17) और नौमान (15) – गंभीर रूप से घायल हो गए। स्टेशन हाउस ऑफिसर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां शाहिद को मृत घोषित कर दिया गया। उनके बेटों का इलाज चल रहा है।

गाजियाबाद में नाले में बह जाने से बच्ची की मौत
दूसरी तरफ गाजियाबाद के विजय नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के सर्वोदय कॉलोनी में अपने घर के बाहर पानी से भरे नाले में बह जाने से तीन वर्षीय पल्लवी की डूबने से मौत हो गई। सहायक पुलिस आयुक्त उपासना पांडे ने बताया कि बच्ची अपने घर के बाहर जमा हुए बारिश के पानी में गिर गई और उसकी मौत हो गई। अतिरिक्त नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने बताया कि मृतक के परिवार को नियमों के अनुसार सहायता और मुआवजा दिया जाएगा।

11 जुलाई तक पूरे राज्य में बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि 11 जुलाई तक पूरे राज्य में व्यापक बारिश होने की संभावना है और अगले दो से तीन दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

गाजियाबाद में जलभराव
भारी बारिश ने गाजियाबाद में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया, जिससे व्यापक जलभराव, यातायात जाम और वसुंधरा सेक्टर 13 में सड़क धंसने की घटना हुई। एक निर्माणाधीन बेसमेंट के पास आवासीय सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे खड़ी कार और स्कूटर गड्ढे में गिर गए, जबकि पास का एक बिजली का खंभा भी गड्ढे में गिर गया। गजियाबाद जिला प्रशासन ने गुरुवार शाम को आईएमडी के भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर शुक्रवार को सभी बोर्डों के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया।

नोएडा और प्रयागराज में भी जलभराव
वहीं नोएडा के कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया, जलभराव वाली सड़कों पर वाहन खराब हो गए और लंबे ट्रैफिक जाम की खबरें आईं। नोएडा के सेक्टर 33 स्थित परिवहन विभाग का कार्यालय जलमग्न हो गया। वहीं प्रयागराज के सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन और महिला थाने में भी इसी तरह की बाढ़ की सूचना मिली। मुजफ्फरनगर के भोपा पुलिस स्टेशन क्षेत्र के भोकाहेरी गांव में भारी बारिश के दौरान मोहन लाल के कच्चे मकान के गिरने से 20 बकरियों की मौत हो गई।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments