Home Sports आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया को नुकसान, चार में से हारे हैं...

आईसीसी रैंकिंग में टीम इंडिया को नुकसान, चार में से हारे हैं 3 टी20 मुकाबले

0

टीम इंडिया की लगातार हार का असर अब आईसीसी रैंकिंग में भी नजर आने लगा है। चार मैच खेलने के बाद भी भारतीय टीम श्रेयस अय्यर की कप्तानी में अब तक एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच जीत नहीं पाई है।
आईसीसी रैंकिंग में भी अब तो भारतीय टीम को नुकसान होते हुए नजर आ रहा है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया चार में से तीन मैच हार चुकी है। एक मैच बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया है। अब भारत और इंग्लैंड के बीच आईसीसी रैंकिंग में रेटिंग का फासला काफी कम हो गया है। टीम इंडिया अगर और मैच हारी तो उसकी रैंकिंग भी नीचे जा सकती है।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया नहीं जीत सकी है एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच
टीम इंडिया श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पहला टी20 इंटरनेशनल मैच जीतने के लिए तरस रही है। जब टीम इंडिया आयरलैंड के दौरे पर पहुंची तो उम्मीद की जा रही थी कि इस सीरीज को तो जीत ही जाएंगे। लेकिन पहले ही मैच में भारतीय टीम को मुंह की खानी पड़ी। इसके बाद सीरीज के दूसरे मैच में भी हार का सामना करना पड़ा। आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया पहली बार एक भी मैच जीतने बिना वहां से निकली। इसके बाद शुरू हुआ इंग्लैंड दौरा। इस सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण धुल गया और दूसरे मैच में टीम इंडिया चार विकेट से हार गई।

भारत और इंग्लैंड के बीच रेटिंग का अंतर हुआ काफी कम
जब भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज शुरू होनी थी, तब भारतीय टीम की रैंकिंग आईसीसी टी20 रैंकिंग में रेटिंग 272 की थी, वहीं इंग्लैंड की रेटिंग 262 की थी। लेकिन अब यानी आज की बात करें तो भारत की रेटिंग घटकर 271 की हो गई है, वहीं इंग्लैंड की रेटिंग 262 से बढ़कर 264 की हो गई है। यानी भारत और इंग्लैंड के बीच रेटिंग का अंतर जो पहले 10 अंकों का था, वो अब केवल सात ही अंकों का रह गया है।

भारतीय टीम पर सीरीज हार का भी मंडरा रहा है खतरा
अभी तो सीरीज में तीन और मैच बाकी हैं। जहां एक ओर टीम इंडिया पर एक और सीरीज हारने का संकट गहरा रहा है, वहीं रैंकिंग भी नीचे जाने का खतरा नजर आ रहा है। अगर एक और मैच टीम इंडिया हारी और इंग्लैंड ने जीत दर्ज की तो ये रेटिंग का अंतर और भी कम हो जाएगा, इसके बाद टीम इंडिया की सीरीज जीत की संभावनाएं भी मिट्टी में मिल जाएंगी। सीरीज का तीसरा मुकाबला अब 7 जुलाई दिन मंगलवार को खेला जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version