Home Sports वैभव सूर्यवंशी इतिहास रचने के बावजूद नहीं तोड़ पाएंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी का...

वैभव सूर्यवंशी इतिहास रचने के बावजूद नहीं तोड़ पाएंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी का रिकॉर्ड, 30 साल से कायम है कीर्तिमान

0

IND vs IRE: आयरलैंड दौरे पर वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। वैभव पहली बार टीम इंडिया की जर्सी में खेलते नजर आएंगे।
वैभव सूर्यवंशी इतिहास रचने की दहलीज पर खड़े हैं। आयरलैंड दौरे पर मैदान में उतरते ही वैभव 15 साल की उम्र में भारत की ओर से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल ये रिकॉर्ड महान सचिन तेंदुलकर के नाम है। सचिन तेंदुलकर ने 18 दिसंबर 1989 को पाकिस्तान की धरती पर 16 साल 238 दिन की उम्र में डेब्यू करते हुए इतिहास रचा था। अब वैभव सचिन के इस 37 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने जा रहे हैं। भारत के आयरलैंड दौरे का 26 जून से आगाज होगा। इस दौरे पर 2 T20I मुकाबले खेले जाएंगे। अगर वैभव को पहले ही मैच में मौका मिलता है, तो वह महज 15 साल और 91 दिन की उम्र में डेब्यू करते हुए नया भारतीय रिकॉर्ड बना देंगे।
हसन रजा का रिकॉर्ड 30 साल से बरकरार
वैभव भले ही सचिन का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, लेकिन फुल मेंबर नेशन में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने का कीर्तिमान नहीं तोड़ पाएंगे। आपको जानकर हैरानी होगी कि ये रिकॉर्ड एक पाकिस्तानी क्रिकेटर के नाम है। दिलचस्प बात ये है कि 36 साल से ये रिकॉर्ड कायम है। ये खिलाड़ी हैं हसन रजा, जिन्होंने 14 अक्टूबर 1996 को जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट मैच में 14 साल 277 दिन की उम्र में पाकिस्तान के लिए डेब्यू किया था। वैसे तो एसोसिएट नेशन के कई प्लेयर्स ने हसन रजा से कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू किया है, लेकिन फुल मेंबर नेशन के खिलाड़ियों में हसन रजा इकलौते ऐसे प्लेयर हैं, जिन्होंने 15 साल से कम उम्र में इंटरनेशनल मैच खेला है।

इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे कम उम्र में डेब्यू करने वाले खिलाड़ी (फुल मेंबर नेशन)
हसन रजा (पाकिस्तान) – 14 साल 277 दिन
मोहम्मद शरीफ (बांग्लादेश) – 15 साल 116 दिन
मुश्ताक मोहम्मद (पाकिस्तान) – 15 साल 124 दिन
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया था। वैभव ने 16 मैचों में 776 रन जड़ते हुए ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। श्रीलंका में खेली गई ट्राई सीरीज के फाइनल में भी युवा स्टार बल्लेबाज के बल्ले से महज 29 गेंदों पर 94 रन की पारी आई थी, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। इस पारी के दौरान उन्होंने महज 11 गेंदों पर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version