कटकेनवा थाना महुआवा क्षेत्र में चोरी से मचा हड़कंप, घर में मौजूद थीं दो महिलाएं और बच्चे
कटकेनवा थाना महुआवा क्षेत्र में बीती रात चोरों ने एक परिवार के सूने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना रात करीब 2 बजे से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। उस समय घर में केवल दो महिलाएं और कुछ छोटे बच्चे मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य नेपाल गए हुए थे।
पीड़ित परिवार के अनुसार, घर में मौजूद सुहासिनी (पत्नी पप्पू कुमार राम) और सुलेखा देवी (पत्नी मृत्युंजय कुमार) बच्चों के साथ सो रही थीं। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर घर में घुसपैठ की और अलमारी व बक्सों को खंगालते हुए करीब 1 लाख रुपये नकद और लगभग 1.80 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
बताया गया कि नकद रकम घर में छोटी भाभी के कैंसर इलाज के लिए रखी गई थी। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
फरियादी मृत्युंजय कुमार ने मीडिया के सामने रोते हुए बताया कि,
“इलाज के लिए जमा की गई पूरी रकम और जेवर सब चोरी हो गया, अब सब कुछ बर्बाद हो गया।”
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण किया। पीड़ितों के बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
पीड़ित परिवार मूल रूप से पूर्वी चंपारण, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में कटकेनवा थाना महुआवा क्षेत्र में रह रहा था। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
