Home National चित्रकूट में दबंगों का आतंक, भारत लाल को ही उनके घर से...

चित्रकूट में दबंगों का आतंक, भारत लाल को ही उनके घर से किया बेदखल

0

चित्रकूट जनपद के भरतकूप थाना क्षेत्र अंतर्गत भारतपुर तराँव गांव में रहने वाले भारत लाल पुत्र राम स्वरुप ने गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि कुछ अज्ञात दबंग और गुंडा प्रवृत्ति के लोगों द्वारा उनके ही घर पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। इतना ही नहीं, उन्हें घर से जबरन उठा ले जाकर मारपीट की गई और जान से डराने की धमकी भी दी गई।

पीड़ित भारत लाल के अनुसार दबंगों ने उनसे चार लाख रुपये की मांग करते हुए कहा कि अब इस घर पर उनका कब्जा है और भारत लाल को यहां रहने का कोई अधिकार नहीं है। विरोध करने पर उन्हें बुरी तरह पीटा गया और गांव छोड़ने तक की धमकी दी गई। घटना के बाद से पूरा परिवार भय और दहशत के माहौल में जी रहा है।

भारत लाल ने आरोप लगाया है कि दबंग लगातार उनके घर के आसपास घूमते हैं और परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो उनके साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। गांव के लोगों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गरीब और कमजोर लोगों को डराकर उनकी जमीन और मकान पर कब्जा करने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों को गिरफ्तार करना चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को सुरक्षा मिल सके।

भारत लाल ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उन्हें उनके घर में सुरक्षित रहने का अधिकार दिलाया जाए। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कितनी तेजी से कदम उठाता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version