Home National मथुरा में सनसनीखेज मामला: अपहरण की कोशिश, लूट, महिला से अश्लील हरकत...

मथुरा में सनसनीखेज मामला: अपहरण की कोशिश, लूट, महिला से अश्लील हरकत और हत्या की साजिश के आरोप

0

मथुरा जिले के जमुनापार थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार ने कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी लंबे समय से उन्हें निशाना बना रहे हैं और अब मामला बच्चे के अपहरण की कोशिश, घर में घुसकर लूटपाट, महिला से अश्लील हरकत, मारपीट और जान से मारने की धमकियों तक पहुंच गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
शिव नगर कॉलोनी तैयापुर निवासी शिवकुमार पुत्र लीलाधर ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कुछ समय पहले आरोपी हरीश और उसके साथियों पर उनके घर से चांदी की तोड़ियां और सोने के आभूषण चोरी करने का आरोप लगा था। उस समय पंचायत और पुलिस की मौजूदगी में समझौता कराया गया था, लेकिन तभी से आरोपी परिवार से रंजिश रखने लगे।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपी हरीश लगातार घर के आसपास आकर विवाद करता और परिवार को धमकाता रहा। शिवकुमार ने बताया कि 23 अप्रैल 2026 को उनका पुत्र हिंदू प्राइमरी स्कूल तैयापुर से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में चौबे जी के बाड़े के पास हरीश और उसके चार साथियों ने बच्चे का अपहरण करने की कोशिश की। बच्चे के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। परिवार ने इसकी शिकायत थाना जमुनापार में दी, लेकिन कार्रवाई न होने का आरोप लगाया है।
शिवकुमार ने आरोप लगाया कि 26 अप्रैल को जब वह घर पर नहीं थे, तब आरोपी हरीश उनके घर पहुंचा और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने कथित रूप से महिला के सामने कपड़े उतार दिए और अश्लील हरकतें करने लगा। इसी दौरान शिवकुमार के घर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि 1 मई 2026 को आरोपी हरीश और उसके साथी नंदकिशोर व शब्बू कथित रूप से शिवकुमार की हत्या की साजिश बनाते दिखाई दिए। पीड़ित का दावा है कि राजेश और हरिगोविंद गवाह है और मौजूद लोगों ने बातचीत सुनी और मोबाइल से फोटो भी लिए हैं।
इसी मामले में जमुनापार निवासी राधा देवी ने भी थाना प्रभारी को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि 15 फरवरी 2025 की रात आरोपी हरीश, मोता, राहुल, राकेश, इन्दोह और अन्य साथियों ने उनके घर में घुसकर मारपीट और लूटपाट की। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने तमंचा सिर पर रखकर घर में रखे जेवर और नकदी लूट ली। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी हरीश ने उसके पति के सामने कपड़े उतारने और इज्जत लूटने की धमकी भी दी।
राधा देवी का कहना है कि घटना के दौरान घर का पालतू कुत्ता खुल गया, जिसके बाद आरोपी भागने लगे। भागते समय आरोपी हरीश का मोबाइल, जूता और टोपी मौके पर छूट गई, जिससे उसकी पहचान हुई। पीड़िता ने बताया कि बाद में पंचायत के जरिए समझौते की कोशिश हुई, जिसमें आरोपी पक्ष ने रकम लौटाने की बात स्वीकार की थी, लेकिन बाद में मुकर गए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी पक्ष लगातार गाली गलौज कर रहा है और पुलिस को पैसे देकर मामला दबाने तथा पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दे रहा है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपी घर में पेट्रोल डालकर आग लगाने और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकियां दे रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपी हरीश, सत्यावती, नंदकिशोर, राहुल,अर्जुन राकेश सहित पांच अन्य लोगों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस को शिकायत पत्र सौंप दिया गया है और मामले की जांच की मांग की जा रही है। इलाके में घटना को लेकर दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version