Saturday, March 28, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeNationalन्यू उस्मानपुर में अनाथ महिला से वर्षों तक शोषण और ठगी का...

न्यू उस्मानपुर में अनाथ महिला से वर्षों तक शोषण और ठगी का सनसनीखेज आरोप: फर्जी तलाक, झूठी शादी और 6 लाख की जबरन वसूली का दावा

दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक अनाथ महिला के साथ वर्षों तक भावनात्मक शोषण, आर्थिक ठगी, मारपीट और जान से मारने की धमकियों का गंभीर आरोप लगाया गया है। पीड़िता पिंकी नामक महिला ने थाना न्यू उस्मानपुर में दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि शाइस्ता नाम की महिला और उसके पति नायब शफीक ने मिलकर उसे विश्वास में लेकर लाखों रुपये की ठगी की, शारीरिक हिंसा की और अब उससे जबरन वसूली की जा रही है।

पीड़िता पिंकी, जो बचपन से ही अनाथ है, रैन बसेरा में रहकर ऊनी कपड़े और मोजे बेचकर अपना जीवन यापन करती थी। उसकी मुलाकात करीब तीन से चार साल पहले शाइस्ता से हुई, जो उस समय रैन बसेरा में ड्यूटी पर तैनात थी। शाइस्ता के पति नायब शफीक की ब्लड सैंपल लैब जग प्रवेश अस्पताल के पास स्थित है। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हो गई और इसी दोस्ती का फायदा उठाकर आरोपियों ने कथित तौर पर पिंकी को अपने जाल में फंसा लिया।

पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2023 में शाइस्ता ने रोते-बिलखते हुए बताया कि उसका पति उसे मारता-पीटता है और तलाक के बदले पैसे मांग रहा है। साथ ही उसने अपनी बीमार मां के इलाज का हवाला देकर पिंकी से पैसे मांगे। विश्वास में आकर पिंकी ने अपनी जमा पूंजी और उधार लेकर लाखों रुपये शाइस्ता को दे दिए, जिससे वह खुद भारी कर्ज में डूब गई।

शिकायत में यह भी बताया गया है कि शाइस्ता ने पिंकी को भरोसा दिलाया कि वह अपने पति से तलाक लेकर उसी के साथ रहेगी। इसी बहाने पिंकी से महंगे रेस्टोरेंट, शॉपिंग और घरेलू खर्चों के नाम पर लगातार पैसे ऐंठे गए। वर्ष 2024 में शाइस्ता ने दावा किया कि एक लाख रुपये देने पर उसके पति ने तलाक दे दिया है, लेकिन आज तक कोई कानूनी दस्तावेज पीड़िता को नहीं दिखाया गया।

सबसे सनसनीखेज आरोप यह है कि तलाक का झूठा दावा कर शाइस्ता ने पिंकी से हिंदू रीति-रिवाज से शादी भी कर ली। शादी के बाद सोने के गहनों की मांग की गई और घर का पूरा खर्च, यहां तक कि शाइस्ता की मां के इलाज का खर्च भी पिंकी से ही उठवाया गया। बाद में सितंबर 2025 में पिंकी को पता चला कि शाइस्ता ने कभी तलाक लिया ही नहीं और वह अब भी अपने पति के साथ वैवाहिक रिश्ते में है।

जब पिंकी ने इस धोखाधड़ी पर सवाल उठाया तो आरोप है कि शाइस्ता और नायब शफीक ने मिलकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि इस हमले में उसका हाथ टूट गया। इतना ही नहीं, दोनों आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और निजी तस्वीरों के जरिए बदनाम करने की धमकी भी दी, जिसके चलते वह लंबे समय तक डर के कारण चुप रही।

अब आरोप है कि शाइस्ता और उसका पति पिंकी से छह लाख रुपये की जबरन वसूली कर रहे हैं। वे लगातार फोन कर धमकियां देते हैं और उसके कमरे में जबरन घुसकर डराते हैं। पीड़िता का कहना है कि वह लगातार भय के साए में जी रही है और उसकी जान को गंभीर खतरा है।

पीड़िता ने पुलिस से मांग की है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और उससे ठगे गए पूरे पैसे वापस दिलवाए जाएं। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और अब सभी की नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments