Home National 13 साल की शादी, तीन बेटी… फिर भी आधी रात बच्चों संग...

13 साल की शादी, तीन बेटी… फिर भी आधी रात बच्चों संग निकाली गई महिला: पति पर नशे और ससुराल पर मारपीट का आरोप

0

कैमूर। जिले के कर्मीचक गांव से एक विवाहिता को आधी रात तीन छोटे बच्चों के साथ घर से निकालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता रिमझिम देवी ने आरोप लगाया है कि 13 साल की शादी और तीन बेटी की मां होने के बावजूद उन्हें ससुराल पक्ष ने मारपीट कर घर से बाहर कर दिया। महिला का कहना है कि पति के नशे और परिवार की प्रताड़ना को वह वर्षों तक सहती रही, लेकिन अब हालात असहनीय हो गए हैं।

रिमझिम देवी, पत्नी चितु बिंद, निवासी ग्राम कर्मीचक, पोस्ट दरौ, थाना क्षेत्र भभुआ, जिला कैमूर (बिहार) की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि उनके पति कपड़ा बनाने की मशीन चलाने का काम करते हैं और अधिकतर समय बाहर रहकर कमाई करते हैं। आरोप है कि पति शराब और गांजा जैसे नशे का सेवन करते हैं और जितनी कमाई होती है, उसे नशे में खर्च कर देते हैं। रिमझिम का कहना है कि उन्होंने कई बार मायके में भी पति को नशा करते अपनी आंखों से देखा है, लेकिन पति और परिवार की इज्जत के कारण वह चुप रहीं।

महिला ने बताया कि करीब चार महीने पहले की घटना है। रात करीब 12 बजे ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि सिर्फ इस बात पर विवाद हुआ कि उन्होंने घर के पास रहने वाले एक युवक से सामान्य बातचीत कर ली थी। इसी बात को लेकर उन पर चरित्र पर सवाल उठाए गए और बेरहमी से पीटा गया।

रिमझिम देवी के अनुसार, ससुर कुंवर बिंद, सास जगमनी देवी, जेठानी कमलावती देवी, देवर बंटू कुमार और चंदेश्वर ने मिलकर उन्हें और उनके तीनों बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया। उस समय उनके पति बाहर काम करने गए हुए थे। महिला का कहना है कि मारपीट के बाद उन्हें मायके भेज दिया गया और तब से वह लगातार मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं।

पीड़िता का आरोप है कि उनका परिवार आर्थिक रूप से इतना सक्षम नहीं है कि वह हर जगह न्याय के लिए भागदौड़ कर सके। तीन छोटे बच्चों की जिम्मेदारी और भविष्य को लेकर वह चिंतित हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उन्हें सुरक्षा और न्याय दिलाया जाए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version