Home National भरत विहार में फल विक्रेता पर जानलेवा हमला, शाहरुख और आरिश समेत...

भरत विहार में फल विक्रेता पर जानलेवा हमला, शाहरुख और आरिश समेत कई युवकों पर केस दर्ज

0

नई दिल्ली। द्वारका नॉर्थ थाना क्षेत्र के भरत विहार इलाके में देर रात फल बेचकर लौट रहे एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, हमले में घायल इंतजार उर्फ नन्हे के सिर पर गंभीर चोट आई और उसे तत्काल सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पीड़ित परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के हसनपुर मोहल्ले का रहने वाला है और पिछले कई वर्षों से दिल्ली के भरत विहार इलाके में किराये के मकान में रहकर फल बेचने का काम करता है। शिकायतकर्ता इस्तकार ने बताया कि करीब 15 दिन पहले गांव में उनकी भतीजी तमन्ना से बातचीत को लेकर शाहरुख नामक युवक से विवाद हुआ था। उस विवाद में गांव स्तर पर समझौता हो गया था, लेकिन आरोप है कि दिल्ली आने के बाद भी धमकी भरे फोन कॉल आते रहे।

शिकायतकर्ता के अनुसार 11 मई 2026 की रात करीब 11 से 11:15 बजे के बीच नन्हे फल बेचकर रेहड़ी लेकर अपने किराये के कमरे की ओर लौट रहा था। इसी दौरान भरत विहार ककरोला स्थित सरकारी स्कूल के पास मुख्य सड़क पर 5-6 युवकों ने उसे घेर लिया और पीछे से लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

एफआईआर में शाहरुख और आरिश के साथ गुरुङ्ग गंजे तथा मोहम्मद अली के नाम भी जोड़े गए हैं। इसके अलावा 3-4 अन्य अज्ञात युवकों के शामिल होने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सभी आरोपियों ने एकजुट होकर नन्हे पर हमला किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद घायल को बोलेरो पिकअप वाहन से सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच के दौरान घायल को बयान देने के लिए अयोग्य बताया था। बाद में घायल के भाई इस्तकार के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मामले की जांच एएसआई अनिल कुमार को सौंपी गई है। शिकायतकर्ता परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए भविष्य में भी जान का खतरा होने की आशंका जताई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version