कैमूर/खमीदौरा | विशेष रिपोर्ट
कैमूर जिले के खमीदौरा गांव के निवासी चंदन कुमार (उम्र 28 वर्ष) बीते कई दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता हैं। 11 नवंबर की शाम 4 बजे उनकी अंतिम बार पत्नी से बात हुई थी। इसके बाद से उनका फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है और कोई भी सुराग हाथ नहीं लगा है।
पत्नी गुड़िया देवी, जो महज़ एक 1 महीने की नवजात बेटी और 5 साल के बेटे वीर के साथ घर पर अकेली हैं, लगातार रो-रोकर बेहोश होने की स्थिति में पहुँच चुकी हैं। परिवार में चंदन ही अकेले कमाने वाले थे, और उनके अचानक गायब हो जाने से घर में संकट का पहाड़ टूट पड़ा है।
गुड़िया देवी ने बताया कि चंदन कुमार घर से यह बोलकर निकले थे कि वे गुजरात शहर कमाने जा रहे हैं। इसके बाद से न तो उनका कोई फोन आया और न ही किसी रिश्तेदार, दोस्त या परिचित ने उन्हें कहीं देखा। गुड़िया का कहना है कि उन्होंने हर जगह फोन किया, रिश्तेदारों, ससुराल और दोस्तों से पूछताछ की, लेकिन कहीं भी चंदन का कोई अता-पता नहीं चल पाया।
गुड़िया देवी ने रोते हुए कहा—
“मैडम, बहुत परेशान हो चुकी हूं। एक महीने की बच्ची है… कहां लेकर जाऊं? कैसे ढूंढूं? घर में कमाने वाला कोई नहीं। दिमाग खराब हो रहा है… कहीं कुछ समझ नहीं आ रहा है। हमारी लव मैरिज थी… लेकिन अब पता नहीं मेरे पति कहां खो गए।”
परिवार और गांव के लोग भी स्तब्ध हैं कि एक बिल्कुल सामान्य, शांत स्वभाव के युवक का अचानक इस तरह गायब हो जाना कई सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने बताया कि चंदन की मानसिक स्थिति भी बिल्कुल सामान्य थी और किसी तरह का तनाव भी नहीं था।
गुड़िया देवी ने प्रशासन और पुलिस से जल्द से जल्द चंदन की खोज करने की मांग की है। वहीं परिवार ने आम जनता से भी मदद की अपील की है।
यदि किसी भी व्यक्ति को चंदन कुमार (उम्र 28 वर्ष) के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत नीचे दिए गए नंबर पर संपर्क करें:
9873072238
परिवार ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति चंदन का कोई सुराग देगा, उसे ₹3000 इनाम दिया जाएगा।
।
