Home National दिल्ली से लौटा 18 वर्षीय युवक अगले ही दिन पेड़ पर फंदे...

दिल्ली से लौटा 18 वर्षीय युवक अगले ही दिन पेड़ पर फंदे से लटका मिला, हत्या की आशंका; मां ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

0

हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के कछौना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक 18 वर्षीय युवक का शव शीशम के पेड़ से फंदे पर लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि उसके बेटे की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

पीड़िता मालती, पत्नी स्वर्गीय रामचंद्र, निवासी मोहल्ला इस्लाम नगर, कोतवाली कछौना, हरदोई द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार उनका चौथे नंबर का बेटा सूरज (लगभग 18 वर्ष) मजदूरी करने के लिए दिल्ली गया हुआ था। वह 1 जुलाई 2026 की रात लगभग 1 बजे घर लौटा। परिवार के अनुसार सूरज करीब आधे घंटे तक घर पर रुका और फिर अपना झोला लेकर कहीं चला गया। परिजनों ने सोचा कि वह किसी काम से गया होगा और वापस लौट आएगा, लेकिन वह घर नहीं लौटा।

परिजनों के अनुसार 2 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 10 बजे सूचना मिली कि बबुरहा नहर-कलौली रोड के पास शीशम के पेड़ पर सूरज का शव फंदे से लटका हुआ मिला है। मृतक की मां का आरोप है कि अज्ञात लोगों ने पहले उसके बेटे की हत्या की और फिर घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया।

पीड़िता मालती ने कोतवाली कछौना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version