मिर्जापुर/फ़ैजानपुर। जिले के मिर्जापुर थाना क्षेत्र के फ़ैजानपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 18 वर्षीय जैनब के घर पर देर रात 20 से 25 लोगों ने धावा बोल दिया। पीड़िता के अनुसार, घटना 21 मार्च की रात करीब 11 बजे की है, जब पूरा परिवार घर में सो रहा था। तभी अचानक मोहल्ले के कुछ लोग जबरन घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता जैनब ने बताया कि हमलावरों ने घर में रखे सामान को तोड़फोड़ कर तहस-नहस कर दिया। इतना ही नहीं, परिवार के सदस्यों को बेरहमी से पीटा गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। जैनब का कहना है कि उसकी शादी जल्द होने वाली थी और घर में शादी का सामान रखा हुआ था, जिसे हमलावरों ने या तो नष्ट कर दिया या अपने साथ ले गए।
घटना के पीछे पुरानी रंजिश को कारण बताया जा रहा है। जैनब के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले उनके घर में चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस में दर्ज कराई थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता ने जिन लोगों पर आरोप लगाए हैं, उनमें सेतु बाबा, फरीद अली, सलाम, फिदा हुसैन, ननकू, लाखन, जावेद, अदा हुसैन, चांद बाबू, अलकर, जाकिर हुसैन, असद हुसैन, फराज, मनीष, शरद, अजमत और दिवान सहित अन्य शामिल हैं।
घटना के दौरान जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और मारपीट की। पूरे इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
