Home National दसवीं की 16 वर्षीय छात्रा रहस्यमय तरीके से लापता: 5 मार्च से...

दसवीं की 16 वर्षीय छात्रा रहस्यमय तरीके से लापता: 5 मार्च से बेटी की तलाश में भटक रहा पिता, पुलिस पर टालमटोल का आरोप

0

लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के शारदा नगर थाना क्षेत्र के मूलचंद पूर्व गांव से एक नाबालिग छात्रा के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण परिजन बेहद परेशान और चिंतित हैं।

मूलचंद पूर्व गांव निवासी रामनिवास ने बताया कि उनकी बेटी किरण, जिसकी उम्र करीब 16 वर्ष है और वह कक्षा दसवीं की छात्रा है, 5 मार्च 2026 को दिन में करीब 12 बजे अचानक घर से लापता हो गई। उस समय घर पर वह अकेली थी। रामनिवास की पत्नी कबूतरी खेत में काम करने गई हुई थीं, जबकि उनके दोनों बेटे भी घर से बाहर थे। इसी दौरान किरण अपने साथ एक छोटा कीपैड मोबाइल फोन लेकर कहीं चली गई और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।

परिजनों के अनुसार जब काफी देर तक किरण घर वापस नहीं लौटी तो परिवार ने आसपास के रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता रामनिवास ने शारदा नगर थाने में जाकर अपनी बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि परिवार का आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस की ओर से मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है और सिर्फ टालमटोल की जा रही है।

रामनिवास का कहना है कि बेटी के लापता होने के बाद से पूरा परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। वह अपनी बेटी की तलाश में लगातार दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी है। परिवार को डर सता रहा है कि कहीं उनकी बेटी किसी अनहोनी का शिकार न हो गई हो।

पीड़ित पिता ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से अपील की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द उनकी बेटी की तलाश की जाए, ताकि समय रहते उसे सुरक्षित घर लाया जा सके। परिवार का कहना है कि अगर समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी बड़ी घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

स्थानीय लोगों का भी कहना है कि एक नाबालिग छात्रा के लापता होने के मामले में पुलिस को तुरंत सक्रिय होकर जांच करनी चाहिए। वहीं परिवार उम्मीद लगाए बैठा है कि प्रशासन उनकी मदद करेगा और उनकी बेटी को जल्द से जल्द ढूंढकर सुरक्षित वापस लाया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version