बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव गौरा से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता संजय यादव, पिता योगेंद्र यादव का 15 वर्षीय बेटा मुनचुन कुमार 11 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 2 बजे घर से मुजफ्फरपुर निकला था। फरवरी में होने वाली दसवीं की परीक्षा को देखते हुए उसका परीक्षा केंद्र मुजफ्फरपुर में पड़ा था, इसलिए वह रहने के लिए रूम देखने गया था, लेकिन उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा।
परिजनों के अनुसार जिस समय मुनचुन घर से निकला था, उसने काले रंग की जींस, जैकेट और गले में लाल रंग का गमछा पहन रखा था। परिवार ने बताया कि मुनचुन मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ था और घर में किसी भी प्रकार का कोई विवाद या तनाव नहीं था। ऐसे में उसका अचानक इस तरह गायब हो जाना पूरे परिवार के लिए गहरे सदमे का कारण बन गया है।
संजय यादव ने बताया कि बीते कई दिनों से वे अपने बेटे की लगातार तलाश कर रहे हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, अस्पताल और आसपास के जिलों तक खोजबीन की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। मुनचुन का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है, जिससे उससे संपर्क करना संभव नहीं हो पा रहा है।
अब मजबूर होकर परिवार ने मीडिया के माध्यम से आम जनता से मदद की अपील की है। संजय यादव ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को मुनचुन कहीं भी दिखे या उसके बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत मोबाइल नंबर *+91 9773765780* पर या नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें। परिवार की बस यही उम्मीद है कि उनका बेटा सुरक्षित वापस घर लौट आए।
यह मामला केवल एक परिवार की पीड़ा नहीं, बल्कि समाज की भी जिम्मेदारी है कि एक लापता किशोर को सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाने में सहयोग किया जाए। परिजनों ने पुलिस और प्रशासन से भी तेज और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है ताकि मुनचुन कुमार जल्द से जल्द अपने परिवार से मिल सके।


