Home Media प्रेम विवाह के बाद बवाल: घर में घुसकर मारपीट, आगजनी और डेढ़...

प्रेम विवाह के बाद बवाल: घर में घुसकर मारपीट, आगजनी और डेढ़ लाख की लूट का आरोप, नवविवाहित जोड़े ने मांगी सुरक्षा

0

वैशाली। बिहार के वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के गोखुलपुर गांव में प्रेम विवाह के बाद दो परिवारों के बीच विवाद गहरा गया है। नवविवाहित प्रीति कुमारी और विकास कुमार ने अपनी मर्जी से विवाह करने का दावा करते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं, विकास कुमार की मां सुदामा देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि विवाह से नाराज लोगों ने उनके घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़, आगजनी और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है।

प्रीति कुमारी का कहना है कि वह बालिग हैं और अपनी इच्छा से गांव के ही रहने वाले विकास कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर चुकी हैं। विवाह के समर्थन में उन्होंने शपथ-पत्र भी तैयार कराया है। उनका कहना है कि वह अपने पति के साथ खुशहाल जीवन जीना चाहती हैं, लेकिन उनके मायके पक्ष की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा है कि उन्हें वापस भेजा जाए। प्रीति का आरोप है कि इस कारण उनके पति और ससुराल पक्ष को भी लगातार परेशान किया जा रहा है तथा उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है।

दूसरी ओर, विकास कुमार की मां सुदामा देवी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जबरन उनके घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि उनकी सास पुनिया देवी के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें इलाज के लिए ले जाना पड़ा। सुदामा देवी का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने घर में आग लगाने का प्रयास किया, घरेलू सामान में तोड़फोड़ की और घर में रखा करीब डेढ़ लाख रुपये नकद तथा मांगटीका, कान के आभूषण, गले के जेवर सहित अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

परिजनों का कहना है कि घटना के दौरान घर में मौजूद बच्चों के साथ भी मारपीट की गई, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। उनका आरोप है कि घटना के बाद भी लगातार धमकियां दी जा रही हैं और समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा पूरे परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में दूसरे पक्ष और पुलिस का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है। यदि उनका पक्ष प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

#VaishaliNews #Bidupur #BreakingNews #LoveMarriage #FamilyDispute #CrimeNews #BiharNews #PritiKumari #VikasKumar #SudamaDevi #HomeAttack #LootCase #FireIncident #GroundReport #ExclusiveNews #HindiNews #SpecialReport #KanchanReport #JusticeForFamily #LatestUpdate

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version