Monday, July 13, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeEntertainmentदिग्गज संगीतकार प्यारेलाल की पत्नी सुनीला शर्मा का निधन, 78 वर्ष की...

दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल की पत्नी सुनीला शर्मा का निधन, 78 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, दर्द में परिवार

दिग्गज संगीतकार प्यारेलाल शर्मा की पत्नी सुनीला शर्मा का निधन हो गया है। 78 साल की उम्र में सुनीला ने आखिरी सांस ली। परिवार ने उनके निधन की जानकारी साझा की है।
भारतीय सिनेमा के दिग्गज और सदाबहार संगीतकार प्यारेलाल की पत्नी सुनीला प्यारेलाल शर्मा का 12 जुलाई 2026 को निधन हो गया है। उन्होंने 78 वर्ष की आयु में इस दुनिया को अलविदा कहा। इस दुखद खबर की जानकारी परिवार की ओर से जारी एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी गई, जिसमें बताया गया कि उन्होंने अपने परिवार की मौजूदगी में शांति से अंतिम सांस ली। बॉलीवुड गायिका प्रियंका मित्रा ने परिवार का यह आधिकारिक बयान सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसके बाद से फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

परिवार ने दी भावुक श्रद्धांजलि
परिवार द्वारा साझा किए गए शोक संदेश में सुनीला शर्मा को उनके शालीन व्यवहार, करुणा और निस्वार्थ प्रेम के लिए याद किया गया। इसके साथ ही मुश्किल घड़ी में साथ देने वाले सभी शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया गया है। बयान में लिखा गया, ‘अत्यंत दुखी मन और असीम प्रेम के साथ हम अपनी प्यारी ‘अम्मा’ सुनीला प्यारेलाल शर्मा के निधन की सूचना दे रहे हैं, जिन्होंने 12 जुलाई 2026 को अपने परिवार के बीच रहते हुए स्वर्गलोक के लिए प्रस्थान किया। अम्मा का जीवन गरिमा, भक्ति और शांत इच्छाशक्ति की मिसाल था, वे उन सभी के लिए बिना किसी शर्त के प्यार का स्तंभ थीं जो उन्हें जानते थे। भले ही आज हमारे दिल भारी हैं, लेकिन हमें इस बात का संतोष है कि वे अब परम शांति में हैं।’ इस संदेश के अंत में शर्मा, नथानी, सिरुर और हलदीपुर परिवार ने सभी की प्रार्थनाओं के लिए आभार जताया है।
मुंबई में संपन्न होगा अंतिम संस्कार
सुनीला शर्मा के अंतिम संस्कार को लेकर भी परिवार ने जानकारी साझा की है। उनका अंतिम संस्कार आज यानी 13 जुलाई को मुंबई के सांताक्रुज स्थित दत्तात्रय रोड श्मशान घाट में किया जाएगा। इस दुखद घड़ी में प्यारेलाल और उनके परिवार को सांत्वना देने और सुनीला जी को अंतिम विदाई देने के लिए फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गज कलाकारों, गायकों और रिश्तेदारों के मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।

लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की जोड़ी ने रचा था संगीत का सुनहरा इतिहास
प्यारेलाल शर्मा भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे सम्मानित और चहेते संगीतकारों में से एक हैं। उन्होंने दिवंगत लक्ष्मीकांत शांताराम कुडालकर के साथ मिलकर ‘लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल’ की ऐतिहासिक जोड़ी बनाई थी, जिसने कई दशकों तक हिंदी सिनेमा के संगीत पर राज किया। इस जोड़ी ने बॉलीवुड को कई ऐसी कालजयी धुनें और सदाबहार गाने दिए जो आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं। उनके संगीत से सजी आइकॉनिक फिल्मों की लिस्ट में ‘बॉबी’, ‘कर्ज’, ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘सत्यम शिवम सुंदरम’, ‘हीरो’, ‘मिस्टर इंडिया’, ‘राम लखन’, ‘तेजाब’, ‘एक दूजे के लिए’ और ‘उत्सव’ जैसी सैकड़ों सुपरहिट फिल्में शामिल हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments