कटिहार
कटिहार जिले में एक महिला के बैंक खाते से 10 हजार रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि बिना उसकी जानकारी के उसके खाते से पैसे निकाल लिए गए। इस घटना के बाद महिला ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार चंचल कुमारी, पति सिकंदर पासवान, निवासी सिसिया थाना कोढ़ा जिला कटिहार ने थाना प्रभारी खाईयर थाना को लिखित आवेदन दिया है। आवेदन में उन्होंने बताया कि उनके बैंक खाते में जीविका की ओर से 10 हजार रुपये आए थे। जब वह पैसे निकालने के लिए बोराबारी स्थित बमबम की दुकान पर पहुंचीं तो उन्हें पता चला कि उनके खाते से पहले ही पैसे निकाले जा चुके हैं।
पीड़िता के अनुसार 13 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6 बजकर 10 मिनट पर उनके खाते से 5 हजार रुपये निकाले गए। इसके बाद उसी दिन शाम 6 बजकर 9 मिनट पर फिर 5 हजार रुपये निकाले गए। इस तरह कुल 10 हजार रुपये उनके खाते से निकाल लिए गए। महिला का कहना है कि उसने खुद पैसे नहीं निकाले और न ही किसी को इसके लिए अधिकृत किया था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद चंचल कुमारी ने तुरंत थाना प्रभारी को आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि यह उनके साथ बड़ा धोखाधड़ी का मामला है और उनके मेहनत के पैसे किसी ने फर्जी तरीके से निकाल लिए हैं।
इस घटना से इलाके में भी चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस मामले की जांच नहीं हुई तो इस तरह के साइबर और बैंकिंग फ्रॉड की घटनाएं बढ़ सकती हैं। फिलहाल पीड़िता पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठी है।


