मधेपुरा। आलमनगर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां पड़ोसियों ने एक महिला पर रास्ते में रोककर बेरहमी से हमला कर दिया। आरोप है कि महिला को जमीन पर पटककर मारपीट की गई, उसके जेवर छीन लिए गए और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद से पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है और परिवार में दहशत का माहौल है।
पीड़िता खुशबू कुमारी, जो सुनील कुमार की पत्नी हैं, गुरुवार 26 फरवरी 2026 को सुबह करीब 8:30 बजे गांव में सामान लेने जा रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी सोनू कुमार, उसकी पत्नी रूपा देवी और बहन काजल कुमारी ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने पहले विवाद किया और फिर अचानक खुशबू कुमारी के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया। इसके बाद आरोपियों ने उनके ऊपर बैठकर बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
पीड़िता के अनुसार, मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके कान से सोने का जेवर और पैर की पायल भी जबरन निकाल ली, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है। शोर सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब जाकर आरोपियों ने उन्हें छोड़ा, लेकिन जाते-जाते धमकी दी कि अगर मामले में शिकायत की गई तो गोली मरवाकर हत्या करवा देंगे।
परिजनों का कहना है कि खुशबू कुमारी अपने सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाती हैं, जिससे पड़ोसी नाराज थे और इसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के समय खुशबू कुमारी गांव में अकेली थीं, जबकि उनके पति सुनील कुमार बेंगलुरु में काम करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर सुनील कुमार ने फोन पर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार ने आलमनगर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपियों की धमकी के कारण पूरा परिवार डरा हुआ है और उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


