धौलपुर।
जिले के सैंपऊ थाना क्षेत्र से महिला उत्पीड़न और आर्थिक शोषण का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पीड़िता संगीता पत्नी रूपेश, निवासी चेतन, जिला धौलपुर ने आरोप लगाया है कि एक ओर जहां उससे शादी के नाम पर ₹5 लाख की रकम हड़प ली गई, वहीं दूसरी ओर 26 साल के वैवाहिक जीवन के बाद उसे पति और ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया।
पीड़िता के अनुसार वर्ष 2010 के दौरान उसकी जान-पहचान राजेन्द्र मीणा नामक व्यक्ति से हुई थी, जिसने अपनी बहन की शादी का हवाला देकर 26 जून 2025 को उससे ₹5 लाख रुपये उधार लिए। आरोपी ने शादी के बाद पूरी राशि लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन शादी संपन्न होने के बाद जब पीड़िता ने अपने पैसे मांगे तो उसने साफ इनकार कर दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए अपमानित किया।
संगीता ने बताया कि वह पिछले 26 वर्षों से विवाहित है और उसके चार बच्चे हैं। उसकी एक बेटी की शादी भी हो चुकी है। आरोप है कि लंबे समय से पति, ससुराल पक्ष और अन्य परिजन उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। करीब एक साल पहले मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता का कहना है कि ससुराल वालों ने उसकी जमीन, नकदी और अन्य जायज संपत्ति अपने कब्जे में ले ली, जिससे वह पूरी तरह बेसहारा हो गई। वर्तमान में वह किराए के कमरे में रह रही है और मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपना भरण-पोषण कर रही है।
संगीता ने भावुक होते हुए कहा, “मुझे किसी से कुछ नहीं चाहिए। बस मेरी जमीन और मेरा हक लौटा दिया जाए, ताकि मैं सम्मान और शांति के साथ अपना जीवन जी सकूं।”
पीड़िता ने जिला पुलिस अधीक्षक और प्रशासन से मांग की है कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए तथा उसे आर्थिक और संपत्ति संबंधी न्याय दिलाया जाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला समाज में महिलाओं के खिलाफ हो रहे आर्थिक शोषण, घरेलू हिंसा और भरोसे के नाम पर ठगी जैसी गंभीर सच्चाइयों को उजागर करता है।
—


