Home Madhy Pradesh उज्जैन में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव, 5 कोचों की खिड़कियों...

उज्जैन में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव, 5 कोचों की खिड़कियों के कांच फूटे; बाल-बाल बचे यात्री

0

एक के बाद एक लगातार हुए पथराव से पांच कोचों की खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक हुई इस पत्थरबाजी से कोच के भीतर बैठे यात्री बुरी तरह घबरा गए।मध्य प्रदेश के उज्जैन से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है। वंदे भारत ट्रेन पर उज्जैन रेलवे स्टेशन से 200 मीटर दूर गदा पुलिया के समीप पथराव हुआ। अज्ञात आरोपियों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके, जिससे पांच कोच की खिड़कियों के कांच फूट गए। गनीमत रही कि इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। रेल प्रशासन घटना के बाद सकते में आ गया।

उज्जैन में इस तरह वंदे भारत ट्रेन पर पथराव किए जाने की पहली बड़ी घटना है। बताया जा रहा है कि इटारसी और भोपाल होते हुए उज्जैन पहुंची वंदे भारत ट्रेन जब इंदौर जा रही थी, तभी सोमवार शाम करीब 7:30 बजे गदा पुलिया से नीलगंगा रेलवे ट्रैक के बीच पथराव हुआ। एक के बाद एक पांच कोच की खिड़की के कांच इससे क्षतिग्रस्त हो गए।ट्रेन को रोका नहीं गया
घटना के बाद जब ट्रेन उज्जैन रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो इस बारे में पुलिस को पता चला। हालांकि, ट्रेन रोकी नहीं गई, निर्धारित समय से वापस निकल गई। इस दौरान रेलवे पुलिस ने जिन कोचों में नुकसान हुआ, वहां पहुंच जांच की और यात्रियों से घटना की जानकारी ली। आरपीएफ उज्जैन ने घटना को लेकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए उनकी तलाश भी शुरू कर दी है।

ट्रेन में पथराव के दौरान उसमें बैठे यात्री बुरी तरह घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई। यात्री कुछ समझ नहीं पाए कि अचानक से एक के बाद एक कोच पर पथराव क्यों हो रहे हैं? सभी कोच के यात्री इस दौरान दहशत में आ गए। आरपीएफ थाना टीआई नरेंद्र यादव ने बताया कि किसी को भी चोट नहीं आई, लेकिन पांच कोच की खिड़कियों को नुकसान हुआ है। अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। कैमरे चेक कर आरोपियों के बारे में पता किया जा रहा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version